X
X

Fact Check: महाराष्ट्र के अगले CM के नाम की घोषणा से पहले ट्रेंड्स में एकनाथ शिंदे, देखें उनसे संबंधित प्रमुख वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के इस्तीफा दिए जाने के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा से पहले बैठकों का सिलसिला जारी है।

गूगल ट्रेंड्स में ‘maharashtra cm eknath shinde’ शीर्ष ट्रेंड्स में शुमार है, जिसका सर्च वॉल्यूम 20 हजार से अधिक है।  शिंदे ने 27 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अपनी दावेदारी को वापस लेते हुए सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को वॉक ओवर दे दिया, जिसके बाद बीजेपी खेमे का मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा जोर पकड़ चुकी है।

इस बीच सोशल मीडिया पर एकनाथ शिंदे से जुड़े भ्रामक और फेक दावों को साझा किए जाने का सिलसिला जारी है, जो चुनाव खत्म होने के बाद भी थमता नजर नहीं आ रहा है।

फिर से वायरल हुआ ऑटो ड्राइवर वाली तस्वीर

सोशल मीडिया पर ऑटो रिक्शा के सामने खड़े एक शख्स की तस्वीर को एकनाथ शिंदे का बताकर शेयर किया गया, जो वास्तव में महाराष्ट्र रिक्शा पंचायत के संस्थापक अध्यक्ष बाबा कांबले हैं।

यह तस्वीर पहले भी सोशल मीडिया पर कई अलग-अलग मौकों पर समान संदर्भ में वायरल होती रही है।

देखें फैक्ट चेक रिपोर्ट:

इस तस्वीर को चार तस्वीरों वाले एक कोलाज के तौर पर भी शेयर किया जाता है, जिसे लेकर दावा किया जाता है कि ये देश के  राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के युवा दिनों की तस्वीरें हैं। तस्वीर में जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित तौर पर झाड़ू लगाते हुए देखा जा सकता है, वहीं एकनाथ शिंदे ऑटो ड्राइवर के तौर पर नजर आ रहे हैं।

हकीकत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संघर्ष के दिनों के दावे से वायरल हो रही तस्वीर उनकी नहीं, बल्कि सफाई कर्मचारी सुकुमार टुडु की है। वहीं, जिस तस्वीर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बताकर शेयर किया जा रहा है, वह ऑल्टर्ड तस्वीर है। ऑटो के साथ नजर आ रहे तस्वीर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की नहीं, बल्कि बाबा कांबले की है। हालांकि, कोलाज में शामिल तस्वीर योगी आदित्यनाथ की ही है।

देखें फैक्ट चेक रिपोर्ट:

महाराष्ट्र चुनाव के दौरान शिंदे की एक तस्वीर को शेयर करते हुए दावा किया गया है कि वे नवरात्र के मौके पर मटन या मांस का सेवन कर रहे थे। हकीकत में वे  मटन नहीं, बल्कि शाकाहारी खाना खा रहे थे ।

कर्ली टेल्स नामक एक शो की एंकर कामिया जानी एकनाथ शिंदे के साथ रामनवमी के मौके पर लंच करने और इंटरव्यू लेने के लिए पहुंची थी। उस दौरान दोनों ने लंच में बैंगन की सब्जी, पटोड़ी वड़ी और बैंगन  का भर्ता खाया था, जिसे फेक दावे के साथ शेयर किया गया।

देखें फैक्ट चेक रिपोर्ट:

चुनाव के दौरान वायरल हुए ऐसे ही एक क्लेम में दावा किया गया कि महाराष्‍ट्र के तत्कालीन मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई की हाजी अली दरगाह पर जाकर चादर चढ़ाई।

हमने अपनी जांच में इसे भ्रामक पाया। दरअसल 5 फरवरी 2023 को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ठाणे के मलंगगढ़ फोर्ट पहुंचे थे, वहां उन्‍होंने चादर चढ़ाई थी। उसी वीडियो को हाजी अली दरगाह का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

देखें फैक्ट चेक रिपोर्ट:

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 20 नवंबर को, वहीं झारखंड में 13 और 20 नवंबर को मतदान हुआ था, जिसके नतीजे 23 नवंबर को आ चुके हैं। भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक, महाराष्ट्र की कुल 288 सीटों में बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति (गठबंधन) को दो-तिहाई से अधिक बहुमत मिला है।

महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे आने के बाद सोशल मीडिया पर ईवीएम में हेराफेरी और चुनावी आंकड़ों में गड़बड़ी का दावा किया गया। विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इन दोनों दावों को फेक पाया, जिसकी फैक्ट फैक्ट रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।

वहीं चुनाव से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट को विश्वास न्यूज के चुनाव सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later