X
X

Fact Check: उत्तर प्रदेश के बरेली में दलित लड़की से रेप का दावा भ्रामक

उत्तर प्रदेश के बरेली में दलित लड़की के साथ मुस्लिमों के रेप करने का दावा भ्रामक है। इस मामले में आरोपी और पीड़ित दोनों एक ही समुदाय के हैं और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: Dec 12, 2024 at 05:00 PM
  • Updated: Dec 12, 2024 at 05:59 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई यूजर्स एक पोस्ट को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दलित समुदाय की लड़की के साथ गैंगरेप कर मुस्लिम समुदाय के आरोपियों ने उसका वीडियो बना लिया।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया, जिसे सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। संबंधित घटना उत्तर प्रदेश के बरेली की ही घटना है, लेकिन इसमें शामिल आरोपी और पीड़ितो दोनों ही समान समुदाय के हैं। साथ ही मामले के पीड़ित के दलित और नाबालिग होने का दावा गलत है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘संगठित हिन्दू’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “मौलवी लगातार बच्ची को रौँदता रहा..बच्ची हाथ जोड़ती तड़पती, मिन्नतें करती रही..लेकिन हवस के मौलवी ने सारी हदें पार करके..बच्ची से रेप की वीडियो भी वायरल कर दी…जीहाँ… मामला बरेली उत्तर प्रदेश है जहाँ..कादिर, माजिद, ने “दलित बच्ची” के साथ “गैंगरेप” करके “वीडियो वायरल” कर दिया….चाची के साथ घास लेने गई बच्ची, चाची को पेड़ से बाँध कर बच्ची से गैंगरेप। लड़की का पिता ईंट भट्ठा पर काम करता है। कैसे बचाओगे अपनी बच्चियों को..इन दरिंदे हवस के मौलवीयों से..लेकिन इस पर रावण के जबान से एक शब्द नहीं निकला क्योंकि आरोपी मुस्लिम है,,।।”

सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट।

पड़ताल

वायरल पोस्ट में किए गए दावे की पड़ताल के लिए हमने की-वर्ड सर्च की मदद ली और सर्च में हमें कई रिपोर्ट्स मिली, जिसमें इस घटना का जिक्र है। दैनिक भास्कर की चार दिन पहले प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, “बरेली के शीशगढ़ में जंगल में चाची के साथ घास काटने गई ईंट-भट्ठा मजदूर की बेटी को गन्ने के खेत में खींचकर दो लोगों ने गैंगरेप कर उसका अश्लील वीडियो बनाया। बाद में वीडियो को आरोपियों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।”

जागरण.कॉम की नौ दिसंबर 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, “उत्तर प्रदेश के बरेली में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। युवती अपनी चाची के साथ खेत में घास काटने गई थी। आरोपितों ने युवती की चाची को बंधक बनाया, फिर युवती से गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोपितों ने अश्लील वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी है। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।”

रिपोर्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक- “हालांकि, शिकायत के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाई। पुलिस ने आरोपी कादिर और माजिद को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपित वाहन चालक हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्‍कर्म, बंधक बनाने, मारपीट, धमकाने व आइटी एक्‍ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, रविवार को प्राथमिकी की भनक लगने पर दोनों आरोपित गांव के बाहर जंगल में छिप गए। वे सोमवार को किसी दूसरे शहर भागने की जुगत में थे, उसी दौरान गांव के बाहर तिराहे से दोनों को पकड़ लिया गया।”

किसी भी रिपोर्ट में आरोपी के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम या पॉक्सो  ( Protection of Children from Sexual Offences Act) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने का जिक्र नहीं है, जिससे आरोपी के नाबालिग और दलित समुदाय का होने के दावे की पुष्टि नहीं होती है।

सर्च में हमें बरेली पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल से किया गया पोस्ट भी मिला, जिसमें मुकदमा संख्या 339/24 में धारा 70(1)/351(2) बीएनएस व 67 आईटी एक्ट के तहत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किए जाने का जिक्र है।

बरेली पुलिस ने इस मामले में आरोपी और पीड़ित के अलग-अलग संप्रदाय से होने के दावे का भी खंडन किया है और बताया है कि इस मामले में पीड़ित और आरोपी दोनों ही ‘सजातीय’ हैं।

इस मामले में बहेरी सीओ (सर्किल ऑफिसर)  ने बताया, “मामले में आरोपी और पीड़ित दोनों एक ही समुदाय के हैं और आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।” वायरल पोस्ट को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर दो लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

हालिया संपन्न विधानसभा चुनाव और अन्य उप-चुनावों से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट को विश्वास न्यूज के चुनाव सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: उत्तर प्रदेश के बरेली में दलित लड़की से मौलाना के रेप करने का दावा भ्रामक है। इस मामले में आरोपी और पीड़ित दोनों ही समान समुदाय के हैं। साथ ही आरोपी के नाबालिग और दलित होने का दावा भी गलत है।

  • Claim Review : उत्तर प्रदेश के बरेली में दलित लड़की के साथ मौलाना ने किया रेप।
  • Claimed By : FB User-संगठित हिन्दू
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later