Fact Check: G-7 बैठक की तस्वीर में PM मोदी के न दिखने का दावा FAKE, 2019 की तस्वीर को भ्रामक दावे से किया जा रहा शेयर
फ्रांस में 2019 में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन की तस्वीर को हाल का बताते हुए भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। इस तस्वीर को लेकर किया जा रहा यह दावा भी गलत है कि इसमें मोदी नजर नहीं आ रहे हैं। इस तस्वीर में पीएम मोदी मौजूद हैं। बताते चलें कि भारत जी-7 समूह का औपचारिक सदस्य नहीं है, लेकिन जिम्मेदार व उभरती आर्थिक ताकत की वजह से उसे गेस्ट मेंबर के तौर पर पिछले कई सालों से जी-7 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाता रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Jun 18, 2025 at 02:29 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कनाडा में जी-7 सम्मेलन में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया यूजर्स एक तस्वीर को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि यह कनाडा के जी-7 सम्मेलन की तस्वीर है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। वायरल तस्वीर को इस सम्मेलन में भारत को नजरअंदाज किए जाने के परोक्ष दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल तस्वीर हाल की नहीं, बल्कि 2019 के 45वें जी-7 सम्मेलन की तस्वीर है और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद हैं।
दूसरा भारत इस जी-7 समूह का औपचारिक सदस्य नहीं है। जी-7 समूह दुनिया की सात बड़ी और विकसित अर्थव्यवस्थाओं का समूह है, जिसमें जिम्मेदार आर्थिक शक्ति के तौर उभर रहे भारत को गेस्ट मेंबर यानी अतिथि सदस्य के तौर पर पिछले कई वर्षों से आमंत्रित किया जाता रहा है। इस बार भी भारत इसी हैसियत से इस सम्मेलन में शामिल हुआ है। भारत इस समूह की बैठक में पिछले कई वर्षों से शामिल होता रहा है और 2019 के बाद से पीएम मोदी इस बैठक में लगातार शामिल हुए हैं।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Krishan Rumi’ ने वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “कई मित्र लिख रहे हैं के मोदीजी इस तस्वीर में दिखाई नहीं दे रहे।तो दोस्तों मोदीजी वरिष्ठ नेता हैं विश्व के, उन्हें सब मानते हैं,जब की ये फोटो खिंचवाना टीवी पर आना ये सब नए उभरते हुए नेताओं के या कम वरिष्ठ नेताओं के काम होते हैं,क्यूंकि उन्हें नोटिस होना होता है,जबकि मोदीजी को आलरेडी सब जानते हैं और मानते भी हैं,इसलिए उन्हें फोटो वोटो का शौक नहीं है। आप ब्याह शादियों में भी देखते होंगे के जिम्मेदार बुजुर्ग लोग पीछे ही रहते हैं फोटो खिंचवाने में जबकि बच्चे कैमरा के आगे ही कूदते पाए जाते हैं।”

कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह तस्वीर 2019 की कई रिपोर्ट्स में मिली। संयुक्त राष्ट्र की वेबसाइट पर 26 अगस्त 2019 की रिपोर्ट के मुताबिक, यह तस्वीर फ्रांस में आयोजित जी-7 सम्मेलन की तस्वीर है।

कई अन्य रिपोर्ट्स में इस तस्वीर को देखा जा सकता है, जो 2019 की जी-7 बैठक के संदर्भ में है। 2019 में 24-26 अगस्त के बीच फ्रांस के बैरिज में जी-7 सम्मेलन की बैठक हुई थी।
न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए 16 जून को कनाडा पहुंचे। सम्मेलन से इतर कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से इस बैठक में शामिल होने और अन्य देशों के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक की तस्वीरों को साझा किया है।
जी-7 के आधिकारिक एक्स हैंडल से इस समूह के सदस्य देशों की बैठक और उनके फोटो सेशन की तस्वीरों को साझा किया गया है। गौरतलब है कि भारत इस समूह का औपचारिक सदस्य नहीं है।

बताते चलें कि जी-7 के सात सदस्य देशों में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली और जापान है। g7.canada.ca की वेबसाइट पर 17 जून को इस समूह के वर्किंग सेशन की बैठक हुई थी, जिसमें इन सातों देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भाग लिया था। इस बार जी-7 की अध्यक्षता कनाडा के पास है।

कनाडा के प्रधानमंत्री से नरेंद्र मोदी को इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किए जाने के बारे में पूछे जाने पर मार्क कार्नी ने कहा था कि भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है और उसका इस बैठक में शामिल होना जरूरी है।
वायरल तस्वीर को लेकर हमने हमारे सहयोगी और विदेश मामलों को कवर करने वाले दैनिक जागरण के जर्नलिस्ट जे पी रंजन से संपर्क किया। उन्होंने कहा, “भारत काफी पहले से जी-7 की बैठक में शामिल होता रहा है। हालांकि, 2019 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें लगातार शामिल होते रहे हैं।”
हडसन.ओआरजी की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत हमेशा से ही जी-7 सम्मेलन में शामिल होता रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी कई वजह है, जिसमें से एक है, “विश्व में भारत का प्रभाव और बढ़ती जिम्मेदारी और साथ में यह भी कि जी-7 भारत की राय को नजरअंदाज नहीं कर सकता।”
जी-7 समूह दुनिया की सात बड़ी और विकसित अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। IMF की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक (अप्रैल, 2025) रिपोर्ट के मुताबिक, विकसित अर्थव्यवस्थाओं के वर्ष 2025 और 2026 में 1.2 और 1.5फीसदी की वृद्धि दर से बढ़ने का अनुमान है। इन देशों में अमेरिका,जर्मनी, फ्रांस, इटली, स्पेन, जापान, ब्रिटेन, कनाडा समेत अन्य देश शामिल हैं।
वायरल तस्वीर को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल से विचारधारा विशेष से प्रेरित सामग्री शेयर की जाती रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: फ्रांस में 2019 में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन की तस्वीर को हाल का बताते हुए भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। इस तस्वीर को लेकर किया जा रहा यह दावा भी गलत है कि इसमें मोदी नजर नहीं आ रहे हैं। इस तस्वीर में पीएम मोदी मौजूद हैं। बताते चलें कि भारत जी-7 समूह का औपचारिक सदस्य नहीं है, लेकिन जिम्मेदार व उभरती आर्थिक ताकत की वजह से उसे गेस्ट मेंबर के तौर पर पिछले कई सालों से जी-7 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाता रहा है।
- Claim Review : G-7 की बैठक की तस्वीर से गायब पीएम मोदी।
- Claimed By : FB User- Krishan Rumi
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












