Fact Check : 2023 में इजरायल में मारे और बंधक बनाये गए लोगों की याद में बने मेमोरियल का वीडियो झूठे दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किए जा रहे वीडियो में दिख रहा स्थान 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल के सुपरनोवा म्यूजिक फेस्टिवल में मारे गए लोगों की याद में बनाए गए मेमोरियल का है। वायरल वीडियो का मौजूदा इजरायल -ईरान युद्ध से कोई संबंध नहीं है।
- By: Umam Noor
- Published: Jun 24, 2025 at 06:49 PM
- Updated: Jun 24, 2025 at 07:03 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इजरायल-ईरान संघर्ष को लेकर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक मैदान में बहुत-से लोगों की तस्वीरों के साथ इजरायल के झंडे भी नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह ईरान के हमले में मारे गए इजरायली लोगों के स्मारक का वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किए जा रहे वीडियो में दिख रहा स्थान 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल के सुपरनोवा म्यूजिक फेस्टिवल में मारे गए लोगों की याद में बनाए गए मेमोरियल का है। वायरल वीडियो का मौजूदा इजरायल -ईरान युद्ध से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर ने 24 जून को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “गाजा को जहन्नुम बनाने वाले मेरा तुम्हारा हिसाब नही लेगा क्या और ये कहना गलत नही होगा 56 मुल्को एक लोता भाई ईरान कर्बला मे हजरत अली का इंतेजार हो रहा था और आज अली के बेटो का।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के की- फ्रेम्स को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च किये जाने पर हमें इसी से जुड़ी एक तस्वीर बीबीसी की वेबसाइट पर 8 मार्च 2025 को अपलोड की हुई मिली। यहां तस्वीर को गेट्टी इमेजेज के हवाले से अपलोड किया गया था।
सर्च किये जाने पर हमें अरब न्यूज की वेबसाइट पर 16 जनवरी 2024 को इससे जुड़ी एक खबर मिली। खबर में तस्वीर के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, “यह इजरायल के दक्षिणी इलाके की जगह है, जहां 7 अक्टूबर 2023 को मारे और बंधक बनाये गए लोगों की तस्वीरें लगाई गई थीं।”

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गेट्टी इमेजेज पर वायरल वीडियो से जुड़ी तस्वीरों को तलाश किया। हमें इस मौके की और भी कई तस्वीरें मिलीं। दी गई जानकारी के अनुसार, इजरायल आज (सोमवार) 7 अक्टूबर के उस भयानक हमले का पहला साल मना रहा है, जिसने गाजा युद्ध शुरू किया है। 7 अक्टूबर 2024 को इजरायल के दक्षिणी इलाके में किबुत्ज रेइम के पास, लोग उस जगह गए, जहां 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले में सुपरनोवा संगीत कार्यक्रम के दौरान कई लोग मारे गए और अपहृत हुए थे। वहां उन्होंने शहीदों और बंधक बनाए गए लोगों की याद में बनाई गई एक प्रदर्शनी देखी।”
गेट्टी इमेजेज और वायरल वीडियो के फ्रेम से साफ जाहिर होता है कि दोनों एक ही मंजर हैं।

इस मेमोरियल से जुड़े वीडियो को भी यहां देखा जा सकता है।
इस बारे में इजरायल के फैक्ट चेकर उरिय्या बार मीर का कहना है कि यह 7 अक्टूबर 2023 से जुड़े लोगों का मेमोरियल है, इसका ईरान हमले में मारे गए लोगों से कोई संबंध नहीं है।”
एनडीटीवी की वेबसाइट पर 23 जून को छपी खबर के अनुसार, ईरान-इजरायल युद्ध में अभी तक दोनों देशों में जानमाल का काफी नुकसान हुआ है। वहीं अब दोनों देशों के बीच सीज की खबरें आ रही हैं।”
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब छः हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किए जा रहे वीडियो में दिख रहा स्थान 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल के सुपरनोवा म्यूजिक फेस्टिवल में मारे गए लोगों की याद में बनाए गए मेमोरियल का है। वायरल वीडियो का मौजूदा इजरायल -ईरान युद्ध से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : यह ईरान के हमले में मारे गए इजरायली लोगों के स्मारक का वीडियो है।
- Claimed By : FB User- Suhaib Kairaka
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












