X
X

Fact Check :  गोंडा में सड़क दुर्घटना में मारे गए लोगों की तस्वीर को उत्तरकाशी आपदा से जोड़कर किया जा रहा है वायरल

विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को गलत पाया। सोशल मीडिया पर वायरल शवों की यह तस्वीर गोंडा में 3 अगस्त 2025 को हुई दुर्घटना की है, जिसे अब कुछ लोगों द्वारा उत्तरकाशी के धराली में 5 अगस्त को बादल फटने से आई आपदा का बताकर शेयर किया जा रहा है। इस फोटो का उत्तरकाशी आपदा से कोई संबंध नहीं है। 

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Aug 7, 2025 at 02:09 PM
  • Updated: Aug 22, 2025 at 06:31 PM

नई दिल्ली (विश्‍वास न्‍यूज)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में मंगलवार 5 अगस्त को बादल फटने से बहुत तबाही हुई है। बादल फटने के कारण खीरगंगा नदी में सैलाब आ गया और इस सैलाब में कई होटल, घर और होम स्टे बह गए। इस बाढ़ में धराली का मुख्य बाजार पूरी तरह तबाह हो गया है और कई लोग लापता हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें बहुत-से शवों को देखा जा सकता है। अब कुछ यूजर्स पोस्ट को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने के बाद मारे गए लोगों की फोटो है।

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल दावे को गलत पाया। असल में यह तस्वीर अगस्त 2025 में गोंडा में हुई सड़क दुर्घटना की है, जब मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सरयू नहर में गिर गई थी। उसी तस्वीर को अब उत्तरकाशी में आई आपदा से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल

फेसबुक यूजर राजपूत विवेक सिंह ठकराल ने 5 अगस्त को पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा,”उत्तराखंड उत्तरकाशी धराली में बादल फटने से काफी लोगों की दर्दनाक मौत भगवान इनकी आत्मा को शांति दे ओर सबसे अपील है कि बारिश में ध्यान रखना भाइयों अलर्ट रहना ,ओम शांति शांति #uttarakhand #uttarakashi”

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस फोटो को समान दावे के साथ शेयर किया है। वायरल पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

पड़ताल

वायरल तस्वीर की पड़ताल के लिए हमने गूगल लेंस का इस्तेमाल किया। हमें अज्ञातबंधु नाम के वेरिफाइड एक्स हैंडल पर फोटो मिली। 3 अगस्त 2025 को शेयर पोस्ट में इस घटना को “उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की बताया गया है। जहां एक तेज रफ्तार बोलेरो नहर में पलट जाने से कम से कम 11 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई।”

https://twitter.com/Agayatbandhu711/status/1952004151858143605

सर्च के दौरान हमें तस्वीर से जुड़ी खबर ‘ग्लोबल खबर’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिली। 4 अगस्त 2025 को अपलोड वीडियो में इसे गोंडा में हुए हादसे का बताया गया है।

तस्वीर को कई फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब चैनल ने भी शेयर किया है और इसे गोंडा का बताया गया है।

हमें वायरल दावे को खंडन करती हुई Uttarkashi Police Uttarakhand की एक पोस्ट मिली। 6 अगस्त 2025 को की गई पोस्ट में बताया गया,”सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा गोंडा की खबर को उत्तरकाशी, धराली आपदा से जोड़ा जा रहा है। उक्त तस्वीर का धराली आपदा से कोई संबंध नहीं हैं।”

हमें इस हादसे से जुड़ी रिपोर्ट दैनिक जागरण डॉट कॉम की वेबसाइट पर मिली। 4 अगस्त 2025 को प्रकशित खबर में बताया गया,”पृथ्वीनाथ मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो के रविवार को अनियंत्रित होकर सरयू नहर में पलटने से मरने वालों की संख्या अब 12 हो गई है। वाहन में सवार 11 लोगों के शव रविवार को ही मिल गए थे, जिनमें एक ही परिवार के नौ लोग थे। लापता किशोरी का शव सोमवार को मिला। वह भी ‍उसी परिवार की है। मृतकों में अब एक ही परिवार के दस लोग हो गए हैं। बोलेरो में बच्चों सहित 16 लोग सवार थे, इनमें चार को कल ही सुरक्षित निकाल लिया गया था।”

हमने पोस्ट को हमारे सहयोगी गोंडा जिले के प्रभारी रमन मिश्रा के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया कि यह फोटो गोंडा में हुए हादसे की है।

उत्तरकाशी आपदा

न्यूज 18 की वेबसाइट पर 7 अगस्त 2025 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”उत्तराखंड के उत्तरकाशी के धराली गांव में आई आपदा के बाद सरकार द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन को तीन दिन हो गए हैं, जिसमें अभी तक 400 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। तबाही से अभी तक 6 लोगों की मौत हो गई है और लापता लोगों को ढूंढने का कार्य जारी है।”

newsonair.gov.in/ की वेबसाइट पर 7 अगस्त 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया,”धराली में हुई इस विनाशकारी आपदा में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 50 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में ग्यारह सैन्यकर्मी भी शामिल हैं।”

अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 1 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को सोलन का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को गलत पाया। सोशल मीडिया पर वायरल शवों की यह तस्वीर गोंडा में 3 अगस्त 2025 को हुई दुर्घटना की है, जिसे अब कुछ लोगों द्वारा उत्तरकाशी के धराली में 5 अगस्त को बादल फटने से आई आपदा का बताकर शेयर किया जा रहा है। इस फोटो का उत्तरकाशी आपदा से कोई संबंध नहीं है। 

  • Claim Review : यह उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने के बाद में मारे गए लोगों की फोटो है।
  • Claimed By : FB User-राजपूत विवेक सिंह ठकराल
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later