Fact Check: यूपी में रसोई में बर्तन पर पेशाब छिड़कने की घटना को सांप्रदायिक दावे के साथ किया जा रहा वायरल
विश्वास न्यूज ने पाया कि यह सांप्रदायिक दावा पूरी तरह से फर्जी। उत्तरप्रदेश के बिजनौर में सामने आये इस मामले में कोई हिन्दू-मुस्लिम एंगल नहीं है।
- By: Umam Noor
- Published: Aug 29, 2025 at 05:58 PM
- Updated: Aug 29, 2025 at 07:02 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यज)। सोशल मीडिया पर एक महिला का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर करते यूजर सांप्रदायिक दावा कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक घर में काम करने वाली मुस्लिम नौकरानी ने किचन में बर्तन में पेशाब किया है।
विश्वास न्यूज ने पाया कि यह सांप्रदायिक दावा पूरी तरह से फर्जी। उत्तरप्रदेश के बिजनौर में सामने आये इस मामले में कोई हिन्दू-मुस्लिम एंगल नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “पेशाब वाली कामवाली शकीना. शकीना को रसोई में घुसाओ मूत वाला खुशबूदार खाना खाओ… मामला बिजनौर का है जहाँ एक हिन्दू व्यापारी के घर शकीना पिछले कई वर्षों से खाना बना रही थी कुछ शक होने पर घरवालों ने एक कैमरा छुपा कर रख दिया फिर जो देखा गया वो आपके सामने है। थू है, इस मज़हबी गंदगी पे
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें दैनिक जागरण की वेबसाइट पर इस मामले से जुड़ी खबर मिली। 21 अगस्त 2025 की खबर के अनुसार, “बिजनौर में एक महिला सहायिका ने एक घर में पहले तो बर्तन साफ किया लेकिन बाद में एक गिलास में पेशाब कर सभी बर्तनों व रसोई में छिड़क दिया।”
इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें भास्कर डॉट कॉम पर इस मामले से जुड़ी खबर मिली। 22 अगस्त की खबर में बताया गया, “बिजनौर में सर्राफा कारोबारी के घर पर काम करने वाली मेड ने गिलास में पेशाब किया और फिर पूरे बर्तनों पर छिड़क दिया। कारोबारी के मुताबिक, महिला काम करते वक्त किसी को किचन में नहीं जाने देती थी। इस पर उन्हें शक हो गया। उन्होंने किचन के सामने हिडन कैमरा लगवा दिया। 20 अगस्त को मेड की गंदी करतूत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।”

वहीं, इस खबर में हमें आरोपी महिला की पहचान समन्त्रा के तौर पर हुई और पति का नाम जगदीश है। खबर में बताया गया, “सर्राफा कारोबारी सत्यम मित्तल शाह जहीर मोहल्ले में परिवार के साथ रहते हैं। यहीं की रहने वाली समन्त्रा पत्नी- जगदीश उनके घर में मेड का काम करती थी। सत्यम के मुताबिक, 10 साल से मेड उनके घर में काम करने आ रही थीं।”
22 अगस्त की इस मामले पर जनसत्ता की खबर में बताया गया, आरोपी महिला सामन्त्रा के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई की है।
वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए हमने बिजनौर, नगीना के सीओ अंजनी कुमार चतुर्वेदी से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा, “इस मामले में कोई भी हिन्दू- मुस्लिम एंगल नहीं था, दोनों एक ही पक्ष के थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया था, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।”
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर प्रियव्रत पुष्कर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को 2 हजार तीन सौ से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। वहीं, इस प्रोफाइल से विचारधारा विशेष से प्रेरित पोस्ट शेयर की जाती है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने पाया कि यह सांप्रदायिक दावा पूरी तरह से फर्जी। उत्तरप्रदेश के बिजनौर में सामने आये इस मामले में कोई हिन्दू-मुस्लिम एंगल नहीं है।
- Claim Review : बिजनौर में एक घर में काम करने वाली मुस्लिम नौकरानी ने किचन में बर्तन में पेशाब किया है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर प्रियव्रत पुष्कर
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












