X
X

Fact Check: आवारा कुत्तों के हमले का यह वायरल वीडियो आगरा नहीं, जालंधर का है

दावा किया जा रहा है कि आगरा में आवारा कुत्तों ने एक महिला पर हमला किया।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Dec 26, 2024 at 03:33 PM
  • Updated: Dec 26, 2024 at 06:06 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक महिला पर हमला करते कुत्तों के झुंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुत्तों का एक झुंड महिला के पास आता है और उस पर हमला करना शुरू कर देता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह उत्तर प्रदेश के आगरा के ईदगाह कटघर कॉलोनी का मामला है। जहां पर आवारा कुत्तों ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। यह वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि पंजाब के जालंधर का है। जालंधर में गुरुद्वारे से लौट रही महिला पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया था, जिसे अब यूपी का बताकर वायरल किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ने ‘सनातन भारत’ ने 24 दिसंबर 2024 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “आगरा – आगरा का एक रोंगटे खड़े करने वाला सीसीटीवी,…आवारा कुत्तों ने महिला पर बोला जानलेवा हमला…आदमखोर कुत्ते महिला को खींचते प्लाट में ले गया….बचने के लिए चीखती चिल्लाती रही बुजुर्ग महिला…आधा दर्जन से ज्यादा कुत्तों ने महिला पर बोला हमला…सुबह के समय घर से टहलने निकली थी पीड़ित महिला…महिला के चीखने की आवाज सुनकर कॉलोनी के लोग पहुंचे…लोगों ने आदमखोर कुत्तों को भागकर महिला को बचाया गया….घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में कराया गया भर्ती…आगरा के ईदगाह कटघर कॉलोनी का मामला।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट इंडिया टुडे की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 16 दिसंबर 2024 को प्रकाशित किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, जालंधर में महिला गुरुद्वारे से वापस लौट रही थी। इस दौरान करीब 7-8 आवारा कुत्तों ने महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया।

आजतक की वेबसाइट पर 14 दिसंबर को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो की यह घटना जालंधर के सतगुरु कबीर चौक के पास की है। जहां पर गुरुद्वारे से लौट रही महिला पर आठ कुत्तों ने हमला कर दिया। फिर पास में मौजूद लोगों ने महिला को बचाया और  सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। बुजुर्ग के शरीर पर और सिर पर कई चोटें आई थी। महिला के शरीर पर 25 से ज्यादा डॉग बाइट के निशान थे। 

पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट यूपी पुलिस आगरा के कमिश्नर के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। पोस्ट को 24 दिसंबर 2024 को शेयर किया गया था। पुलिस ने वायरल दावे का खंडन किया है। साथ ही बताया है कि वायरल वीडियो आगरा का नहीं, बल्कि पंजाब के जालंधर में हुई घटना का वीडियो है।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण जालंधर के रिपोर्टर दिनेश शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो जालंधर में हुई घटना का है। 

अंत में हमने भ्रामक दावे को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला पर हमला करते आवारा कुत्ते के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि पंजाब के जालंधर का है। जालंधर में गुरुद्वारे से लौट रही महिला पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया था, जिसे अब यूपी का बताकर वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : आगरा में आवारा कुत्तों ने एक महिला पर हमला किया।
  • Claimed By : FB User Sanatan Bharat
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later