Fact Check: आनंद मोहन की पुलिस के साथ हाथापाई की पुरानी घटना का वीडियो हाल का बताकर किया जा रहा शेयर
पूर्व सांसद आनंद मोहन की पुलिस के साथ हुई हाथापाई की बेहद पुरानी घटना के वीडियो को हाल की घटना बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Apr 7, 2025 at 02:59 PM
- Updated: Apr 7, 2025 at 04:23 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक बिल पर चर्चा के दौरान पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के जमींदारी पर दिए गए बयान पर पूर्व सांसद आनंद मोहन के पलटवार के बाद सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसमें वे पुलिस के साथ हाथापाई करते हुए नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि हाल ही में पुलिस ने आनंद मोहन की पिटाई कर दी।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल हो रहा वीडियो अभी का नहीं, बल्कि कई साल पुरानी घटना का है, जब गिरफ्तारी के वक्त उनकी पुलिस से हाथापाई हुई थी। इसी पुराने वीडियो को हाल का बताकर वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Chandan Kumar Rajak’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “मुगलपूत #बाहुबली आनंद मोहन सिंह की कुटाई कर दी पुलिस ने।”
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो के आधार पर की-वर्ड सर्च में हमें हाल की कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें आनंद मोहन की पुलिस से हाथापाई का जिक्र हो।
हालांकि, ऐसी कई रिपोर्ट्स मिली, जिसमें पप्पू यादव पर उनके जवाबी पलटवार का जिक्र है। जागरण.कॉम की पांच अप्रैल की रिपोर्ट के मुताबिक, “बिहार के बाहुबली नेता पप्पू यादव और आनंद मोहन के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। पप्पू यादव ने लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पर जमींदारों को अंग्रेजों का दलाल बताया, जिस पर आनंद मोहन ने उन्हें पूर्णिया आकर देखने की चुनौती दी। बाद में पप्पू यादव ने फेसबुक लाइव पर माफी मांग ली। दोनों नेता बिहार की राजनीति में बाहुबल के लिए जाने जाते हैं।”
वायरल वीडियो में ‘बिहार तक’ का लोगो लगा हुआ है। इसी आधार पर सर्च करने पर हमें यह वीडियो ‘बिहार तक’ के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर मिला, जिसे 26 अप्रैल 2023 को अपलोड किया गया है।
दी गई जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो उस वक्त का है, जब आनंद मोहन को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस पहुंची थी और इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प हो गई थी।
‘बिहार तक’ के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी हमें यह वीडियो समान संदर्भ में अपलोड किया हुआ मिला। दी गई जानकारी के मुताबिक, आनंद मोहन की गिरफ्तारी के दौरान उनकी सीओ से हाथापाई हो गई थी।
हिंदी.न्यूज18.कॉम की वेबसाइट पर हमें एक रिपोर्ट मिली, जिसमें इस घटना के संदर्भ का जिक्र है। रिपोर्ट के मुताबिक, “साल 2006 में कुंदन कृष्णन पटना के सिटी एसपी थे. उस दौरान उनका सामना आनंद मोहन और उनके समर्थकों से हो गया था. इस दौरान नौबत हाथापाई तक पहुंच गयी थी.दरअसल 2006 में आनंद मोहन को एक केस में पेश होने के लिए देहारादून से पटना आना था. इस दौरान आनंद मोहन पटना में एक होटल में रुके थे. इस बात की जानकारी मिलते ही तत्कालीन सिटी एसपी कुंदन कृष्णन आनंद मोहन के पास पहुंच गए. इस दौरान जो वहां जो हुआ था उसकी चर्चा बिहार ही नहीं देश में होने लगी थी.”
17 जुलाई 2006 की टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में इस घटना का विस्तृत विवरण मौजूद है।
हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो क्लिप हाल का नहीं, बल्कि पुराना है। वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने आनंद मोहन का इंटरव्यू करने वाले पत्रकार और पंचायत खबर.कॉम के संपादक संतोष सिंह से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह वीडियो हाल की किसी घटना से संबंधित नहीं है।
गौरतलब है कि 2023 में बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह 16 साल बाद जेल से रिहा हो चुके हैं। वे गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहे थे। न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार सरकार ने आनंद मोहन समेत 27 बंदियों को बिहार सरकार कारा अधिनियम में बदलाव करते हुए जेल से रिहा किया था।
वायरल वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल से विचारधारा विशेष से प्रेरित सामग्री शेयर की जाती है।
निष्कर्ष: पूर्व सांसद आनंद मोहन की पुलिस के साथ हुई हाथापाई की बेहद पुरानी घटना के वीडियो को हाल की घटना बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : पुलिस ने की आनंद मोहन की पिटाई।
- Claimed By : FB User-Chandan Kumar Rajak
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












