Fact Check: इजरायल पर ईरान के हमले के नाम पर वायरल हो रहा वीडियो मेक्सिको में लगी आग का है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो मेक्सिको का उस वक्त का है, जब मेक्सिको के राज्य सिनालोआ में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। जनवरी 2025 के इस वीडियो को फर्जी दावे के साथ ईरान- इजरायल से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Jun 17, 2025 at 05:46 PM
- Updated: Jun 17, 2025 at 06:28 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे इस वीडियो में एक जगह जबरदस्त आग लगी हुई देखी जा सकती है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह इजरायल पर हुए ईरानी हमले का वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो मेक्सिको का उस वक्त का है, जब मेक्सिको के राज्य सिनालोआ में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। जनवरी 2025 के इस वीडियो को फर्जी दावे के साथ ईरान- इजरायल से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर ने 17 जून को वायरल वीडियो को शेयर किया, जिस पर लिखा था- “या अल्लाह ईरान को कामयाबी दे। पुष्पा नाम है मेरा फलवर समझा था क्या,,? @#$ झुकेगा नहीं हम सिर्फ अल्लाह के आगे सजदा करते हैं। अल्लाहु अकबर या अली या हुसैन।”
वायरल पोस्ट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के की- फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें यह वीडियो जेवियर अलाटोरे नाम के एक वेरिफाइड एक्स हैंडल पर जनवरी 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, यह मेक्सिको के एक कसीनो में लगी आग से सम्बंधित है।
इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें डेली मेल की वेबसाइट पर वायरल वीडियो एक खबर के साथ अपलोड किया हुआ मिला। 17 जनवरी 2025 की खबर के अनुसार, “पश्चिमी मेक्सिको में एक कसीनो और बच्चों के एक इनडोर पार्क में आग लग गई। सिनालोआ राज्य के अधिकारियों ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण जब आग लगी, तब सिनेपोलिस प्लाजा में रॉयल याक कसीनो और एयर जंप ट्रैम्पोलिन्स पार्क की इमारत के अंदर एक कमरे में वेल्डर काम कर रहे थे। वहीं, आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को लगभग दो घंटे लगे।”

वहीं, 17 जनवरी 2025 मिरर को डॉट को डॉट यूके की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, “मेक्सिको के कुलियाकन में एक कसीनो में भीषण आग लग गई है। अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया है कि आग जानबूझकर लगाई गई थी। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए।”
वायरल पोस्ट से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने इजरायल के पत्रकार बेन हार्टमैन से संपर्क किया और वायरल वीडियो उनके साथ साझा किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो इजरायल का नहीं है।
14 जून की खबरों के अनुसार, इजरायल ने ईरान पर शुक्रवार सुबह जेट्स से हमला किया था। वहीं, जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरान ने भी इजरायल पर ड्रोन से हमले किए हैं और दोनों देशों के बीच संघर्ष जारी है। इस मामले से जुड़ी खबर न्यूयॉर्क टाइम्स की वेबसाइट पर पढ़ी जा सकती हैं।
भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर मोहम्मद राशद की सोशल स्कैनिंग में हमने पाया कि यूजर को 25 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो मेक्सिको का उस वक्त का है, जब मेक्सिको के राज्य सिनालोआ में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। जनवरी 2025 के इस वीडियो को फर्जी दावे के साथ ईरान- इजरायल से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : यह इजरायल पर हुए ईरानी हमले का वीडियो है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर मोहम्मद राशद
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












