Fact Check: बेंगलुरु भगदड़ के बाद विराट कोहली की गिरफ्तारी और IPL से रिटायरमेंट का दावा फेक, वायरल बयान भी फर्जी है
बेंगलुरु भगदड़ के बाद विराट कोहली की गिरफ्तारी और आईपीएल से रिटायरमेंट की वायरल पोस्ट फेक है। इसके अलावा उन्होंने खुद को गिरफ्तार करने की बात कहने वाला कोई बयान नहीं दिया है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jun 11, 2025 at 04:38 PM
- Updated: Jun 11, 2025 at 04:56 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में 4 जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के आईपीएल जीतने पर जश्न मना था। इस दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेटर एवं आरसीबी के सदस्य विराट कोहली को लेकर कुछ पोस्ट वायरल हुई हैं।
कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि भगदड़ मामले में कोहली को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कुछ दावा कर रहे हैं कि हादसे के बाद कोहली ने आईपीएल से रिटायरमेंट लेने का एलान किया है। वहीं, एक पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि कोहली ने हादसे के बाद कहा है, “अगर मेरी गिरफ्तारी से लोगों की जान वापस आ सकती है तो मैं गिरफ्तारी के लिए तैयार हूं।”
विश्वास न्यूज की जांच में ये तीनों दावे फर्जी निकले। विराट कोहली की गिरफ्तारी की पोस्ट फेक है और उन्होंने आईपीएल से रिटायरमेंट को लेकर भी कोई एलान नहीं किया है। उनके नाम से गिरफ्तारी को लेकर वायरल हो रहा बयान भी फेक है। उन्होंने यह बयान नहीं दिया है।
वायरल पोस्ट
इंस्टा यूजर cricsports_04 ने 8 जून को पोस्ट को शेयर (आर्काइव लिंक) कर लिखा, “देखिए, भगदड कांड मे Kohli को किया एयरपोर्ट से गिरफ्तार तो रो पडी Anushka पर फिर कहा ऐसा सुन रो पडोगे“

इंस्टा यूजर prince_yadav_98000 ने 8 जून को एक पोस्ट (आर्काइव लिंक) शेयर की। इस पर लिखा है, “विराट कोहली ने कहा, 4 जून को भगदड़ में 11 मासूम लोगों की जान चली गई। कुछ लोग मुझे इसका ज़िम्मेदार मानते हैं और मेरी गिरफ़्तारी की मांग कर रहे हैं। अगर मेरी गिरफ़्तारी से उनकी जान वापस आ सकती है, तो मैं गिरफ़्तारी के लिए तैयार हूं। कितने लोग आज मेरे साथ हैं?“

सोशल मीडिया यूजर arup_aa_pp ने 7 जून को कथित अखबार की कटिंग शेयर (आर्काइव लिंक) कर दावा किया कि कोहली ने आईपीएल से रिटायरमेंट का एलान किया है।

पड़ताल
विराट कोहली की गिरफ्तारी और उनके रिटायरमेंट के एलान को लेकर वायरल पोस्ट हमें देखने पर ही फेक लगी। हमने तीनों दावों को एक-एक करके चेक किया।
पहली पोस्ट
अगर पुलिस भगदड़ मामले में विराट कोहली को गिरफ्तार करती तो मीडिया में खबर जरूर आती, लेकिन हमें ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
6 जून को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, बेंगलुरु में मची भगदड़ के मामले में आरसीबी, इवेंट मैनेजमेंट कंपनी डीएनए एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ और अन्य के लिए केस दर्ज किया गया था। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने RCB के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले को गिरफ्तार किया था। बता दें कि आरसीबी ने पहली बार आईपीएल खिताब जीता है। इसके जश्न के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर लाखों लोग पहुंच गए थे। इस दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 56 घायल हो गए थे। सीआईडी को इस मामले की जांच सौंप दी गई है।

