X
X

Fact Check: इमरान खान के समर्थकों द्वारा किये गए विरोध प्रदर्शन की नहीं है ये तस्वीर, मुंबई की फोटो वायरल

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल तस्वीर का इमरान खान की रिहाई को लेकर इस्लामाबाद में हुए विरोध प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है। यह तब की तस्वीर है, जब जुलाई 2024 में टी-20 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने मुंबई के मरीन ड्राइव पर ‘विक्ट्री परेड’ आयोजित की थी।

  • By: Umam Noor
  • Published: Dec 4, 2024 at 04:24 PM
  • Updated: Dec 4, 2024 at 04:27 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पाकिस्तान के इस्लामाबाद में इमरान खान के समर्थकों के द्वारा किये गए विरोध प्रदर्शन के बाद से सोशल मीडिया पर इस मामले से जुड़ी कई पोस्ट वायरल हो रही हैं। इसी कड़ी में एक तस्वीर शेयर की जा रही है, जिसमें सड़क पर हजारों लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। फोटो शेयर करते हुए यूजर्स इसे हाल ही में इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर इस्लामाबाद में हुए विरोध प्रदर्शन की बताकर फैला रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल तस्वीर का इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर इस्लामाबाद में हुए विरोध प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है। यह तब की तस्वीर है, जब जुलाई 2024 में टी-20 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने मुंबई के मरीन ड्राइव पर ‘विक्ट्री परेड’ आयोजित की थी।

वायरल पोस्ट में क्या है?

फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, ”इस्लामाबाद में मौजूदा हालात हर जगह भीड़.”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल शुरू करने के लिए हमने सबसे पहले वायरल तस्वीर को गूगल लेंस पर सर्च किया। सर्च करने पर हमें यह फोटो इंटरनेट पर कई जगह अपलोड हुई मिली।

यह तस्वीर जुलाई 2024 को मोरोंग एक्सप्रेस नाम की वेबसाइट वेबसाइट पर प्रकाशित एक खबर में मिली। यहां दी गई जानकारी के मुताबिक, 4 जुलाई को गुरुवार शाम टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के साथ जोरदार जश्न में लाखों मुंबईवासी शामिल हुए।

इसी बुनियाद पर सर्च किये जाने पर हमें अन्य तस्वीरें टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर प्रकाशित मिलीं। यहां खबर में बताया गया कि ये तस्वीरें टीम इंडिया के वर्ल्ड कप जीतने की खुशी में मरीन ड्राइव पर आयोजित ‘विक्ट्री परेड’ की हैं।

वायरल तस्वीर का क्लोज़-अप वर्जन बीबीसी की वेबसाइट पर भी देखा जा सकता है, जहां टीम इंडिया के खिलाड़ियों के साथ-साथ बस पर “चैंपियंस” शब्द लिखा हुआ स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। खबर में बताया गया कि विजयी भारतीय क्रिकेट टीम की जीत का ऐसा जश्न मनाया गया, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। यह परेड मुंबई के साहिल मरीन ड्राइव से शुरू होकर वानखेड़े स्टेडियम तक पहुंची, जहां “हजारों लोग परेड देखने और उसमें भाग लेने के लिए शामिल हुए।”

हालिया खबरों के मुताबिक, पीटीआई के संस्थापक इमरान खान की रिहाई को लेकर इस्लामाबाद में विरोध प्रदर्शन हुए हैं। वहीं, इस विरोध प्रदर्शन में कई लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हो गए हैं। इसके अलावा करीब 1000 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें।

पाकिस्तान की न्यूज वेबसाइट डॉन की 2 दिसंबर की खबर के मुताबिक, इस्लामाबाद की आतंकवाद निरोधक अदालत (एटीसी) ने सोमवार को पीटीआई के संस्थापक इमरान खान, उनकी पत्नी बुशरा बीबी, खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर और 93 अन्य के खिलाफ संघीय राजधानी में पिछले सप्ताह हुए विरोध प्रदर्शन से संबंधित गैर जमानती वारंट जारी किया है। इस मामले की पूरी खबर यहां पढ़ी जा सकती है।

वायरल पोस्ट के बारे में पुष्टि के लिए हमने पाकिस्तान के पत्रकार आदिल अली से संपर्क किया और उन्होंने हमें बताया कि इस्लामाबाद में इमरान खान के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया था, लेकिन अब वह खत्म हो गया है।

अब भ्रामक पोस्ट शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग की गई तो पता चला कि यूजर पाकिस्तान का है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल तस्वीर का इमरान खान की रिहाई को लेकर इस्लामाबाद में हुए विरोध प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है। यह तब की तस्वीर है, जब जुलाई 2024 में टी-20 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने मुंबई के मरीन ड्राइव पर ‘विक्ट्री परेड’ आयोजित की थी।

  • Claim Review : इमरान खान की रिहाई के लिए इस्लामाबाद में हुए विरोध प्रदर्शन की तस्वीर।
  • Claimed By : FB User- Ishfaque Offical
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later