Fact Check : अमित शाह के नाम पर बनाया गया Fake बयान, न्यूज चैनल ने नहीं की ऐसी कोई पोस्ट
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। पड़ताल में पता चला कि अमित शाह की ओर से ऐसा कोई बयान नहीं दिया गया है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: May 6, 2025 at 04:58 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। गृह मंत्री अमित शाह के बयान के नाम पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। न्यूज चैनल न्यूज 24 के हवाले से दावा किया गया कि गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि बिहार चुनाव से ठीक पहले होगी पहलगाम के बदले की घोषणा। पोस्ट में न्यूज 24 चैनल का लोगो इस्तेमाल करते हुए अमित शाह की तस्वीर भी लगाई गई है। इस पोस्ट को सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। पड़ताल में पता चला कि अमित शाह की ओर से ऐसा कोई बयान नहीं दिया गया है। इसके अलावा न्यूज चैनल के सोशल मीडिया हैंडल पर भी ऐसी कोई पोस्ट अपलोड नहीं की गई है। हमारी जांच में वायरल पोस्ट पूरी तरह से बेबुनियाद और झूठी साबित हुई।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर दिनेश बघेल ने 3 मई को एक पोस्ट करते हुए लिखा, “गर्व करो बिहारवासियों। बदला लेने में तुम्हारा बहुत बड़ा योगदान है।”
पोस्ट में अमित शाह की तस्वीर और न्यूज चैनल का लोगो इस्तेमाल करते हुए लिखा गया, “बिहार चुनाव से ठीक पहले होगी पहलगाम के बदले की घोषणा।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने अमित शाह के नाम पर वायरल बयान ‘बिहार चुनाव से ठीक पहले होगी पहलगाम के बदले की घोषणा’ की जांच के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। हमें सर्च करने पर ऐसी कोई खबर नहीं मिली, जिसमें अमित शाह ने ऐसा कोई बयान दिया हो, जैसा कि वायरल पोस्ट में दावा किया गया है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने न्यूज 24 के सोशल मीडिया हैंडल्स को स्कैन किया। चैनल के एक्स हैंडल पर हमें वायरल पोस्ट से जुड़ी एक पोस्ट मिली। इसमें बताया गया कि चैनल के नाम पर वायरल हो रही पोस्ट पूरी तरह से झूठी है। 2 मई को चैनल ने अपनी पोस्ट में लिखा, “Fake News alert: न्यूज़ 24 के नाम से ये फ़र्ज़ी पोस्ट शेयर किया जा रहा है. इस पर ध्यान न दें।”
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए न्यूज 24 के कार्यकारी संपादक और एंकर मानक गुप्ता से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने जानकारी देते हुए कि चैनल के नाम पर वायरल की जा रही सोशल मीडिया पोस्ट पूरी तरह से झूठी है।
पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। दिनेश बघेल नाम के इस यूजर को फेसबुक पर छह हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर दिल्ली में रहता है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में अमित शाह के बयान के नाम पर वायरल हो रही पोस्ट फेक साबित हुई। उन्होंने पहलगाम को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, जैसा कि वायरल पोस्ट में लिखा गया।
- Claim Review : गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि बिहार चुनाव से ठीक पहले होगी पहलगाम के बदले की घोषणा।
- Claimed By : FB User Dinesh Baghel
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












