X
X

Fact Check: उफनते नाले को पार करते बच्चों का यह वीडियो साल 2023 का है, भ्रामक दावा वायरल

विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि उफनते नाले को पार कर स्कूल जाते बच्चों का यह वीडियो हालिया नहीं है। असल में यह वीडियो साल 2023 का बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील के उच्च हिमालयी गांव बदियाकोट का है। जब बच्चे गधेरे को पार कर स्कूल जा रहे थे। उसी वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है। वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Jul 7, 2025 at 05:28 PM
  • Updated: Aug 22, 2025 at 06:31 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ बच्चों को पानी के तेज बहाव वाले नाले को पार करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो हालिया है, जहां बच्चों को जान जोखिम में डालकर स्कूल ऐसे जाना पड़ रहा है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो साल 2023 का है। कई न्यूज रिपोर्ट्स से पता चला कि  यह वीडियो बागेश्वर जिले के एक गांव का है, जहां बारिश के उफनते नाले को पार कर बच्चे स्कूल जा रहे थे। उसी वीडियो को कुछ लोग हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक पेज देवभूमि उत्तराखंड ने 3 जुलाई 2025 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए कैप्शन लिखा है, “निःशब्द जब हम छोटे थे, तब हमारे बुज़ुर्ग कहा करते थे —“हम तो उफनती नदियाँ पार करके विद्यालय जाया करते थे…” आज 2025 में भी जब इन मासूम बच्चों को उसी तरह जान जोखिम में डालकर नदी पार करते देखते हैं, तो हृदय व्यथित हो उठता है। वर्ष बदले, सरकारें बदलीं — पर हालात ज्यों के त्यों हैं। जो लोग आज “जनसंख्या परिवर्तन” का ढोल पीटते हैं, क्या उन्होंने कभी इस राज्य की मूल जनसंख्या के उन बच्चों के लिए कुछ किया, जो आज भी शिक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं? इस अन्याय का भी लेखा-जोखा होगा… और निश्चित ही होगा।#uttarakhand”

पड़ताल  

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट दैनिक जागरण की वेबसाइट पर मिली। खबर को 20 जुलाई 2023 को प्रकाशित किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार,”उत्तराखंड में भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और इसी उफनते नदी-नाले के बीच से बच्चे स्कूल जाने के लिए मजबूर हैं। वायरल वीडियो सांसद आदर्श गांव सूपी का है,जहां कुछ बच्चों का गधेरे को पार कर स्कूल जाने का वीडियो वायरल हुआ था।”

सर्च के दौरान हमें JAI BHARAT TV नाम के एक यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो मिला। 20 जुलाई 2023 को अपलोड वीडियो में बताया गया,” यह वीडियो बागेश्वर के कपकोट स्थित सूपी गांव का है । भारी बारिश के बाद गांव के रास्ते,सड़कें बह चुकी थी। उसी समय उफनते नाले को पार कर स्कूल जाते बच्चों का वीडियो वायरल हुआ था।”

वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट newsbytesapp.com की वेबसाइट पर मिली। खबर को 20 जुलाई 2023 को प्रकाशित किया गया है। खबर में इस वीडियो को पुराना बताया गया है।

वीडियो से जुड़ी अन्य रिपोर्ट को यहां पढ़ें।

वीडियो को हमने इस खबर को कवर करने वाले दैनिक जागरण बागेश्वर के ब्यूरो चीफ घनश्याम जोशी के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया,”यह वीडियो पुराना है। यह कपकोट तहसील के उच्च हिमालयी गांव बदियाकोट का है। जहां बच्चे गधेरे को पार कर स्कूल जा रहे थे। वीडियो अभी का नहीं है। पैदल पुल बन गए हैं, लेकिन शॉर्टकट में कुछ बच्चे अभी भी गधेरो से होकर निकल जाते हैं।”

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित है। यूजर ने स्वयं को डिजिटल क्रिएटर बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि उफनते नाले को पार कर स्कूल जाते बच्चों का यह वीडियो हालिया नहीं है। असल में यह वीडियो साल 2023 का बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील के उच्च हिमालयी गांव बदियाकोट का है। जब बच्चे गधेरे को पार कर स्कूल जा रहे थे। उसी वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है। वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।

  • Claim Review : उफनते नाले को पार करते बच्चों का यह वीडियो हालिया है।
  • Claimed By : FB User-देवभूमि उत्तराखंड
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later