Fact Check: कार्यक्रम के दौरान कंगना रनौत के साथ अभद्रता का दावा फेक, वायरल वीडियो पाकिस्तान का है
कंगना रनौत के नाम पर वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में वीडियो पाकिस्तान में हुए एक कार्यक्रम का है, जिसे अब कंगना रनौत से जोड़ते हुए गलत दावों के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jun 10, 2025 at 04:18 PM
- Updated: Jun 27, 2025 at 02:53 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक महिला को आपत्तिजनक इशारा करते हुए कुछ लोगों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों को मंच पर मौजूद महिला को हाथों से अभद्र इशारे करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत हैं, जिन्हें एक कार्यक्रम में दर्शकों की ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो में नजर आ रही महिला कंगना रनौत नहीं हैं और यह भारत का नहीं बल्कि पाकिस्तान में हुए एक कार्यक्रम का है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर Mohd Qadir ने 4 जून 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बड़ी खबर खबर रोमांचक है बीजेपी से कंगना रनौत किसी शो में गई हुई थी। उन्हें किसी बात को लेकर हिंदू संगठन के लोगो ने मिडिल फिंगर दिखा कर विरोध किया। कंगना रनौत ने ये सब देखते ही कहा कि कैमरा मैंन अच्छे से दिखाइए और इन लोगों को वायरल कर दीजिए। फिर क्या था वायरल तो होना ही था।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि वीडियो में पीछे की तरफ बैकग्राउंड में Q-Hhigh street लिखा हुआ है। इसके बारे में गूगल पर सर्च करने पर हमें इसका आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह पाकिस्तान स्थित एक रियल एस्टेट कंपनी है।
Q-high street के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि Q-high street ने लाहौर में एक ऑटोमोटिव इवेंट का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में पाकिस्तान के कई बड़े गायक और कलाकार शामिल हुए थे और उन्होंने परफॉर्म भी किया था। हमें गायकों के परफॉर्मेंस के दौरान बैकग्राउंड में वायरल वीडियो जैसा Q-high street का पोस्टर नजर आया।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने की-वर्ड्स के साथ गूगल सर्च किया। सर्च में यूट्यूब पर इस कार्यक्रम से जुड़े कई वीडियो मिले। ‘SOHAIB NAIN’ यूट्यूब चैनल पर हमें Q-HighStreet के कार्यक्रम का एक वीडियो मिला, जिसे 29 मई 2025 को शेयर किया गया था।
वीडियो में 3.44 के फ्रेम नजर आ रही महिला को साफ तौर पर देखा जा सकता है, जो वायरल विजुअल से हूबहू मेल खाता है।
पड़ताल के दौरान हमें इस कार्यक्रम से जुड़े कई अन्य वीडियो भी मिले। वायरल दावे को लेकर हमने कंगना रनौत की बहन रंगोली रनौत से फोन पर संपर्क किया।
वायरल दावे का खंडन करते हुए रंगोली रनौत ने बताया, “इस वीडियो का कंगना रनौत से कोई संबंध नहीं है।”
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल विचारधारा विशेष से प्रेरित है। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: स्टेज परफॉर्मेंस के दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री और लोकसभा सांसद कंगना रनौत के साथ अभद्रता का दावा फेक और सियासी दुष्प्रचार है। वास्तव में यह वीडियो पाकिस्तान में हुए एक कार्यक्रम का है, जिसमें कंगना रनौत मौजूद नहीं थीं।
- Claim Review : कंगना रनौत को एक इवेंट में दर्शकों ने अभद्र इशारे कर किया ट्रोल।
- Claimed By : FB User Mohd Qadir
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












