X
X

Fact Check: बाइक सवार को हादसे से बचाता इस अनोखा एयरबैग वाले हेलमेट का वीडियो AI निर्मित

एयरबैग वाले अनोखे हेलमेट का वायरल हो रहा वीडियो फर्जी है। असल में वीडियो को एआई टूल्स की मदद से बनाया गया है। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर अनोखे एयरबैग वाले हेलमेट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स बाइक चलाकर सामने से आ रहा है और तभी वह नीचे गिर जाता है। चालक के नीचे गिरते ही उसके हेलमेट से एयरबैग खुल जाता है और उसे हादसे से बचा लेता है। इस वीडियो को यूजर्स सच मानकर शेयर कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि राइडर की सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए चीन की एक कंपनी ने यह हेलमेट बनाया है। 

विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल हो रहा यह वीडियो फर्जी साबित हुआ। असल में वीडियो को एआई टूल्स की मदद से बनाया गया है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक पेज ‘Jharkhand News Live’ ने 16 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “चीन ने पेश किए एयरबैग वाले हेलमेट! यह नई टेक्नोलॉजी हादसों में सुरक्षा का तरीका बदल सकती है!।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

विश्वास न्यूज ने वायरल वीड‍ियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल क‍िया। संबंधित कीवर्ड बनाकर सर्च करने पर हमें ऐसी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं म‍िली, जो वायरल दावे को सच साबित कर सके। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।

वायरल वीडियो के एआई-निर्मित होने की पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। डीएयू की एनालिसिस के अनुसार, ‘Deploy’ टूल ने वीडियो के 87 फीसदी तक एआई-निर्मित होने के संकेत दिए।

डीएयू ने वायरल वीडियो को जांचने के लिए ‘NVIDIA’ टूल को यूज क‍िया। इस टूल ने भी वायरल वीड‍ियो के एआई से बने होने के संकेत दिए।

डीएयू ने तीसरे टूल ‘साइटइंजन’ की मदद से वीडियो के कीफ्रेम को सर्च किया। इस टूल ने कीफ्रेम के करीब 100 फीसदी तक एआई से बने होने की संभावनाएं जताईं। 

डीएयू ने अपने एनालिसिस में यह भी बताया कि बाइक सवार की रिकॉर्डिंग कर रहे लोगों के फोन की स्क्रीन पर रिकॉर्ड हो रहा नजारा और पीछे का दृश्य आपस में मेल नहीं खाते हैं। वीडियो में दिखने वाले पेड़ मोबाइल के कैमरे में काफी अटपटे और पतले नजर आते हैं। 

क्या है संदर्भ?

सोशल मीडिया पर एआई-निर्मित वीडियो को सच मानकर अक्सर कई यूजर्स शेयर करना शुरू कर देते हैं। हाल ही में भगवान राम की मूर्ति को माला पहनाते एक बंदर का एआई वीडियो काफी वायरल हुआ था। यूजर्स उसे भी सच मानकर शेयर कर रहे थे। विश्वास न्यूज ने बंदर वाले वीडियो की पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। रिपोर्ट को यहां लिंक पर क्लिक कर पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक पेज के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि दो लाख से अधिक लोग इस पेज को फॉलो करते हैं। इसे झारखंड से संचालित किया जाता है। यह फेसबुक पेज 6 अप्रैल 2020 से सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि एयरबैग वाले अनोखे हेलमेट का वायरल हो रहा वीडियो फर्जी है। असल में वीडियो को एआई टूल्स की मदद से बनाया गया है। 

  • Claim Review : बाइक सवार की सुरक्षा के लिए चीन की कंपनी ने बनाया अनोखा एयरबैग वाला हेलमेट।
  • Claimed By : FB User Jharkhand News Live
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later