X
X

Fact Check: फिल्म सिकंदर के बाद सलमान खान के घर पर फायरिंग का दावा फर्जी, सीरिया का वीडियो वायरल

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि फिल्म सिकंदर की रिलीज के बाद सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई है। वायरल किया जा रहा यह वीडियो सीरिया का है। सीरिया के वीडियो को फर्जी दावे के साथ फैलाया जा रहा है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Apr 2, 2025 at 04:34 PM
  • Updated: Apr 2, 2025 at 05:43 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पिछले दिनों सलमान खान की फिल्म सिकंदर रिलीज हुई है और इसी के बाद से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोगों को एक बिल्डिंग के बाहर फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को ब्रेकिंग न्यूज़ के तौर पर शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि सलमान खान के किसी अज्ञात फैन ने फिल्म सिकंदर से निराश होकर उनके घर के बाहर यह फायरिंग की है।

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि फिल्म सिकंदर की रिलीज के बाद सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई है। वायरल किया जा रहा यह वीडियो सीरिया का है। सीरिया के वीडियो को फर्जी दावे के साथ फैलाया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

इंस्टाग्राम यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, ”ब्रेकिंग न्यूज़: सलमान खान के घर पर फायरिंग, ‘सिकंदर’ मूवी के बाद बढ़ा विवाद! बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘सिकंदर’ का जबरदस्त क्रेज फैंस के बीच देखा जा रहा है, लेकिन इस बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार देर रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट (बांद्रा, मुंबई) पर फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद पूरे बॉलीवुड और सलमान के फैंस में सनसनी फैल गई है। सूत्रों के अनुसार, गोलीबारी के पीछे किसी असंतुष्ट गुट का हाथ हो सकता है, जो ‘सिकंदर’ फिल्म से नाराज है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अभी तक किसी भी आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। सलमान खान और उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं, लेकिन इस हमले से उनके प्रशंसकों में गहरी चिंता है।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने न्यूज सर्च किया। सर्च किये जाने पर हमें फिल्म सिकंदर के बाद सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की घटना से सम्बंधित कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली। अगर ऐसी किसी भी घटना में सच्चाई होती तो इसका जिक्र खबरों में जरूर होता।

खबरों के मुताबिक, 14 अप्रैल 2024 को अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर चार राउंड फायरिंग की गई थी। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल को इस मामले में वांछित आरोपी के रूप में नामित किया गया है।

अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो के की- फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिये सर्च किया। सर्च किये जाने पर हमें यह वीडियो कई न्यूज वेबसाइट पर छपी खबर के साथ मिला। रॉयटर्स की 7 मार्च 2025 की खबर में दी गई जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो सीरिया का है, जहां अपदस्थ नेता बशर अल-असद से जुड़े लड़ाकों ने सरकारी बलों पर घातक हमला किया है।

इसी बुनियाद पर हमने वीडियो से जुड़ी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें यह वीडियो एनबीसी की वेबसाइट पर भी 7 मार्च 2025 को छपी खबर में मिला। यहां वीडियो के बारे में बताया गया, “सीरिया के अपदस्थ नेता बशर अल-असद से जुड़े लड़ाकों ने गुरुवार को सरकारी बलों पर जानलेवा हमला किया। यह हमला इस्लामवादी नेतृत्व वाले विद्रोहियों द्वारा सत्ता पर कब्ज़ा करने के बाद से सरकार के खिलाफ सबसे भयानक हिंसा में से एक है।” पूरी खबर यहां पढ़ें।

वायरल पोस्ट में किये जा रहे दावे से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे साथी दैनिक जागरण में बॉलीवुड को कवर करने वाली संवाददता स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क साधा। उन्होंने हमें बताया कि हाल- फिलहाल सलमान खान के घर में फायरिंग की कोई घटना सामने नहीं आई है, यह दावा बिल्कुल गलत है।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर ‘ग्वालियर से’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि इस हैंडल को 30 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि फिल्म सिकंदर की रिलीज के बाद सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई है। वायरल किया जा रहा यह वीडियो सीरिया का है। सीरिया के वीडियो को फर्जी दावे के साथ फैलाया जा रहा है।

  • Claim Review : सलमान खान के किसी अज्ञात फैन ने फिल्म सिकंदर से निराश होकर उनके घर के बाहर यह फायरिंग की है।
  • Claimed By : Instagram User- gwalior.say
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later