X
X

Fact Check: करणी सेना महाराष्ट्र के ‘अध्यक्ष’ की पिटाई के दावे के साथ वायरल हुआ वीडियो पुराना है

करणी सेना के कथित महाराष्ट्र अध्यक्ष की पिटाई के दावे से वायरल वीडियो करीब दो साल पहले हुई घटना का है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Jun 12, 2025 at 12:05 PM
  • Updated: Jun 12, 2025 at 04:40 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक शख्स को पीटते हुए कुछ लोगों का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर हाल ही में हुई घटना का बताते हुए दावा किया जा रहा है कि करणी सेना महाराष्ट्र के कथित अध्यक्ष अजय सिंह सेंगर ने भीमराव अंबेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें पीटा। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो करीब दो साल पहले हुई घटना का है। भीम शक्ति संगठन के सदस्यों ने अजय सिंह सेंगर पर डॉ भीमराव अंबेडकर का अपमान करने के आरोप लगाते हुए उन्हें पीटा था। वहीं, सेंगर का कहना था कि उन्होंने वंचित बहुजन आघाडी के प्रमुख प्रकाश अंबेडकर के औरंगजेब की क्रब पर जाकर फूल चढ़ाने का विरोध किया था। इसी कारण आघाडी के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘Raj Bharti Politician’ ने 10 जून 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “करणी सेना का अध्यक्ष अजय सिंह सेंगर ने बाबा साहब अम्बेडकर पर किया आपत्तिजनक टिप्पणी, तो भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सिखाया सबक। बाबा साहब का अपमान करना सेंगर को पड़ा भारी , जो भी अम्बेडकर का अपमान करेगा उसके साथ ऐसा ही सुलूक किया जायेगा।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो एबीपी माझा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 28 जून 2023 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, “महाराष्ट्र करणी सेना प्रमुख अजय सिंह सेंगर के साथ नवी मुंबई के पनवेल में मारपीट हुई।”

प्राप्त जानकारी के आधार पर गूगल पर कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट लोकमत पर मिली। रिपोर्ट को 27 जून 2023 को मराठी भाषा में प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “मामला मुंबई के पनवेल इलाके में मौजूद नगर निगम की फायर डिपार्टमेंट में हुई घटना का है। दरअसल, महाराष्ट्र करणी सेना के अध्यक्ष अजय सिंह सेंगर ने वंचित बहुजन आघाडी के कार्यकर्ताओं पर उनके साथ मारपीट करने के आरोप लगाये थे। उनका कहना था कि वंचित बहुजन आघाडी के प्रमुख प्रकाश अंबेडकर ने औरंगजेब की कब्र पर जाकर फूल चढ़ाये थे। मैंने इसका विरोध किया था। इसलिए उन लोगों ने मेरे साथ मारपीट की है। उन्होंने पनवेल सिटी के थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी।”

फ्री प्रेस जर्नल की वेबसाइट पर 28 जून 2023 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “अजय सिंह सेंगर पर हमला करने वाले दो लोगों की पहचान सुभाष गायकवाड़ और सागर पगारे के रूप में हुई थी। दोनों भीम शक्ति संगठन के सदस्य थे। इस मामले को लेकर सुभाष गायकवाड़ और और सागर पगारे का कहना था कि अजय सिंह सेंगर ने डॉ. भीमराव अंबेडकर का कुछ दिन पहले अपमान किया था और उन पर आपतिजनक टिप्पणी की थी। इसलिए उन्होंने सेंगर की पिटाई की थी।”

अधिक जानकारी के लिए हमने अजय सिंह सेंगर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “ उन पर गलत आरोप लगाते हुए दो साल पहले मारपीट की गई थी।”

हमने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना महाराष्ट्र के शहरी प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह सोलंकी से संपर्क किया। उनका कहना है, “वीडियो करीब दो साल पहले हुई घटना का है। अजय सिंह सेंगर करणी सेना के न ही प्रदेश अध्यक्ष हैं और न ही सदस्य हैं। वो गलत तरीके से करणी सेना के नाम का इस्तेमाल करते हैं। दो साल पहले भी मैंने मीडिया से बातचीत करते हुए यह बात बताई थी। मैंने करणी सेना के नाम का इस्तेमाल करने के लिए अजय सिंह सेंगर को नोटिस भी भेजा था।”

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से प्रेरित पोस्ट को शेयर करता है। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है। यूजर को 2.4 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि करणी सेना के कथित महाराष्ट्र अध्यक्ष की पिटाई के दावे से वायरल वीडियो करीब दो साल पहले हुई घटना का है। भीम शक्ति संगठन के सदस्यों ने अजय सिंह सेंगर पर डॉ भीमराव अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उन्हें पीटा था। वहीं, सेंगर का कहना था कि उन्होंने वंचित बहुजन आघाडी के प्रमुख प्रकाश अंबेडकर के औरंगजेब की क्रब पर जाकर फूल चढ़ाने का विरोध किया था। इसी कारण आघाडी के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की।

  • Claim Review : करणी सेना के अध्यक्ष अजय सिंह सेंगर के डॉ भीम राव अम्बेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पीटा।
  • Claimed By : FB User Raj Bharti Politician
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later