Fact Check: महाकुंभ और वाराणसी में बिल गेट्स की मौजूदगी का दावा गलत, वीडियो में अन्य विदेशी पर्यटक है
बिल गेट्स के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो पुराना है और वाराणसी घूमने आए पर्यटकों का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jan 17, 2025 at 10:36 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक छज्जे पर खड़े शख्स का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उद्योगपति बिल गेट्स महाकुंभ में शामिल होने के लिए आए हैं। वहीं, कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि वो काशी विश्वनाथ में दर्शन करने लिए पहुंचे।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो पुराना है और वाराणसी घूमने आए पर्यटकों का है। जो कि मणिकर्णिका घाट पर घूम रहे थे, जिसे अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘शैलेश शर्मा’ ने 16 जनवरी 2024 को वायरल वीडियो को शेयर किया था। वीडियो पर लिखा हुआ है, “दुनिया के सबसे अमीर शख्स बिल गेट्स काशी के मणिकर्णिका घाट पर।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

एक अन्य फेसबुक यूजर ‘महाराष्ट्र तक’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बिलगेट्स महाकुंभ में नजर आए।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो 24 दिसंबर 2024 को गुल्लक नामक एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड हुआ मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो बिल गेट्स जैसे दिखने वाले शख्स का है।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने चैनल को खंगालना शुरू किया। हमें शख्स के कई और वीडियो इस चैनल पर अपलोड हुए मिले। वीडियो में शख्स को बोलते हुए भी देखा जा सकता है कि यह लोग वाराणसी में घूमने आए पर्यटक हैं और शख्स बिल गेट्स जैसा दिखता है।
जनसत्ता की वेबसाइट पर 14 जनवरी 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, महाकुंभ 13 जनवरी 2024 से शुरू होगा और 26 फरवरी 2025 तक चलेगा।
अधिक जानकारी के लिए हमने वाराणसी के स्थानीय पत्रकार आशीष शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। बिल गेट्स यहां पर नहीं आये हैं। यह वीडियो बिल गेट्स का नहीं है। इस तरह के विदेशी पर्यटक यहां पर आते रहते हैं।
हमने प्रयागराज में दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी राकेश पांडे से संपर्क किया। उन्होंने भी दावे को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो यहां का नहीं है और न ही बिल गेट्स यहां पर आए हैं।
दावे की पुष्टि के लिए हमने बिल गेट्स के प्रवक्ता से भी बातचीत की। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। बिल गेट्स के महाकुंभ पहुंचने का दावा गलत है। वो अभी भारत में नहीं है और न ही वो वहां पर कोई इंवेट का हिस्सा बने हैं।
गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें दावे से जुड़ी कोई स्थानिय विश्वासनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। हमने बिल गेट्स के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला। लेकिन हमें दावे से जुड़ी कोई पोस्ट वहां पर नहीं मिली।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर शैलेश शर्मा के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को भोपाल का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बिल गेट्स के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो पुराना है और वाराणसी घूमने आए पर्यटकों का है। जो कि मणिकर्णिका घाट पर घूम रहे थे, जिसे अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : महाकुंभ पहुंचे बिल गेट्स।
- Claimed By : FB User Shailesh Sharma
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