इसके बाद हमने पोस्ट में दी गई दो तस्वीरों को ध्यान से देखा। इनमें पुलिस अधिकारियों की वर्दी पर सितारे नहीं हैं। नेम प्लेट पर नाम भी क्लियर नहीं है। इससे हमें यह तस्वीरें एआई जेनरेटेड लगीं।

दोनों तस्वीरों को हमने वाज इट एआई और हाइव मॉडरेशन से चेक किया। इनमें दोनों तस्वीरों को एआई संभावित बताया गया।




इस बारे में हमने बेंगलुरु के स्थानीय पत्रकार यासीर खान से संपर्क किया। उनका कहना है कि भगदड़ मामले में अभी तक आरसीबी से एक और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी डीएनए से तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है। कोहली की गिरफ्तारी की पोस्ट गलत है।
इससे साफ होता है कि एआई निर्मित तस्वीरों का इस्तेमाल कर विराट कोहली की गिरफ्तारी की फेक पोस्ट वायरल की गई है।
यूजर के एक लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। उन्होंने अन्य पोस्ट में भी इसी तरह के सनसनीखेज थंबनेल का इस्तेमाल किया है।
दूसरी पोस्ट
इसमें यूजर ने दावा किया है कि कोहली ने हादसे के बाद कहा, “4 जून को भगदड़ में 11 मासूम लोगों की जान चली गई। कुछ लोग मुझे इसका जिम्मेदार मानते हैं और मेरी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। अगर मेरी गिरफ्तारी से उनकी जान वापस आ सकती है, तो मैं गिरफ्तारी के लिए तैयार हूं। कितने लोग आज मेरे साथ हैं?”
इस बारे में हमने कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया, लेकिन कोहली के ऐसे किसी बयान के बारे में रिपोर्ट नहीं मिली।
कोहली के इंस्टा हैंडल से 4 जून को इस हादसे को लेकर पोस्ट की गई है। इसमें आरसीबी के आधिकारिक बयान के साथ कोहली ने लिखा है, “मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। पूरी तरह से टूट गया हूं।“
इसके साथ में आरसीबी का आधिकारिक बयान, “हम मीडिया रिपोर्ट्स के माध्यम से सामने आई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से बहुत दुखी हैं, जिसमें टीम के आज दोपहर आने को लेकर पूरे बेंगलुरु में लोगों की भीड़ जुटने की बात कही गई है। सभी की सुरक्षा और भलाई हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।”

दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी का कहना है कि कोहली ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
तीसरा दावा
विराट कोहली से जोड़कर शेयर की गई तीसरी पोस्ट में कथित अखबार की एक कटिंग शेयर की गई है। इस पर 7 जून 2025 की तारीख लिखी हुई है। इसके अनुसार, हादसे के बाद कोहली ने आईपीएल से रिटायर होने का एलान किया है।

वायरल कटिंग को गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें एक्स यूजर Tanaya की 28 मई 2025 की पोस्ट मिली। इसमें इस्तेमाल की गई कटिंग और वायरल कटिंग एक जैसी हैं। बस इसमें लिखा है कि विराट कोहली अब प्लेऑफ में आरसीबी के कप्तान के तौर पर खेलेंगे।
इस बारे में कीवर्ड से सर्च करने पर हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे इस दावे की पुष्टि हो सके।
दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी ने इस दावे को भी गलत बताया।
इससे साफ होता है कि कोहली के आईपीएल से रिटायरमेंट के एलान का दावा फेक है।
विराट कोहली से जुड़े अन्य फैक्ट चेक रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
निष्कर्ष: बेंगलुरु भगदड़ के बाद विराट कोहली की गिरफ्तारी और आईपीएल से रिटायरमेंट की वायरल पोस्ट फेक है। इसके अलावा उन्होंने खुद को गिरफ्तार करने की बात कहने वाला कोई बयान नहीं दिया है।
- Claim Review : भगदड़ मामले में कोहली को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- Claimed By : Insta User- cricsports_04
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












