X
X

Fact Check: काबुल के चीनी रेस्टोरेंट पर हुए हालिया हमले का नहीं यह वीडियो, पुरानी क्लिप वायरल

विश्वास न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो हाल की घटना का नहीं है। यह वीडियो कई साल से सोशल मीडिया पर अफगानिस्तान के ही हवाले से मौजूद है। हालांकि, इस वीडियो का काबुल के चीनी रेस्टोरेंट पर हुए हालिया धमाके से कोई संबंध नहीं है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Jan 23, 2026 at 04:34 PM
  • Updated: Jan 23, 2026 at 04:53 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अफगानिस्‍तान की राजधानी काबुल के शहर-ए-नव इलाके में 19 जनवरी 2026 को चीनी रेस्टोरेंट में एक धमाका हुआ है, जिसमें सात लोगों के मारे जाने की खबर है। इसी बीच सोशल मीडिया के अलावा न्यूज 18 और टाइम्स नाउ जैसे न्‍यूज चैनलों ने भी पुराने वीडियो का इस्‍तेमाल करते हुए इसे हालिया विस्‍फोट का फुटेज बताया। 

वायरल वीडियो में देख सकते हैं कि एक गाड़ी गुजरती है और तभी धमाका हो जाता है। पोस्ट को शेयर करते हुए यह दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो हालिया रोज काबुल के एक चीनी रेस्टोरेंट में हुए धमाके का है।  

विश्वास न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो हाल की घटना का नहीं है। यह वीडियो कई साल से सोशल मीडिया पर अफगानिस्तान के ही हवाले से मौजूद है। हालांकि, इस वीडियो का काबुल के चीनी रेस्टोरेंट पर हुए हालिया धमाके से कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर ‘सूचना सूत्र’ ने 21 जनवरी 2026 को वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा: “काबुल के शाहर-ए-नव इलाके में 19 जनवरी को एक चीनी रेस्टोरेंट के पास भीषण IED धमाका हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक हमला उस वाहन को निशाना बनाने के लिए किया गया था, जिसमें चीनी अधिकारी सवार थे। शुरुआती संकेतों में तालिबान के भीतर गुटीय प्रतिद्वंद्विता की आशंका भी जताई जा रही है। घटना ने अफगानिस्तान में सुरक्षा हालात और चीन से जुड़े हितों को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं। जांच जारी है।”

पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल के लिए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के फ्रेम्स को गूगल लेंस के जरिए सर्च। सर्च में हमें यह वीडियो न्यूज 18 और टाइम्स नाउ के यूट्यूब चैनल पर 19 जनवरी 2026 को अपलोड किया मिला, यहां वीडियो को हालिया धमाके के ही हवाले से पोस्ट किया गया है। आर्काइव वर्जन यहां और यहां देखें। 

की-वर्ड की मदद से हमने अपनी पडताल को आगे बढ़ाया। सर्च किए जाने पर हमें कई फेसबुक अकाउंट्स पर 2020 में अपलोड किया हुआ मिला। 10 सितंबर 2020 को फेसबुक यूजर ‘Shakib Sherzai’ ने वायरल वीडियो को अपलोड किया है। यहां कैप्शन में तालिबान हमले का जिक्र किया गया है।

इसी तरह सर्च करने पर हमें यह वीडियो सितंबर 2020 को फेसबुक यूजर ‘हशमत मुरादी‘ के पेज ‘पाएगा खबरी वजीराबाद’ पर मिला। यहां भी वीडियो अफ़ग़ानिस्तान और तालिबान के हवाले से पोस्ट किया गया है।

इसी कड़ी में सर्च करने  पर हमें यह वीडियो इंटरनेट आर्काइव की वेबसाइट पर 2015 में अपलोड एक वीडियो मिला, जिसमें कई धमाकों के क्लिप हैं। वायरल वीडियो का क्लिप इस वीडियो में 15:13 से 16:26 मिनट तक देखा जा सकता है। वीडियो की शुरुआत में ‘Cultural Affairs Commission’ और ‘Audiovisual Department’ का लोगो दिखाई देता है। अंत में एक टेक्स्ट भी है, जो अफगानों को संबोधित करता है।

नीचे दिए गए कोलाज में समानता देखी जा सकती है।

बीबीसी की खबर के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को काबुल के शाहर-ए-नव इलाके में हुए धमाके में सात लोग मारे गए। घटना एक चीनी रेस्तरां के पास हुई। वहीं, चीनी विदेश मंत्रालय ने इस हमले की निंदा करते हुए तालिबान से अपने नागरिकों को सुरक्षित बनाए रखने के लिए कदम उठाने की मांग की है।

अल-जजीरा की 20 जनवरी की खबर में बताया गया, अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के शांत माने जाने वाले शाहर‑ए‑नव इलाके में 19 जनवरी को हुए विस्फोट में एक चीनी नागरिक सहित कम से कम सात लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIL) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है और बयान में कहा कि यह “चीनी शासन द्वारा उइगुरों के खिलाफ अपराधों” के विरोध में किया गया, जबकि स्थानीय अधिकारियों ने इसे आत्मघाती विस्फोट बताया।

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने अफगानिस्तान के पत्रकार जावेद तनवीर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “यह वीडियो कई साल पुराना है, हालिया हमले से इस वीडियो का कोई संबंध नहीं है।”

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘सूचना सूत्र’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर के तीन एफबी फ्रेंड्स हैं। वहीं, इस प्रोफाइल से विचारधारा प्रेरित पोस्ट शेयर की जाती है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो हाल की घटना का नहीं है। यह वीडियो कई साल से सोशल मीडिया पर अफगानिस्तान के ही हवाले से मौजूद है। हालांकि, इस वीडियो का काबुल के चीनी रेस्टोरेंट पर हुए हालिया धमाके से कोई संबंध नहीं है।

  • Claim Review : यह वीडियो 19 जनवरी को चीनी रेस्टुरेंट में हुए धमाके का है।  
  • Claimed By : फेसबुक यूजर 'सूचना सूत्र'
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later