X
X

Fact Check: शाहरुख को लेकर दिए गए योगी आदित्यनाथ के पुराने बयान को किया जा रहा भ्रामक दावे से वायरल

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो साल 2015 का है। यह वीडियो उस वक्त का है जब योगी आदित्यनाथ उत्तरप्रदेश के मुख्यामंत्री नहीं थे और उस वक्त उन्होंने शाहरुख खान के देश में बढ़ती असहिष्णुता से जुड़ी बात पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए यह वायरल बयान दिया था। इसी पुराने बयान को ऑपरेशन सिन्दूर के बाद भ्रामक दावे के साथ फैलाया जा रहा है।

  • By: Umam Noor
  • Published: May 26, 2025 at 06:13 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ पर बयान न देने के मामले में  बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान को काफी ट्रोल किया जा रहा है। इसी बीच उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें शाहरुख खान की आलोचना करते हुए सुना जा सकता है। वीडियो को हालिया मामले से जोड़कर अलग-अलग प्लेटफार्म पर फैलाया जा रहा है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो साल 2015 का है। यह वीडियो उस वक्त का है जब योगी आदित्यनाथ उत्तरप्रदेश के मुख्यामंत्री नहीं थे और उस वक्त उन्होंने शाहरुख खान के देश में बढ़ती असहिष्णुता से जुड़ी बात पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए यह वायरल बयान दिया था। इसी पुराने बयान को ऑपरेशन सिन्दूर के बाद भ्रामक दावे के साथ फैलाया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर ‘Jaymala Bhosle’ 24 मई 2025 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “शाहरुख खान की मूवी ना देखने के लिए उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री परम पूज्य महंत योगी आदित्यनाथ जी का दो टूक संदेश। इस सन्देश को घर-घर पहुंचाएं । यह वीडियो बहुत महत्वपूर्ण है। जय श्री राम। जय हो।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

 वायरल वीडियो में योगी आदित्यनाथ को यह कहते हुए सुना जा सकता है, यह पहली बार नहीं है, जब शाहरुख खान ऐसा कर रहे हैं। शाहरुख खान को यह याद रखना चाहिए कि अगर देश का बहुसंख्यक समाज उनकी फिल्मों का बहिष्कार कर देगा तो एक आम मुसलमान की तरह उनको भी सड़कों पर भटकना पड़ेगा। मुद्दों पर तथ्यों पर बात होनी चाहिए। भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को खराब करने की जो अंतरराष्ट्रीय साजिशें हो रही हैं, उससे सभी को बचना चाहिए… दुनिया का कोई सहिष्णु समाज है तो वह हिंदू समाज है। हिंदू समाज को बदनाम करने के लिए कोई इस तरह के षडयंत्रों में शामिल है, तो उसकी सामूहिक निंदा होनी चाहिए और उसका सामूहिक बहिष्कार होना चाहिए।’

यह पहली बार नहीं है, जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। साल 2022 में शाहरुख खान की फिल्म पठान से पहले भी इस वीडियो को इसी तरह के दावे के साथ फैलाया जा चुका है।

योगी आदित्यनाथ के वायरल हो रहे इस वीडियो में न्यूज एजेंसी एएनआई का लोगो नजर आ रहा है। इसी बुनियाद पर अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वीडियो को की-वर्ड की मदद से सर्च किया। सर्च किये जाने पर हमें यह वीडियो एएनआई के यू-ट्यूब चैनल पर 4 नवंबर 2015 को अपलोड किया हुआ मिला।

वीडियो में रिपोर्टर को योगी आदित्यनाथ से यह पूछते हुए सुना जा सकता है, “मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद ने कहा है कि अगर ऐसे लोग शाहरुख खान या जो साहित्यकार हैं, भारत में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं तो उन्हें पाकिस्तान आ जाना चाहिए।”

वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, “भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की सोच में कोई अंतर नहीं है। हाफिज सईद द्वारा खान को पाकिस्तान आकर रहने के निमंत्रण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि वह निमंत्रण का स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि अभिनेता इस पर विचार करेंगे।”

https://www.youtube.com/watch?v=OhselMEhmnM

इसी कड़ी में हमने अपनी पड़ताल आगे बढ़ाया और मामले से जुड़ा न्यूज सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें 4 नवंबर 2015 को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर मिली। खबर में बताया गया है, “शाहरुख खान ने अपने 50वें जन्मदिन पर देश में चरम असहिष्णुता की बात की थी।’ उनके इस बयान के बाद बीजेपी के कई नेताओं ने उनकी आलोचना की थी।

यह वीडियो इससे पहले भी वायरल हो चुका है और उस दौरान वो गोरखपुर के सांसद थे, न कि उत्तर प्रदेश के सीएम। ऐसे में अधिक जानकारी के लिए हमने गोरखपुर के स्थानीय पत्रकार धीरेंद्र विक्रमादित्य गोपाल से संपर्क किया था। हमें बताया गया कि यह योगी आदित्यनाथ का 2015 का बयान है और उस वक्त वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी नहीं थे।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘Jaymala Bhosle’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि इस प्रोफाइल से विचारधारा विशेष से जुड़ी पोस्ट शेयर की जाती हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो साल 2015 का है। यह वीडियो उस वक्त का है जब योगी आदित्यनाथ उत्तरप्रदेश के मुख्यामंत्री नहीं थे और उस वक्त उन्होंने देश में बढ़ती असहिष्णुता को लेकर शाहरुख  खान की टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए यह वायरल बयान दिया था। इसी पुराने बयान को ऑपरेशन सिन्दूर के बाद भ्रामक दावे के साथ फैलाया जा रहा है। 

  • Claim Review : शाहरुख पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने हालिया रोज यह बयान दिया है।
  • Claimed By : FB User- Jaymala Bhosle
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later