Fact Check: असम में अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई का नहीं है यह वायरल वीडियो
असम में अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई के नाम पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। दरअसल, वायरल हो रहा वीडियो बांग्लादेश के ढाका का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 13, 2026 at 03:59 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। असम में अवैध निर्माण पर हुई कार्रवाई से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक घर पर बुलडोजर चलाया जा रहा है और एक महिला इस दौरान रो रही है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो हाल ही में असम में अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई के दौरान का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वायरल दावा गलत है। असल में इस वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह बांग्लादेश के ढाका में अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई के दौरान का है, जिसे अब असम का बताकर वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Faiyaz Sayyed’ ने 9 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, असम में बुलडोजर कार्रवाई से हड़कंप! रोते बिलखते रहे लोग, चलता रहा बुलडोजर!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस पर सर्च किया। हमें वायरल वीडियो बांग्लादेश के यूट्यूब चैनल ‘Faridganj TV’ पर 18 अक्टूबर 2026 को शेयर किया हुआ मिला। यहां मौजूद जानकारी में इस वीडियो को बांग्लादेश के दियाबाड़ी में अतिक्रमण हटाने की घटना का बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें बांग्लादेश के कई न्यूज आउटलेट के पेज पर यह वीडियो इसी समान जानकारी के साथ 17 अगस्त 2026 को अपलोड किया हुआ मिला।

पड़ताल के दौरान हमें इस घटना से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट बांग्लादेशी न्यूज वेबसाइट ‘Star News’ पर मिली। इस रिपोर्ट को 17 अगस्त 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश की राजधानी ढाका के दियाबाड़ी के उत्तरा इलाके के सेक्टर 17 में बने 73 अवैध अतिक्रमण हटाए गए थे। इस रिपोर्ट में वायरल हो रहे वीडियो के स्क्रीनशॉट देखे जा सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए हमने बांग्लादेशी ‘प्रोबाश टाइम्स’ के रिपोर्टर मोहम्मद राफ्त से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो बांग्लादेश में अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई का है।
क्या है संदर्भ?
असम में भारतीय जनता पार्टी की सरकार अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और बुलडोजर की मदद से अनेक अवैध अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। ‘इंडिया टुडे’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने धुबरी जिले में 650 बीघा (लगभग 215 एकड़) जमीन से कथित अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया था।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। फेसबुक पर यह यूजर 29 मार्च 2020 से सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि असम में अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई के नाम पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। दरअसल, वायरल हो रहा वीडियो बांग्लादेश के ढाका का है।
- Claim Review : असम में अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई का वीडियो।
- Claimed By : FB User Faiyaz Sayyed
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












