X
X

Fact Check: पाकिस्तान में सगे भाई- बहन की आपस में शादी का दावा फर्जी

सोशल मीडिया के अलग- अलग प्लेटफॉर्म पर एक शादीशुदा जोड़े की तस्वीर वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि पाकिस्तान के कराची में एक भाई ने अपनी ही सगी बहन से शादी कर ली है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Jan 21, 2025 at 01:44 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग- अलग प्लेटफॉर्म पर एक शादीशुदा जोड़े की तस्वीर वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि पाकिस्तान के कराची में एक भाई ने अपनी ही सगी बहन से शादी कर ली है। इस पोस्ट को पाकिस्तान के न्यूज चैनल ARY का हवाला देते हुए सच समझकर फैलाया जा रहा है।

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल कपल की यह तस्वीर अमेरिकी शहर टेक्सस में हुई एक शादी की है। पाकिस्तानी मूल की इस शादी में कपल के भाई- बहन होने का दावा फर्जी और दुष्प्रचार है। इसके अलावा जिस पाकिस्तानी न्यूज़ वेबसाइट ARY के हवाले से इस खबर को फैलाया जा रहा है उन्होंने भी कभी इससे जुड़ी कोई पोस्ट शेयर नहीं की है।  

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर ‘Deepak C. Jariwala’ ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “पाकिस्तान में कराची में भाई ने अपनी ही सगी बहन से निकाह कर के सबको चौंका दिया, कहा हमारे कौम में सब जायज है।: ARY”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने पाकिस्तान के न्यूज़ चैनल ARY की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर वायरल पोस्ट को खंगाला। सर्च किये जाने पर हमें ऐसी कोई पोस्ट या खबर नहीं मिली।  

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल की जा रही तस्वीर को गूगल लेंस के जरिये सर्च किया। सर्च करने पर हमें ब्राइड ऑफ़ नॉर्थ टेक्सस नाम की वेबसाइट पर वायरल फोटो और इससे जुड़ा एक आर्टिकल मिला। यहां ट्रेडिशनल पाकिस्तानी मुस्लिम शादी के बारे में लिखा गया है।

इस आर्टिकल में दी गई जानकारी के मुताबिक, यह पाकिस्तानी मुस्लिम समारोह टेक्सस में हुआ था। वहीं जोड़े का नाम लैला और अली है और यह दोनों म्युचुअल दोस्तों के जरिये मिले थे। इस आर्टिकल में इस्तेमाल की गई शादी की फोटोज में ‘Tara Arseven’ फोटग्राफी लिखा हुआ नजर आया।  

Tara Arseven फोटोग्राफी को गूगल सर्च किये जाने पर हमें इस नाम का फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम हैंडल मिला। फेसबुक पेज पर इस जोड़े की तस्वीरों को 27 मार्च 2021 को पोस्ट किया गया है।

वहीं, इस्टाग्राम पर इस कपल से जुड़ी तीन पोस्ट मिलीं। इसके साथ ही Tara Arseven के ब्लॉग पर भी इस शादी से जुड़ा एक आर्टिकल मिला। इस आर्टिकल में दूल्हा- दुल्हन दोनों के घरवालों को भी देखा जा सकता है।

वायरल पोस्ट में किये जा रहे दावे से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने Tara Arseven से ईमेल के जरिये संपर्क साधा और वायरल पोस्ट उनके साथ शेयर की। उन्होंने जवाब देते हुए बताया, यह दोनों भाई- बहन नहीं हैं। यह दावा पूरी तरह से मनगढंत है।

पुष्टि के लिए हमने पाकिस्तान के न्यूज चैनल ARY में इन्वेस्टिगेटिव सेल के हेड नदीम अशरफ भट्ट से भी संपर्क साधा और वायरल पोस्ट उनके साथ शेयर की। उन्होंने हमें बताया, “ARY ने ऐसी कोई बकवास पोस्ट या खबर नहीं चलाई है। यह बिल्कुल फर्जी है।”

फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘Deepak C. Jariwala’ की सोशल स्कैनिंग में हमने पाया कि इस प्रोफाइल से विचारधारा विशेष से जुड़ी पोस्ट शेयर की जाती हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल कपल की यह तस्वीर अमेरिकी शहर टेक्सस में हुई एक शादी की है। पाकिस्तानी मूल की इस शादी में कपल के भाई- बहन होने का फर्जी दावा किया जा रहा है। इसके अलावा जिस पाकिस्तानी न्यूज़ वेबसाइट ARY के हवाले से इस खबर को फैलाया जा रहा है उन्होंने भी कभी इससे जुड़ी कोई पोस्ट शेयर नहीं की है।   

  • Claim Review : कराची में एक भाई ने अपनी ही सगी बहन से शादी कर ली है।
  • Claimed By : FB User- Deepak C. Jariwala
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later