X
X

Fact Check: कैंची धाम में सुरक्षाबलों ने की थी मॉक ड्रिल, आतंकियों के पकड़े जाने का दावा गलत

नैनीताल के कैंची धाम परिसर में 10 मई को किसी भी संभावित खतरे से निपटने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था। इस दौरान सुरक्षाबल के जवानों ने नाटकीय तौर पर दो ‘आतंकियों’ को मार गिराया, जबकि तीन को पकड़ा था। 

Kainchi Dham News, Uttarakhand News, Kainchi Dham Mock Drill, India Pakistan News, India Pakistan Ceasefire, India Pakistan Conflict

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत-पाक के बीच उपजे तनाव के बीच उत्तराखंड के कैंची धाम को लेकर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें शेयर किए गए वीडियो में सुरक्षाबल के जवानों को कुछ लोगों को पकड़कर ले जाते हुए दिखाया गया है। वीडियो में ‘भारत माता की जय’ के नारे को भी सुना जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि कैंची धाम में आतंकी पकड़े गए हैं।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि कैंची धाम में 10 मई को किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए मॉक ड्रिल हुई थी। इस दौरान सुरक्षाबल के जवानों ने नाटकीय तौर पर दो ‘आतंकियों’ को मार गिराया, जबकि तीन को पकड़ लिया। मॉक ड्रिल के वीडियो को यूजर्स गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर sanatani__hindu_444 ने 12 मई को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “कैंची धाम में आतंकी पकड़े गए।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। pyarauttarakhand.com_ इंस्टा यूजर ने 12 मई को वायरल वीडियो को पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि कैंची धाम में मॉक ड्रिल की गई थी। उसके वीडियो को भ्रामक तरीके से आतंकी हमले का बताकर पोस्ट किया जा रहा है।

न्यूज 18 की वेबसाइट पर 11 मई को इससे संबंधित खबर छपी है। इसके मुताबिक, नैनीताल स्थित कैंची धाम क्षेत्र में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस, स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ), अग्निशमन विभाग, एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) और क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) शामिल रहे।  इसके तहत सुरक्षाबलों ने नाटकीय तौर पर दो ‘आतंकवादियों’ को मार गिराया, जबकि तीन को गिरफ्तार कर लिया। इसके जरिए न सिर्फ सुरक्षाबलों की तत्परता जांची गई, बल्कि संभावित खतरों से निपटने की रणनीति को भी परखा गया।

खबर में मॉक ड्रिल का वीडियो भी अपलोड किया गया है। इसमें और वायरल वीडियो में सुरक्षाबलों की गिरफ्त में दिख रहे तीनों युवक और लोकेशन एक जैसी दिख रही है।

दैनिक जागरण के नैनीताल संस्करण में भी 11 मई को इस बारे में खबर छपी है। इसके मुताबिक, कैंची धाम परिसर में किसी भी संभावति खतरे से निपटने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर मॉक ड्रिल हुई। इसमें दो ‘आतंकियों’ को नाटकीय तौर पर मार गिराने और तीन को पकड़ने की बात लिखी है।

इस बारे में हमने नैनीताल के एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा से संपर्क किया। उन्होंने इसे मॉक ड्रिल का वीडियो बताया।

एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने भी इसे मॉक ड्रिल का वीडियो बताया और कहा कि सोशल मीडिया पर झूठा दावा किया जा रहा है।

वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले इंस्टा यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 16 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: नैनीताल के कैंची धाम परिसर में 10 मई को किसी भी संभावित खतरे से निपटने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था। इस दौरान सुरक्षाबल के जवानों ने नाटकीय तौर पर दो ‘आतंकियों’ को मार गिराया, जबकि तीन को पकड़ा था। 

  • Claim Review : कैंची धाम में आतंकी पकड़े गए हैं।
  • Claimed By : Insta User- sanatani__hindu_444
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later