X
X

Fact Check: RSS प्रमुख मोहन भागवत ने नहीं कहा हिंदू राष्ट्र की बात करने वालों को मेंटल हॉस्पिटल भेजने को, अधूरा वीडियो वायरल

जांच में पता चला क‍ि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के नाम से वायरल हो रहा वीडियो क्लिप्ड और अधूरा है। नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत 1930 के दशक में संघ पर प्रतिबंध लगाने के प्रयास के दौरान, संघ का बचाव करने वाले 'मिस्टर इब्राहिम' नामक व्यक्ति का संस्मरण सुना रहे थे।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत का एक वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। 13 सेकंड की इस वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि मोहन भागवत ने कहा है कि जो लोग हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र कहते हैं, उन्हें मेंटल हॉस्पिटल भेज देना चाहिए। इसे सच मानकर कई सोशल मीड‍िया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने व‍िस्‍तार से वायरल वीड‍ियो की जांच की। वायरल हो रही पोस्‍ट फर्जी साबि‍त हुई। दरअसल, वायरल वीड‍ियो अधूरा है और इसे मूल संदर्भ से काटकर शेयर क‍िया गया है। असली वीड‍ियो में भागवत 1930 के दशक की एक ऐतिहासिक घटना का जिक्र करते हुए ‘मिस्टर इब्राहिम’ नाम के एक व्यक्ति का बयान कोट कर रहे थे।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘राम शर्मा ’ ने 12 नवंबर 2026 को एक वीड‍ियो शेयर करते हुए लिखा, “सुनो सुनो सुनो , सुनो संघियों। मोहन भागवत को ध्यान से सुनो , ये क्या बोल रहा है। हिंदुस्तान , हिंदू राष्ट्र है , ऐसा कहने वालों को मेंटल अस्पताल भेज देना चाइए ऐसा मेरा मत है। इसने तो तुम सबके मुँह पे थूक दिया।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने वायरल वीड‍ियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वीड‍ियो में द‍िख रहे ‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ के लोगो के आधार पर कीवर्ड सर्च शुरू किया। इस दौरान हमें ‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ के आधिकारिक फेसबुक पेज पर 9 नवंबर 2026 को अपलोड किए गए इस वीडियो का एक लंबा वर्जन मिला। इस वीड‍ियो में मोहन भागवत को संघ के बारे में बताते हुए सुना जा सकता है, “संघ पर जब पहला प्रत‍िबंध लादने का प्रयास हुआ 30 के दशक में तो म‍िस्‍टर इब्राह‍िम संघ के पक्ष में बोले। उन्‍होंने कहा क‍ि ह‍िंदुस्‍तान को ह‍िंदू राष्‍ट्र कहने वालों को पागलों के अस्‍पताल में भेजना चाह‍िए, ऐसा मेरा मत है। मैं डॉ. हेडगेवार को जानता हूं। वह पागल नहीं हो सकते हैं। वह अच्छे व्यक्ति हैं, इसल‍िए संघ सांप्रदाय‍िक नहीं हो सकता।”

सर्च के दौरान हमें मोहन भागवत का पूरा भाषण ‘Indraprasth Vishwa Samvad Kendra’ के एक यूट्यूब चैनल पर म‍िला। 9 नवंबर 2026 को अपलोड किए गए इस वीड‍ियो में वायरल बयान का ह‍िस्‍सा 18:14 म‍िनट की टाइमलाइन के बाद है। इसमें भी भागवत म‍िस्‍टर इब्राह‍िम का ज‍िक्र करते हुए वायरल बयान वाली बात कह रहे हैं।

पूरे वीडियो को ध्यान से सुनने पर यह स्पष्ट हो गया क‍ि मोहन भागवत ने यह बात 1930 के दशक में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए कही थी।

