X
X

Fact Check: रायपुर में सड़क हादसे के बाद विदेशी युवती के हंगामे का वीडियो पुराना, मिल चुकी है जमानत

रायपुर में 6 फरवरी को कार ने स्कूटी सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने कार सवार विदेशी युवती और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया था। उस हादसे के वीडियो को अभी का बताकर शेयर किया जा रहा है।

chattisgarh, Raipur, vip road, russian girl accident, viral video,

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। रायपुर का बताकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवती को सड़क पर हंगामा करते हुए देखा जा सकता है। वहां पर पुलिसकर्मियों के अलावा कुछ अन्य लोग भी मौजूद हैं। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि रायपुर में देर रात रशियन युवती ने शराब के नशे में कार से स्कूटी सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि रायपुर में इस साल फरवरी में यह हादसा हुआ था। उस मामले में पुलिस ने विदेशी युवती और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया था। फिलहाल युवती को जमानत मिल गई है। इस हादसे के वीडियो को हाल का बताकर भ्रामक दावा किया जा रहा है।

वायरल पोस्ट

एक्स यूजर Preet Ahru ने 17 अप्रैल को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए इसे रायपुर में देर रात हुए हादसे का बताया।

फेसबुक यूजर FCN24News ने भी इस वीडियो को 18 अप्रैल को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

“रायपुर में देर रात रशियन युवती ने शराब के नशे में ऐक्टिवा सवार तीन यवको को मारी ज़ोरदार टक्कर,पुलिसकर्मियों से की झुमाझटाकी,जमकर मचा बवाल, तीनों युवक गंभीर रूप से घायल”

पड़ताल

एक्स यूजर Preet Ahru की पोस्ट के जवाब में यूजर @CGVOICE00777 ने इस घटना को पुरानी बताया है। इसमें यह भी जानकारी दी गई कि युवती उज्बेकिस्तान की है और उसको 16 अप्रैल को जमानत भी मिल गई है।

इस बारे में कीवर्ड से सर्च करने पर हमें 6 फरवरी 2025 को नईदुनिया की वेबसाइट पर इससे संबंधित खबर मिली। इसमें घटना की तस्वीरों को भी देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, “रायपुर की वीआईपी रोड पर आधी रात को तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। तीनों घायलों को मेकाहारा अस्पताल में भर्ती किया गया। कार में सवार युवक और रशियन युवती नशे में थे। हादसे के बाद युवती ने हंगामा किया। युवक और युवती को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।”

पत्रिका की वेबसाइट पर 7 फरवरी को इस घटना की खबर छपी हुई है। इसके मुताबिक, “तीन युवक ललित चंदेल, नीलकमल साहू, अरुण विश्वकर्मा एक्टिवा पर होटल से वापस आ रहे थे। इस दौरान सामने से आ रही कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। कार में डीआरआई के डीपीओ और उज्बेकिस्तान की युवती सवार थे। तेलीबांधा पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।”

16 अप्रैल को दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर छपी खबर में लिखा है, “6 फरवरी की रात को वीआईपी रोड पर हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। हादसे के बाद पुलिस ने विदेशी युवती और उसके दोस्त सरकारी वकील को गिरफ्तार कर लिया था। युवक की मौत के बाद उन पर गैर इरादतन हत्या की धारा भी जोड़ी गई थी। इस मामले में विदेशी युवती को जमानत मिल गई है। वह जेल से बाहर आ गई है। हालांकि, उसे देश से बाहर जाने की इजाजत नहीं है। वहीं, युवती के वकील का कहना है कि युवती को ड्राइविंग नहीं आती है।”

इस बारे में हमने नईदुनिया रायपुर के एडिटोरियल हेड सतीश श्रीवास्तव से संपर्क किया। उनका कहना है कि यह हादसा फरवरी में हुआ था। इस मामले में विदेशी युवती को अभी जमानत मिली है, जबकि युवक को पहले जमानत मिल गई थी।

वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक राजनीतिक दल से जुड़े यूजर के करीब 20 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: रायपुर में 6 फरवरी को कार ने स्कूटी सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने कार सवार विदेशी युवती और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया था। उस हादसे के वीडियो को अभी का बताकर शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : रायपुर में देर रात रशियन युवती ने शराब के नशे में कार से स्कूटी सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी।
  • Claimed By : X User- Preet Ahru
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later