Fact Check: AI-Generated है तबाह स्टेडियम की यह तस्वीर, भारत-पाक तनाव से जोड़ किया जा रहा वायरल
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि भारत और पाकिस्तान तनाव के बीच वायरल हो रही तबाह स्टेडियम की तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: May 14, 2025 at 05:44 PM
- Updated: May 15, 2025 at 10:38 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़)। भारत और पाकिस्तान तनाव के बीच एक बर्बाद और खंडहरनुमा स्टेडियम की तस्वीर वायरल हो रही है। कहीं इस तस्वीर को रावलपिंडी स्टेडियम पर भारतीय एयरफोर्स की ‘कार्रवाई’ का बताकर वायरल किया जा रहा है, तो कहीं इस तस्वीर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर पाकिस्तान की और से की गई कार्रवाई का बताकर वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा गलत है। यह तस्वीर एआई निर्मित है।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर Naresh kumar ने 11 मई 2025 को वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर किया और लिखा “भारत ने पाकिस्तान के रावलपिंडी स्टेडियम को ड्रोन से किया नष्ट”

वहीं, फेसबुक यूजर Manoj Sharma ने 11 मई 2025 को वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा- “Narendra Modi Stadium तबाह बर्बाद हो गया रात को 3 बजे। अब नहीं होगा IPL मैच।”

पड़ताल
इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड्स की मदद से ढूंढा। टाइम्स ऑफ़ इंडिया की 9 मई 2025 की वीडियो रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय हमलावर ड्रोन आठ मई को रावलपिंडी स्टेडियम के पास गिरा। इस रिपोर्ट में दुकानों की टूटी हुई खिड़कियां देखी जा सकती हैं। मगर वायरल तस्वीर जैसा कोई नजारा नहीं दिखता।
सीएनएन की एक वीडियो रिपोर्ट में भी रावलपिंडी स्टेडियम के पास हुए ड्रोन हमले का इम्पैक्ट दिखाया गया है और इसमें भी देखा जा सकता है कि स्टेडियम के आसपास नुकसान हुआ है मगर वायरल तस्वीर जैसा कुछ नहीं है।
इसके बाद हमने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बारे में खोजा। हमें ख़बरों में कहीं भी स्टेडियम पर हुए किसी हमले या नुकसान की कोई खबर नहीं मिली।
गूगल मैप्स का इस्तेमाल करके भी दिखा कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम सही-सलामत है।
वायरल तस्वीर को गौर से देखने पर इसमें कई कमियां नजर आती हैं। इससे हमें शक हुआ कि यह तस्वीर AI निर्मित हो सकती है।
हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए फोटो को एआई की मदद से बने मल्टीमीडिया की जांच करने वाले टूल्स की मदद से सर्च किया। हमने हाइव मॉडरेशन टूल की मदद से फोटो को सर्च किया। इस टूल ने फोटो के 99.2 फीसदी तक एआई जेनरेटेड होने की संभावना बताई।
हमने वायरल पोस्ट को एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने तस्वीरों को एआई जेनरेटेड बताया । उन्होंने कहा, “यह पोस्ट फर्जी है, क्योंकि पहली बात तो यह स्टेडियम जैसा नहीं लगता है, क्योंकि बीच में कुछ भी नहीं है (पिच/ट्रैक/उपकरण/घास)। साथ ही, ज़ूम-इन करने पर वस्तुएँ धुंधली दिखती हैं इसलिए कोई विवरण मौजूद नहीं है। इसके अलावा, एआई घुमावदार परिप्रेक्ष्य को ठीक से नहीं बना पाया है, क्योंकि स्टेडियम बाईं से दाईं ओर आकार बदलता हुआ प्रतीत हो रहा है।”
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Naresh kumar को 2 लाख से अधिक यूजर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि भारत और पाकिस्तान तनाव के बीच वायरल हो रही तबाह स्टेडियम की तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
- Claim Review : भारत ने पाकिस्तान के रावलपिंडी स्टेडियम को ड्रोन से किया नष्ट
- Claimed By : Facebook user Naresh kumar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












