Fact Check: दिल्ली में लाइब्रेरी में आग लगने का दावा गलत, वायरल वीडियो तुर्किये का है
दिल्ली में लाइब्रेरी में आग लगने के दावे से वायरल दावा गलत है। दिल्ली में हाल-फिलहाल में इस तरह का कोई हादसा नहीं हुआ है। वायरल वीडियो भारत का नहीं, बल्कि तुर्किये के एक होटल में लगी आग का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jun 17, 2025 at 03:05 PM
- Updated: Jun 17, 2025 at 04:22 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बिल्डिंग में आग लगने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह दिल्ली में हुए हादसे का वीडियो है, जहां पर एक लाइब्रेरी में अचानक आग लग गई। इस हादसे की वजह से हजारों लोगों की जान चली गई।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। दिल्ली में हाल-फिलहाल में इस तरह का कोई हादसा नहीं हुआ है। वायरल वीडियो भारत का नहीं, बल्कि तुर्किये के एक होटल में लगी आग का है।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर official_rajkumar_ji_78 ने 14 जून 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “दिल्ली में आग लगने से बहुत बड़ा हादसा…लाइब्रेरी में लगी आग गई हजारों लोगों की जान..14/6/2025…बहुत भयानक हादसा।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 11 जून 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के द्वारका सेक्टर-13 में शबद अपार्टमेंट की नौवीं मंजिल के फ्लैट में आग लग गई थी। इससे बचने के लिए एक व्यक्ति ने दो बच्चों के साथ छलांग लगा दी। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई थी।

वायरल वीडियो के बारे में जानने के लिए हमने उसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो The Tradesman नाम के एक एक्स अकाउंट पर मिला। पोस्ट को 29 जनवरी 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, तुर्किये के Antalya शहर के एक होटल में निर्माण कार्य हो रहा था। वहां पर आग लग गई थी। हादसे वाली जगह पर कई लोग फंस गये थे, जिन्हें सही-सलामत निकाल लिया गया था।
पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट तुर्किये की न्यूज वेबासइट एनटीवी पर मिली। रिपोर्ट को 27 जनवरी 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, तुर्किये के Antalya शहर के 12 स्टोरी होटल में निर्माण वाली जगह पर आग लग गई थी। कई कर्मचारी फंस गये थे, जिन्हें सही-सलामत निकाल लिया गया था।
अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां, यहां, और यहां पर देखा जा सकता है।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 15 मई 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के पीतमपुरा में टीवी टावर स्थित गुरु गोविंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स की लाइब्रेरी में भीषण आग लगी थी। हालांकि, हमें सर्च के दौरान हाल-फिलहाल में हुई ऐसी किसी घटना की रिपोर्ट नहीं मिली।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के दिल्ली के कई रिपोर्ट्स से बातचीत की। सभी ने दावे को गलत बताया है। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के रिपोर्टर शुजाउद्दीन देखी और रिपोर्टर उदय जगताप का कहना है कि यहां पर हाल-फिलहाल में इस तरह का कोई हादसा नहीं हुआ है। दिल्ली में इतनी ज्यादा मंजिला लाइब्रेरी नहीं है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को आठ हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर इसी तरह की फर्जी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दिल्ली में लाइब्रेरी में आग लगने के दावे से वायरल दावा गलत है। दिल्ली में हाल-फिलहाल में इस तरह का कोई हादसा नहीं हुआ है। वायरल वीडियो भारत का नहीं, बल्कि तुर्किये के एक होटल में लगी आग का है।
- Claim Review : दिल्ली में लाइब्रेरी में लगी आग।
- Claimed By : Inst user official_rajkumar_ji_78
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












