Fact Check: ग्रुरुग्राम, दिल्ली व लखनऊ मेट्रो हादसे के नाम पर AI जेनरेटेड वीडियो वायरल
गुरुग्राम, दिल्ली और लखनऊ मेट्रो हादसे के नाम से एआई निर्मित वीडियो वायरल हो रहा है। वहां हाल-फिलहाल में ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Mar 13, 2025 at 02:46 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मेट्रो ट्रेन हादसे का बताकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें ट्रेन एक्सीडेंट के बाद वहां मची हलचल को देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इसे गुरुग्राम, जबकि कुछ लखनऊ और दिल्ली में हुए हादसे का बता रहे हैं। यूजर्स दावा कर रहे हैं कि मेट्रो ट्रेन पटरी से उतर गई है। वहीं, कुछ इसे 3 मार्च को हुए हादसे का वीडिये बता रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि गुरुग्राम, दिल्ली और लखनऊ में ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है। वायरल वीडियो एआई निर्मित है। यह वास्तविक नहीं है।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर alkasrivastva ने 8 मार्च को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर गुरुग्राम लिखा हुआ है। पोस्ट के साथ में लिखा है, मेट्रो पटरी से उतर गई।

इंस्टाग्राम यूजर ofical_ksb_kushwah ने इसे 3 मार्च को हुए हादसे का वीडियो बातकर शेयर (आर्काइव लिंक) किया है।

यूट्यूब चैनल Creative Mind और REAL FACT TECH ने इस वीडियो को लखनऊ और दिल्ली का बताते हुए शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो को ध्यान से देखने पर इसमें कई गड़बड़ दिखाई दीं, जैसे- कुछ लोग एकदम से गायब और सामने आते हैं। वीडियो में ट्रेन की पटरियां भी अजीब-सी दिख रही हैं। इससे हमें यह वीडियो एआई निर्मित लगा।

गुरुग्राम, लखनऊ और दिल्ली में ऐसे किसी मेट्रो हादसे के बारे में हमने गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया, लेकिन हाल-फिलहाल में हुई ऐसी किसी भी घटना की रिपोर्ट नहीं मिली। अगर ऐसा कोई हादसा हुआ होता तो मीडिया में जरूर कवर किया जाता।
वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस की मदद से सर्च करने पर यह वीडियो हमें इंस्टाग्राम यूजर ai.inlife के अकाउंट पर मिला। इसे 2 मार्च को शेयर किया गया है।

वीडियो पर Minimax। Hailuo AI लिखा हुआ है। Hailuo AI एक एआई वीडियो जेनरेटर है। इसकी वेबसाइट पर अपलोड वीडियो क्लिप्स में समान लोगो देखा जा सकता है।
वीडियो का कीफ्रमे निकालकर उसे एजइटएआई और वाजइटएआई से चेक किया। इसमें इसे एआई संभावित बताया गया।


इस बारे में हमने एआई एक्सपर्ट अंश मेहरा से संपर्क किया। उनका कहना है कि वीडियो को देखने से ही पता चल जाता है यह एआई जेनरेटेड है। इसमें दिख रहे यात्रियों को ध्यान से देखेंगे तो दो लोग जुड़े हुए भी दिखेंगे।
एआई निर्मित वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 38 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: गुरुग्राम, दिल्ली और लखनऊ मेट्रो हादसे के नाम से एआई निर्मित वीडियो वायरल हो रहा है। वहां हाल-फिलहाल में ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है।
- Claim Review : गुरुग्राम में मेट्रो ट्रेन पटरी से उतर गई है।
- Claimed By : Insta User- alkasrivastva
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