विश्वास न्‍यूज ने जांच के अगले चरण में गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल क‍िया। संबंधित कीवर्ड के माध्‍यम से सर्च करने पर हमें कई मीड‍िया रिपोर्ट्स मिलीं। ‘अमर उजाला डॉट कॉम’ पर 9 नवंबर 2026 को प्रकाशित एक खबर में बताया गया, “नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि स्वयंसेवक ही संघ की पहचान हैं और संघ की स्थापना के 100 साल बाद भी यह पहचान बनी हुई है। सोमवार को नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के नवीनीकृत मुख्यालय में नवनिर्मित सभागार का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने संघ के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया। भागवत ने बताया, “1930 के दशक में सेंट्रल प्रोविंस की विधानसभा में संघ पर पहली बार प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई थी। उस समय संघ का बचाव करने के लिए कोई स्वयंसेवक मौजूद नहीं था। संघ की विचारधारा का समर्थन करने वाला भी कोई नहीं था। ऐसे में इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने संघ के समर्थन में आवाज उठाई थी।” भागवत के अनुसार, इब्राहिम ने कहा था कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए और वह सांप्रदायिक संगठन नहीं है। उन्होंने यह भी कहा था कि हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र कहने वालों को मानसिक अस्पताल भेज देना चाहिए, लेकिन वह डॉ. हेडगेवार को जानते हैं और वे अच्छे व्यक्ति हैं। इसलिए संघ को सांप्रदायिक नहीं कहा जा सकता।”

सर्च के दौरान हमें ‘भास्‍कर डॉट कॉम’ पर भी एक खबर म‍िली। 9 नवंबर 2026 की इस खबर में बताया गया, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने 1930 के दशक का एक किस्सा सुनाते हुए बताया कि उस समय सेंट्रल प्रोविंस की विधानसभा में संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश हुई थी। उन्होंने कहा क‍ि उस समय संघ के समर्थन में कोई स्वयंसेवक सामने नहीं आया था। ऐसे में इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने संघ का पक्ष रखते हुए कहा था कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि वह सांप्रदायिक संगठन नहीं है। भागवत ने बताया कि इब्राहिम का कहना था- जो लोग कहते हैं कि हिंदुस्तान हिंदू राष्ट्र है, उन्हें मेंटल हॉस्पिटल भेज देना चाहिए। मैं डॉ. हेडगेवार को जानता हूं, वह मेंटल नहीं हैं, वह एक अच्छे इंसान हैं, इसलिए संघ कम्युनल नहीं हो सकता।”

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट को लेकर संघ के पूर्व प्रांत प्रचार प्रमुख और दिल्ली स्थित संघ की सहायक प्रकाशन संस्था सुरुचि प्रकाशन के अध्यक्ष राजीव तुली से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा पोस्‍ट गलत है। मोहन भागवत ने वायरल वीड‍ि‍यो में म‍िस्‍टर इब्राह‍िम के कथन का जिक्र किया था, ज‍िसे ब‍िना संदर्भ के वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।

क्‍या है संदर्भ?

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार इसके प्रथम सरसंघचालक थे। हिंदुओं में संगठन की कमी और उदासीनता को देखते हुए वे उन्हें संगठित करने में लग गए। वर्ष 1925 में विजयदशमी के दिन हेडगेवार ने औपचारिक रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। वर्तमान में मोहन भागवत संघ के छठे सरसंघचालक हैं। वर्ष 2009 में यह उत्तरदायित्व संभालने वाले भागवत के कार्यकाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है। ‘जागरण डॉट कॉम’ पर एक अक्‍टूबर 2025 को प्रकाश‍ित एक लेख में संघ के बारे में व‍िस्‍तार से पढ़ा जा सकता है।

जांच के अंत में मोहन भागवत के अधूरे बयान को ब‍िना संदर्भ के शेयर करने वाले यूजर की जांच की गई। इसे फेसबुक पर दो हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर मध्‍य प्रदेश का रहने वाला है और यह अकाउंट 2019 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल हो रही पोस्‍ट फेक साब‍ित हुई। हमारी जांच में पता चला क‍ि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के नाम से वायरल हो रहा वीडियो क्लिप्ड और अधूरा है। नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत 1930 के दशक में संघ पर प्रतिबंध लगाने के प्रयास के दौरान, संघ का बचाव करने वाले ‘मिस्टर इब्राहिम’ नामक व्यक्ति का संस्मरण सुना रहे थे।

  • Claim Review : संघ प्रमुख मोहन भागवत ने हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र कहने वालों को मेंटल अस्पताल भेजने को कहा।
  • Claimed By : FB User Ram Sharma
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later