Fact Check: ईरान की यूनिवर्सिटी में छात्रा के विरोध का 2024 का वीडियो भ्रामक दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो नवंबर 2024 का है, जब ईरान में एक यूनिवर्सिटी की छात्रा ने प्रोटेस्ट के तौर पर बेहद कम कपड़े पहने थे। पुराने वीडियो को हालिया प्रदर्शनों से जोड़ते हुए वायरल किया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Feb 4, 2026 at 06:01 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ईरान में हो रहे सत्ता विरोधी प्रदर्शनों के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला को ईरान की ड्रेस कोड से अलग कपड़े पहने हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर करते हुए कई यूजर दावा कर रहे हैं कि यह हाल ही में हुए सत्ता विरोधी प्रदर्शनों का वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो नवंबर 2024 का है, जब ईरान में एक यूनिवर्सिटी की छात्रा ने प्रोटेस्ट के तौर पर बेहद कम कपड़े पहने थे। इस पुराने वीडियो को हालिया प्रदर्शनों से जोड़ते हुए अब वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ‘आएगा तो मोदी ही- Team Namo’ ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “ईरान (पारस देश) मे बुर्के का हो रहा खुलेआम बहिष्कार। क्या कहेंगे आप बदलते ईरान के इस माहौल क़ो?”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिये वायरल वीडियो के कीफ्रेम को सर्च किया। सर्च में हमें यह वीडियो कई न्यूज वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड किया हुआ मिला। टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 4 नवंबर 2024 को छपी खबर में बताया गया, तेहरान की इस्लामिक आजाद यूनिवर्सिटी में एक छात्रा को हिजाब न पहनने की वजह से यूनिवर्सिटी की सुरक्षा टीम ने रोका था, जिसके बाद छात्रा ने विरोध में यह कदम उठाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और ‘ईरान वायर डॉट कॉम’ नाम की वेबसाइट पर भी इस वीडियो से जुड़ी खबर हमें मिली। 4 नवंबर 2024 की खबर के अनुसार, तेहरान की इस्लामिक आजाद यूनिवर्सिटी के साइंस एंड रिसर्च कैंपस में एक छात्रा ने कथित तौर पर सुरक्षा कर्मियों द्वारा हिजाब न पहनने पर परेशान किए जाने के बाद, विरोध में अपने कपड़े उतार दिए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह छात्रा अंडरगारमेंट्स में कैंपस के पास दिखाई देती है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, बाद में सुरक्षा एजेंट लड़की को जबरन कार में बैठाकर ले गए और उसके घायल होने की भी बात सामने आई। सरकारी सूत्रों ने छात्रा को मानसिक तनाव में बताया, जबकि मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इसे ईरान में महिलाओं के लिए लागू हिजाब पहनने के अनिवार्य नियम के खिलाफ विरोध बताया और छात्रा के समर्थन में आवाज उठाई।
इस मामले से जुड़ी खबर और भी कई न्यूज वेबसाइट और ईरान के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर नवंबर 2024 को अपलोड हुई मिली।
ईरान की पत्रकार ‘मसीह अलीनेजद’ ने इस मामले से जुड़ा वीडियो 3 नवंबर 2024 को शेयर करते हुए एक्स पर एक पोस्ट किया, जिसके अनुसार, ईरान के तेहरान स्थित साइंस एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी में एक छात्रा ने कथित तौर पर हिजाब को लेकर नैतिकता पुलिस द्वारा परेशान किए जाने के विरोध में अपने कपड़े उतारकर कैंपस में प्रदर्शन किया। इसके बाद अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में ईरानी प्रशासन ने दावा किया कि छात्रा मानसिक रूप से बीमार है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आई विटनेस के अनुसार, सुरक्षा कर्मी उसे जबरन ले जाने की कोशिश कर रहे थे, जिसके दौरान उसके कपड़े खींचे गए और गुस्से में उसने विरोध किया। इस घटना को ईरान में महिलाओं पर लगाए गए सख्त नियमों और उनके खिलाफ जारी संघर्ष का प्रतीक बताया जा रहा है, जबकि कार्यकर्ताओं ने छात्रा की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय समर्थन की मांग की है।
‘एमनेस्टी ईरान’ ने भी इसी घटना के एक वीडियो को 2 नवंबर 2024 को अपने एक्स अकाउंट से शेयर किया था। वीडियो में छात्रा की रिहाई की मांग की गई है।
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने ईरान की पत्रकार फातेमा करीम खान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह हिजाब के खिलाफ प्रदर्शन का एक पुराना मामला है और इसका हाल की किसी घटना से संबंध नहीं है।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘आएगा तो मोदी ही- Team Namo’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को एक लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। वहीं, यूजर के बायो के अनुसार वह दिल्ली का रहने वाला है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो नवंबर 2024 का है, जब ईरान में एक यूनिवर्सिटी की छात्रा ने प्रोटेस्ट के तौर पर बेहद कम कपड़े पहने थे। पुराने वीडियो को हालिया प्रदर्शनों से जोड़ते हुए वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : यह हाल ही में हुए सत्ता विरोधी प्रदर्शनों का वीडियो है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर 'आएगा तो मोदी ही- Team Namo'
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












