Fact Check : अखिलेश यादव के साथ नजर आ रहे उद्योगपति आशीष सर्राफ हैं, पाकिस्तानी सांसद नहीं
अखिलेश यादव की वायरल तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। अखिलेश यादव के साथ नजर आ रहे शख्स पाकिस्तानी सांसद सैफुल्लाह अब्रू नहीं, बल्कि उद्योगपति आशीष सर्राफ हैं।
- By: Pragya Shukla
- Published: May 5, 2025 at 06:34 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में उन्हें एक शख्स के साथ खड़े देखा जा सकता है। इस फोटो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वो पाकिस्तान के सांसद सैफुल्लाह अब्रू है, जिनके साथ अखिलेश यादव ने लंदन में वक्त बिताया था।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अखिलेश यादव के साथ नजर आ रहे शख्स पाकिस्तानी सांसद सैफुल्लाह अब्रू नहीं, बल्कि उद्योगपति आशीष सर्राफ हैं। इनका जन्म भारत में हुआ था और उन्होंने यहीं पर अपनी पढ़ाई की है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘आर कुक्कल’ ने 4 मई 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “लंदन में जश्न मना रहा था ग** टों*** ;चो****, पाकिस्तानी सैफ़ुल्लाह के साथ पाकिस्तान की संसद में सांसद सैफ़ुल्लाह ने कल पाकिस्तान के पक्ष में दिए उसके बयान पर ख़ुशी का इज़हार की ,अखिलेश यादव के भारत विरोधी बयान पर पाकिस्तान में ख़ुशी की लहर, अगला चुनाव लगता है कि समाजवादी पार्टी मुखिया इस्लामाबाद से लड़ेगा ? वंदे मातरम्।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर आशीष सर्राफ नामक एक वेबसाइट पर मिली। वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, शख्स का नाम आशीष सर्राफ है। आशीष सर्राफ भारतीय हैं। उनका जन्म भारत के नागपुर शहर में हुआ है और उन्होंने भारत से ही अपनी पढ़ाई भी की है। वो भारत में दो राजनयिक पदों को भी संभाल चुके हैं। फिलहाल वो अंतरराष्ट्रीय ट्रेडिंग फर्म फेकोर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन और सीईओ हैं।

वेबसाइट पर कई अन्य नेताओं के साथ आशीष सर्राफ ने तस्वीरों को शेयर किया हुआ है।

पड़ताल के दौरान हमें आशीष सर्राफ के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स भी मिले। लिंक्डइन पर उन्होंने खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया है।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से वायरल तस्वीर को इसी दावे के साथ शेयर किया था, जिसका रिप्लाई देते हुए समाजवादी पार्टी ने दावे का खंडन किया है। उन्होंने 1 मई 2025 को एक पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा है, “भाजपा सांसद @nishikant_dubey जी आप की या भाजपा की याददाश्त कमजोर है या आप एक अच्छे व्यक्ति को बदनाम करने की कोई सुपारी लिए हुए हैं? आप जिसे कथित सैफुल्लाह बता रहे हैं वो एक शरीफ, बेहतरीन और अच्छे इंसान आशीष सर्राफ जी हैं। आशीष सर्राफ जी की तस्वीरें तमाम भाजपा नेताओं के साथ हैं और उन्होंने अच्छा खासा इन्वेस्टमेंट भी भाजपा शासित राज्यों में किया है और जिसका सबूत सामने है। या तो आप शातिर हैं और आशीष सर्राफ को बदनाम करना चाहते हैं या आप मंदबुद्धि या मतिभ्रम का शिकार हैं निशिकांत जी? आपकी और भाजपा की रिसर्च कमजोर है या आप लोगों ने जानबूझकर ऐसी हरकत की है? शर्म आनी चाहिए आपको और भाजपा को निशिकांत जी। किसी एक वर्ल्ड क्लास व्यक्ति की तस्वीर लगाकर उनका नाम बदनाम करने के लिए।”
आशीष सर्राफ और पाकिस्तानी सासंद सैफुल्लाह अब्रू के बीच के अंतर को नीचे देखा जा सकता है।

न्यूज 18 की वेबसाइट पर 30 अप्रैल 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “पीटीआई (पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ) के सिनेटर सैफुल्लाह अब्रू ने अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी का जिक्र करते हुए कहा कि इंडिया में विपक्षी पार्टियां हीं मोदी की मजम्मत यानी विरोध कर रही हैं। कोई उनका साथ नहीं दे रहा।”

अधिक जानकारी के लिए हमने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष कुमार वर्मा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। उन्होंने बताया कि यह तस्वीर पाक नेता की नहीं, बल्कि उद्योगपति आशीष सर्राफ की है।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को तुर्किये का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अखिलेश यादव की वायरल तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। अखिलेश यादव के साथ नजर आ रहे शख्स पाकिस्तानी सांसद सैफुल्लाह अब्रू नहीं, बल्कि उद्योगपति आशीष सर्राफ हैं। इनका जन्म भारत में हुआ था और उन्होनें अपनी पढ़ाई भी यहीं से की है।
- Claim Review : पाकिस्तानी सांसद सैफुल्लाह अब्रू के साथ अखिलेश यादव की तस्वीर।
- Claimed By : FB User R Kukkal
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












