X
X

Fact Check : राहुल गांधी की सभाओं में एक ही व्यक्ति के कभी कुली तो कभी डीयू छात्र होने का दावा गलत

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सभाओं में एक ही व्यक्ति के कभी कुली तो कभी डीयू छात्र होने का दावा गलत है। वायरल पोस्ट में दिख रहे दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के संयुक्त सचिव लोकेश चौधरी और दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कुली का काम करने वाले केदार लाल अलग-अलग व्यक्ति हैं।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Jun 4, 2025 at 01:56 PM
  • Updated: Jun 4, 2025 at 04:09 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दुष्‍प्रचार की मंशा से दो तस्वीरों का एक कोलाज वायरल हो रहा है, जिसमें एक तस्वीर में उन्हें कुछ छात्रों के साथ वहीं  दूसरी तस्वीर  में रेलवे कुली के साथ बैठे देखा जा सकता है। कोलाज में दोनों तस्वीरों में एक-एक आदमी के चेहरे पर लाल गोला बनाकर शेयर किया गया है और दावा किया जा रहा है कि दोनों तस्वीरों में एक व्यक्ति है,जो पहली तस्वीर में छात्र बनकर बैठा है और दूसरी तस्वीर में कुली।

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्‍ट की विस्‍तार से जांच की। हमने अपनी जांच में पाया कि राहुल गांधी से जुड़ी पोस्‍ट पूरी तरह से बेबुनियाद है। एक तस्‍वीर को फर्जी दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। वायरल फोटो में दिख रहे दोनों व्यक्ति अलग-अलग हैं। छात्रों के ग्रुप में बैठे व्यक्ति लोकेश चौधरी है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के वर्तमान संयुक्त सचिव हैं। दूसरी फोटो में दिख रहे व्यक्ति दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कुली का काम करते हैं।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Pushpendra Kulshrestha group ने 27 मई 2025 को इस कोलाज को शेयर करते हुए लिखा “अपना पप्पू भी ऐंटिक पीस है… इसके चेले वही कुली बन जाते हैं वही डियू के स्टूडेंट बन जाते हैं…. “

पड़ताल

इन दोनों तस्वीरों की सच्‍चाई का पता लगाने के लिए सबसे पहले गूगल रिवर्स इमेज टूल का इस्‍तेमाल किया। हमने दोनों तस्वीरों को एक-एक करके  ढूंढा।

पहली तस्वीर

पहली तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च किया। हमने पाया कि पहली तस्वीर को इंडियन यूथ कांग्रेस के एक्स हैंडल से 27 मई 2025 को शेयर किया गया था। यह तस्वीर दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के छात्रों से राहुल गांधी से हुई मुलाकात की है। 

हमें इस तस्वीर को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के संयुक्त सचिव लोकेश चौधरी का 28 मई 2025 का एक ट्वीट मिला, जिसमें उन्होंने वायरल कोलाज को फर्जी बताया था।

https://twitter.com/Lokeshnsui9/status/1927593584158511156

हमने इस विषय में लोकेश से फ़ोन पर संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि तस्वीर में दिख रहे छात्र वही हैं। उन्होंने बताया कि वे तस्वीर में दिख रहे कुली से किसी भी तरह से सम्बंधित नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मैं तो वायरल तस्वीर में दिख रहे कुली को जानता भी नहीं। भाजपा और आरएसएस मुझे निशाना बना रहे हैं, क्योंकि मैं विश्वविद्यालय में पिछड़े वर्गों और राहुल गांधीजी के ‘सामाजिक न्याय’ आंदोलन के लिए काम कर रहा हूं।”

हमने लोकेश के सोशल मीडिया एकाउंट्स को भी चेक किया, जहाँ उनकी कई तस्वीरें मिलीं।

दूसरी तस्वीर

रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह तस्वीर राहुल गांधी के X हैंडल पर 1 मार्च 2025 को अपलोड मिली। साथ में लिखा था, “अक्सर सबसे अंधकार भरे समय में ही इंसानियत की रोशनी सबसे ज्यादा चमकती है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के दौरान कुली भाइयों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए कई यात्रियों की जान बचाई थी। इसके लिए मैंने देशवासियों की ओर से आज उनका धन्यवाद किया। लेकिन ऐसे हादसों से सीख लेना ज़रूरी है। भीड़ नियंत्रण, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत करके इन्हें रोका जा सकता है। आशा है सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाएगी ताकि हर वर्ग के यात्री सुरक्षित यात्रा कर सकें।”

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें न्यूज़ एजेंसी ANI की वेबसाइट पर 1 मार्च 2025 की एक खबर मिली, जिसमें वायरल तस्वीर में दिख रहे कुली को करीब से देखा जा सकता है।

हमें राहुल गांधी की इस विजिट को लेकर न्यूज़ 9 लाइव के यूट्यूब चैनल पर भी एक वीडियो मिला,  जिसमें उन कुली का इंटरव्यू था, जिनसे राहुल गाँधी मिले थे। इस वीडियो में एक क्लिप उस कुली का भी था, जिसे वायरल पोस्ट में शेयर किया गया है। इस वीडियो में कुली अपना नाम केदार लाल बता रहे हैं।

लोकेश चौधरी और केदार लाल के नाक-नक्श में अंतर नीचे दिए गए कोलाज में देखा जा सकता है।

अब बारी थी फर्जी पोस्‍ट को वायरल करने वाले यूजर की जांच करने की। Pushpendra Kulshrestha group के 2 लाख से अधिक फ़ॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सभाओं में एक ही व्यक्ति के कभी कुली तो कभी डीयू छात्र होने का दावा गलत है। वायरल पोस्ट में दिख रहे दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के संयुक्त सचिव लोकेश चौधरी और दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कुली का काम करने वाले केदार लाल अलग-अलग व्यक्ति हैं।

  • Claim Review : राहुल गांधी की सभाओं में एक ही व्यक्ति के कभी कुली तो कभी डीयू छात्र
  • Claimed By : FB user Pushpendra Kulshrestha group
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later