Fact check : अरविंद केजरीवाल ने राहुल गांधी को नहीं किया अनदेखा, वायरल वीडियो फेक
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी को अनदेखा करने के नाम से अरविंद केजरीवाल के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो एडिटेड है, असली वीडियो में केजरीवाल राहुल गांधी के पास जाते हैं उनसे मिलते हैं और हाथ मिलाते हैं। इसके बाद वो कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार से मिलते हैं। अब दुष्प्रचार की मंशा से राहुल गांधी और केजरीवाल के हाथ मिलाने वाले वीडियो को एडिट कर हटा दिया गया है और वायरल किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 30, 2024 at 03:03 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने समारोह में कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी को अनदेखा कर दिया और उनसे हाथ नहीं मिलाया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो एडिटेड है, असली वीडियो में केजरीवाल राहुल गांधी के पास जाते हैं उनसे मिलते हैं और हाथ मिलाते हैं। इसके बाद वो कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार से मिलते हैं। अब दुष्प्रचार की मंशा से राहुल गांधी और केजरीवाल के हाथ मिलाने वाले वीडियो को एडिट कर हटा दिया गया है और वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘घनश्याम गोयल’ने 28 नवंबर 2024 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “केजरीवाल जी ने राहुल गाँधी से हाथ नही मिलाया मतलब साफ दिल्ली चुनाव मे कांग्रेस को भाव देने के मूड मे नही AAP।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें ऐसी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें इस बात का जिक्र हो कि अरविंद केजरीवाल ने राहुल गांधी को अनदेखा किया है। हालांकि हमें ऐसी कई रिपोर्ट्स मिली, जिसमें इंडी गठबंधन की शक्ति का जिक्र किया गया है।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के वीडियो को तलाश करना शुरू किया। हमें झारखंड सरकार के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर शपथ ग्रहण समारोह का पूरा वीडियो मिला। वीडियो को 28 नवंबर 2024 को शेयर किया गया था। वीडियो में 2:56:08 पर देखा जा सकता है अरविंद केजरीवाल राहुल गांधी के पास जाते हैं और फिर उनसे मिलते हैं और हाथ मिलाते हैं। इसके बाद वो राहुल गांधी के साथ बैठे कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार से भी मिलते हैं और हाथ मिलाते हैं। इसके बाद केजरीवाल आगे बढ़ जाते हैं और अन्य नेताओं से मिलते हैं। इससे ये साफ होता है कि राहुल गांधी वाले हिस्से को एडिट कर हटा दिया गया है।
हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह का वीडियो हमें लाइव हिंदुस्तान के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। वीडियो को 28 नवंबर 2024 को अपलोड किया गया था। इस वीडियो में भी केजरीवाल और राहुल गांधी को 49.28 मिनट पर हाथ मिलाते हुए देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने इस शपथ ग्रहण समारोह को कवर करने वाले रांची के स्टेट ब्यूरो चीफ प्रदीप सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो एडिटेड है। दोनों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर हाथ मिलाया था।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर के करीब पांच सौ मित्र हैं। वीडियो एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी को अनदेखा करने के नाम से अरविंद केजरीवाल के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो एडिटेड है, असली वीडियो में केजरीवाल राहुल गांधी के पास जाते हैं उनसे मिलते हैं और हाथ मिलाते हैं। इसके बाद वो कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार से मिलते हैं। अब दुष्प्रचार की मंशा से राहुल गांधी और केजरीवाल के हाथ मिलाने वाले वीडियो को एडिट कर हटा दिया गया है और वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : अरविंद केजरीवाल ने राहुल गांधी को किया अनदेखा।
- Claimed By : FB User Ghanshyam Goyal ·
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












