X
X

Fact Check: एनकाउंटर के डर से पुलिस जीप में न बैठने की जिद करते व्यक्ति का यह वीडियो हाल का नहीं, कई वर्ष पुराना है

एनकाउंटर के डर से पुलिस की जीप में नहीं बैठने की जिद करते व्यक्ति से संबंधित वीडियो उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में हुई एक बेहद पुरानी घटना का है, जिसे हाल का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स एक वीडियो को शेयर कर रहे हैं, जिसमें एक व्यक्ति एनकाउंटर की आशंका जताते हुए पुलिस के वैन में बैठने से इनकार करने की जिद करते हुए साथ में पैदल चलने की बात कर रहा है। आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस उस व्यक्ति को वैन में बिठाकर  ले जाती है। दावा किया जा रहा है कि यह उत्तर प्रदेश पुलिस का खौफ है कि अपराधी अब एनकाउंटर के डर से पुलिस की गाड़ी में बैठने से इनकार कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल हो रहा वीडियो हाल का नहीं, बल्कि कई साल पुराना है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो यूपी के अलग-अलग जिले में हुई घटना के नाम से वायरल होता रहा है। कानपुर में हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के 2020 में एनकाउंटर के बाद इस वीडियो को कानपुर की घटना का बताकर शेयर किया गया था और उसके बाद से यह वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर यूपी के अलग-अलग जिलों के नाम से वायरल होता रहा है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘विनय चोपड़ा’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “खौफ इसे कहते हैं …उत्तर प्रदेश में देखिए अब अपराधियों में किस तरह कानून का खौफ है

एक जमाना था जब अपराधी बड़ी शान से पुलिस की जीप में बैठकर थाने जाते थे ..आज खूंखार अपराधी को देखिए रो रहा है गिड़गिड़ा रहा है हम गाड़ी में नाही बईठब साहब हम पैदल चलब साहब हम पैदल चलब हम गाड़ी में नाही बईठब।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर भी कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ हालिया घटना का बताते हुए शेयर किया है।

https://twitter.com/jpsin1/status/1943522711906484418

पड़ताल

वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह न्यूज18 वायरल्स के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर मिला। इस चैनल से वीडियो को 12 जुलाई 2020 को शेयर किया गया है।

वीडियो के साथ दी गई जानकारी में बताया गया है, “कानपुर(Kanpur) में दुर्दांत अपराधी विकास दुबे(vikas dubey) के एनकाउंटर(encounter) के बाद सोशल मीडिया(Social media) पर वायरल(Viral) हो रहा यह  वीडियो. इस वीडियो में पुलिस एक शख्स को गाड़ी में डालकर थाने ले जाने का प्रयास कर रही है. शख्स पुलिस से कहता नजर आ रहा है कि वह पैदल चला जाएगा, लेकिन गाड़ी से थाने नहीं जाएगा, पता नहीं कब गाड़ी पलट जाए और एनकाउंटर हो जाए. एसएसपी कानपुर(SSP Kanpur) दिनेश कुमार पी(Dinesh Kumar P) ने बताया कि इस वीडियो का कानपुर से कोई संबंध नहीं है.”

कई अन्य यू-ट्यूब चैनल पर हमें यह वीडियो 2020 की टाइमलाइन के साथ मौजूद मिला।

https://www.youtube.com/shorts/7vz0XLT5Yvw

हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो हाल का नहीं, बल्कि पुरानी घटना का है।

एक्स यूजर जितेंद्र प्रताप सिंह ने भी इस वीडियो को अपनी आधिकारिक प्रोफाइल से शेयर किया था, जिस पर एक यूजर (आर्काइव लिंक) ने टिप्पणी करते हुए इसे 2017 से पहले के गोंडा की घटना बताया और लिखा कि इसमें नजर आ रहे व्यक्ति गोंडा के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष निर्मल श्रीवास्तव हैं।

वायरल वीडियो को लेकर हमने हमारे सहयोगी गोंडा जिले के प्रभारी रमन मिश्रा से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह गोंडा जिले की घटना है और वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति निर्मल मिश्रा हैं। उन्होंने बताया कि यह घटना 2014-15 के दौरान की है।

विश्वास न्यूज इस घटना के सटीक तारीख और संदर्भ की पुष्टि नहीं करता है लेकिन हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि यह हाल की नहीं बल्कि कई वर्ष पुरानी घटना है।

वायरल वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब सात हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: एनकाउंटर के डर से पुलिस की जीप में नहीं बैठने की जिद करते व्यक्ति से संबंधित वीडियो उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में हुई एक बेहद पुरानी घटना का है, जिसे हाल का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : यूपी में एनकाउंटर के डर से आरोपी ने पुलिस की जीप में बैठने से किया इनकार।
  • Claimed By : FB User-विनय चोपड़ा
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later