Fact Check: महिला को खींचकर ले जाने वाले बाघ का पुराना वीडियो फिर हुआ वायरल
चीन के पुराने वीडियो को अब वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है। साल 2016 में यह घटना चीन में घटी थी।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Mar 27, 2025 at 05:48 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कार से उतरी महिला को एक बाघ अपने साथ खींचकर ले जाता है। वीडियो को कुछ यूजर्स भारत के संदर्भ में शेयर कर रहे हैं। कई यूजर मुंबई हैश टैग के साथ इसे वायरल कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी विस्तार से जांच की। पता चला कि चीन के पुराने वीडियो को अब वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है। साल 2016 में यह घटना चीन में घटी थी।
क्या हो रहा है वायरल
इंस्टाग्राम हैंडल Pratahkal Live ने एक वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “पति से झगड़ा कर कार से बाहर निकली महिला, जंगल में खींच ले गया बाघ…”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल लेंस टूल का इस्तेमाल किया। इसके लिए हमने वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें यह वीडियो China Global Television Network (सीजीटीएन) के यूट्यूब चैनल पर मिला। आठ साल पहले जुलाई 2016 में इसे अपलोड किया गया था। इसके साथ बताया गया कि बीजिंग के वाइल्डलाइफ पार्क में एक बाघ ने एक महिला पर हमला कर दिया था। पूरी फुटेज को नीचे दिए गए वीडियो में विस्तार से देखा जा सकता है।
सर्च के दौरान हमें एबीसी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर भी वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट मिली। आठ साल पहले इसे अपलोड किया गया था।
पड़ताल के दौरान हमें पता चला कि यह वीडियो पहले भी कई बार वायरल हो चुका है। उस वक्त कई न्यूज वेबसाइट ने इसे लेकर खबरें पब्लिश की थीं।
बीबीसी ने 23 नवंबर 2016 को इस घटना को लेकर एक रिपोर्ट पब्लिश की थी। इसमें बताया गया कि चीन के वाइल्डलाइफ पार्क में बाघों ने एक औरत को मार डाला था। जिसके बाद उसकी बेटी ने अदालत में पार्क मैनेजमेंट के खिलाफ मुकदमा दायर किया। खबर के अनुसार, झाओ नाम की यह महिला जुलाई 2016 में अपने परिवार के साथ वाइल्डलाइफ़ पार्क वर्ल्ड गई थी।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट अजय दुबे से संपर्क किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडिया कई साल पुराना है। यह घटना चीन में हुई थी।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। 2016 में चीन के एक पार्क में वीडियो वाली घटना हुई थी। उसी से जुड़े वीडियो को अब वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : पार्क में एक महिला को बाघ खींचकर ले गया
- Claimed By : IG user Pratahkal Live
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












