Fact Check: कुवैती गायक के वंदे मातरम् गाने का वीडियो दुबई प्रिंस के नाम पर वायरल
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दुबई प्रिंस से जुड़ा दावा फर्जी है। यह कुवैत का वीडियो है, जब दिसंबर 2024 में पीएम मोदी ने कुवैत का दौरा किया था। वहीं, इस वीडियो में कुवैती सिंगर मुबारक अल- रशीद हैं। रशीद ने ‘हाला मोदी’ कार्यक्रम में सारे जहां से अच्छा और वंदे मातरम् गाया था।
- By: Umam Noor
- Published: Feb 4, 2025 at 05:17 PM
- Updated: Feb 4, 2025 at 05:27 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति को अरबी पोशाक में देखा जा सकता है। वहीं, इस व्यक्ति को किसी हॉल में वंदे मातरम् गाते हुए भी सुन सकते हैं। वीडियो को धर्म विशेष पर निशाना साधते हुए शेयर कर यूजर दावा कर रहे हैं कि यह दुबई के प्रिंस का वीडियो है, जो वंदे मातरम् गा रहे हैं।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दुबई प्रिंस से जुड़ा दावा फर्जी है। यह कुवैत का वीडियो है, जब दिसंबर 2024 में पीएम मोदी ने कुवैत का दौरा किया था। वहीं, इस वीडियो में कुवैती सिंगर मुबारक अल- रशीद हैं। रशीद ने ‘हाला मोदी’ कार्यक्रम में सारे जहां से अच्छा और वंदे मातरम् गाया था।
क्या है वायरल पोस्ट में?
इंस्टाग्राम यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर किया, जिसपर ‘दुबई प्रिंस’ के साथ साथ लिखा था, “वंदे मातरम बोलने पर सिर्फ हिंदुस्तान में ही दिक्कत होती है बाकी इनके अब्बू कितनी खुशी खुशी बोलते है देखलो। कट्टर हिंदू हो तो शेयर जरूर करें और page को फॉलो करें जय श्री राम।
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में हमें ‘हाला मोदी’ इंग्लिश और अरबी में लिखा हुआ नजर आया। वहीं, पीएम मोदी की तस्वीर भी लगी हुई दिखी। इसी बुनियाद से अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए वीडियो के कीफ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिये कीवर्ड की मदद से सर्च किया। सर्च किये जाने पर हमें यह वीडियो एक फेसबुक पेज पर अपलोड हुआ मिला। यहां वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, यह कुवैती गायक मुबारक अल- रशीद हैं।
वायरल वीडियो हमें हैदराबाद 24X7 न्यूज़ नाम के फेसबुक पेज पर भी 25 दिसंबर 2024 को अपलोड हुआ मिला। वीडियो में बताया गया, यह कुवैती सिंगर मुबारक अल- रशीद हैं, जिन्होंने ‘हाला मोदी’ में ‘सारे जहां से अच्छा’ और ‘वंदे मातरम्’ गाया था।

मुबारक अल रशीद के बारे में सर्च किये जाने पर हमें इसी नाम का एक इंस्टाग्राम हैंडल मिला। इस हैंडल पर वायरल वीडियो का एक वर्जन अपलोड किया हुआ मिला। वहीं, पोस्ट के साथ दिए कैप्शन के मुताबिक, ‘मुझे बहुत ख़ुशी हुई कि अपने देश कुवैत का प्रतिनिधित्व किया और भारतीय प्रधानमंत्री की कुवैत यात्रा का हिस्सा बना।
न्यूज़ सर्च किए जाने पर हमें इससे जुड़ी खबर अमर उजाला की वेबसाइट पर मिली। 25 दिसंबर 2025 की खबर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय कुवैत दौरे पर हैं। वह कुवैत के शेख साद अल अब्दुल्ला इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सामुदायिक कार्यक्रम ‘हाला मोदी’ में शामिल हुए, जहां कुवैती गायक ने देशभक्तिपूर्ण भारतीय गीत प्रस्तुत किया।
इससे जुड़ा वीडियो एएनआई के एक्स हैंडल पर 21 दिसंबर 2024 को अपलोड हुआ मिला। यहां भी दी गई जानकारी के मुताबिक, ‘हाला मोदी’ कार्यक्रम में गाने गाने वाले व्यक्ति कुवैती सिंगर मुबारक अल रशीद हैं।
मनी कंट्रोल के यूट्यूब चैनल पर एएनआई के सौजन्य से हमें मुबारक अल रशीद का एक वीडियो मिला। जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उन्होंने ही इस कार्यक्रम में सारे जहां से अच्छा और वंदे मातरम् गाया था।
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने कुवैत के पत्रकार मालिक बाकिर असद से संपर्क साधा और उन्होंने भी पुष्टि देते हुए बताया कि वीडियो में दुबई के प्रिंस नहीं हैं, बल्कि कुवैत के गायक मुबारक अल रशीद हैं।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर ‘kattar_hindu_balak_’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को एक लाख 10 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दुबई प्रिंस से जुड़ा दावा फर्जी है। यह कुवैत का वीडियो है, जब दिसंबर 2024 में पीएम मोदी ने कुवैत का दौरा किया था। वहीं, इस वीडियो में कुवैती सिंगर मुबारक अल- रशीद हैं। रशीद ने ‘हाला मोदी’ कार्यक्रम में सारे जहां से अच्छा और वंदे मातरम् गाया था।
- Claim Review : यह दुबई के प्रिंस का वीडियो है, जो वंदे मातरम् गा रहे हैं।
- Claimed By : Instagram User- kattar_hindu_balak
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












