Fact Check : सही सलामत हैं जामा मस्जिद के शाही इमाम अहमद बुखारी, निधन की उड़ी अफवाह
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। जामा मस्जिद के शाही इमाम बुखारी पिछले दिनों अस्पताल में एक माइनर सर्जरी के चलते भर्ती हुए थे। हालांकि, अब वो रिकवर कर रहे हैं और घर भी आ गए हैं।
- By: Umam Noor
- Published: Jun 5, 2025 at 03:24 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पिछले दिनों जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुख़ारी के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें सामने आई थीं। और अब इन्हीं ख़बरों के बीच सोशल मीडिया के अलग- अलग प्लेटफॉर्म पर उनकी सेहत से जुड़ी पोस्ट वायरल हो रही हैं। उनकी तस्वीर को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि इमाम अहमद बुखारी का निधन हो गया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। जामा मस्जिद के शाही इमाम बुखारी पिछले दिनों अस्पताल में एक माइनर सर्जरी के चलते भर्ती हुए थे। हालांकि, अब वो रिकवर कर रहे हैं और घर भी आ गए हैं।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ने 4 जून को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “जामा मस्जिद के शाही इमाम सय्यद अहमद बुख़ारी का निधन। दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम सय्यद अहमद बुख़ारी साहेब का इंतकाल हो गया। उनके निधन से देश भर में शोक की लहर दौड़ गई है। अल्लाह से दुआ है कि अल्लाह तआला उनकी मग़फ़िरत फ़रमाए और उन्हें जन्नतुल फ़िरदौस में आला मुक़ाम अता फरमाए। आमीन।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने न्यूज़ सर्च किया। सर्च में हमें 31 मई 2025 की ईटीवी भारत की एक खबर मिली। खबर में दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना सैयद अहमद बुखारी अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती हैं और अब उनकी तबीयत में पहले से सुधार है। दिल्ली की जामा मस्जिद के कार्यालय के सचिव अंसार उल हक ने वीडियो जारी कर सैयद अहमद बुखारी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि अपोलो अस्पताल नई दिल्ली में ईएनटी सर्जन ने शाही इमाम की सर्जरी की है। शाही इमाम की तबीयत ठीक है और जल्द ही हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो जाएंगे।”
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने इस मामले पर हालिया अपडेट के लिए शाही इमाम के बेटे इमाम शाबान बुखारी की सोशल स्कैनिंग की। सर्च में हमें 31 मई 2025 एक वीडियो पोस्ट हुआ मिला, जिसमें निधन से जुड़ी अफवाहों का खंडन करते हुए बताया गया है , “मेरे वालिद (पिता) इमाम बुखारी के बारे में एक खबर फैलाई जा रही है, जो बिल्कुल गलत है। जैसा कि आपको पता है कि मुंह में इन्फेक्शन की वजह से कुछ दिनों से वे दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टर कहना है कि अब उनकी सेहत बेहतर है और वह जल्द ही घर आ जायेंगे।”
इसी अकाउंट पर हमें 1 जून 2025 को इमाम बुखारी की सेहत से जुड़ी अपडेट को लेकर इमाम शाबान बुखारी का वीडियो मिला। वीडियो के साथ दिए गए कैप्शन में लिखा है, “अल्हम्दुलिल्लाह, मेरे पिता मौलाना सैयद अहमद बुखारी अब बेहतर हैं और अपोलो हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो गए हैं।”

वायरल पोस्ट से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने जामा मस्जिद के पीआरओ सबीउल्लाह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “पिछले महीने इमाम अहमद बुखारी को मुंह में इन्फेक्शन की वजह से एक छोटी सर्जरी हुई थी। हालांकि, वह अब ठीक हैं और घर आ चुके हैं।”
फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक पेज ‘कानूनी जंग न्यूज़’ की सोशल स्कैनिंग में हमने पाया कि दिए गए प्रोफाइल बायो के अनुसार, इस पेज को बिहार से संचालित किया जाता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। जामा मस्जिद के शाही इमाम बुखारी पिछले दिनों अस्पताल में एक माइनर सर्जरी के चलते भर्ती हुए थे। हालांकि, अब वो रिकवर कर रहे हैं और घर भी आ गए हैं।
- Claim Review : इमाम अहमद बुखारी का निधन हो गया है।
- Claimed By : FB User- कानूनी जंग न्यूज़
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












