Fact Check : कांवड़ यात्रा पर कविता सुनाने वाले शिक्षक रजनीश गंगवार का नहीं, किसी अन्य व्यक्ति का है यह वीडियो
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि डांस करते शख्स के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो कांवड़ यात्रा पर कविता सुनाने वाले डॉ. रजनीश गंगवार का नहीं है। असल में वीडियो में नजर आ रहा शख्स बुलंदशहर के भैंसा खुर गांव के रहने वाले गौरव कुमार का है। उन्होंने यह डांस गणतंत्र दिवस के मौके पर किया था। वीडियो को अब गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Jul 17, 2025 at 04:06 PM
- Updated: Jul 17, 2025 at 04:42 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के बरेली के बहेड़ी स्थित एमजीएम इंटर कॉलेज शिक्षक रजनीश गंगवार की कांवड़ यात्रा को लेकर कविता विवाद के बीच मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति को स्टेज पर डांस करते हुए देखा जा सकता है। यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि वीडियो में डांस करता दिख रहा शख्स बहेड़ी का टीचर रजनीश गंगवार है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो में नजर आ रहा शख्स रजनीश गंगवार नहीं है। असल में यह वीडियो बुलंदशहर के रहने वाले गौरव कुमार का है। गौरव कुमार के वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर Vijay Mishra ने वायरल वीडियो को 17 जुलाई 2025 को शेयर किया है और लिखा है,”यह वही मास्टर साहब हैं जो कह रहे थे कि तुम कावड़ लेकर मत जाना तुम ज्ञान के दीप जलाना..”
वीडियो को कुंभकरण नाम के वेरिफाइड एक्स हैंडल ने भी शेयर किया है। 16 जुलाई 2025 को वीडियो शेयर कर दावा किया गया,”That one teacher who said :
“तुम कांवड़ लेने मत जाना, तुम ज्ञान के दीप जलाना।””
पड़ताल
सबसे पहले हमने एक्स हैंडल कुंभकरण के वीडियो को ध्यान से देखा। वीडियो के कमेंट सेक्शन में कई यूजर्स ने लिखा है कि वीडियो रजनीश गंगवार का नहीं है। यह वीडियो बुलंदशहर का है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें वीडियो Anjali Shukla नाम के एक एक्स हैंडल पर मिला। 16 मई 2025 को शेयर वीडियो के कमेंट सेक्शन में हमें ‘जर्नलिस्ट आशीष तिवारी’ नाम के एक यूजर का कमेंट मिला। जिसमें उन्होंने लिखा है कि यह वीडियो उनकी इंस्टाग्राम आईडी से डाउनलोड किया गया है। आशीष ने साथ में ही अपनी इंस्टाग्राम आईडी भी शेयर की है।
हम सीधा आशीष तिवारी के इंस्टाग्राम हैंडल पर पहुंचे। यहां हमें वायरल वीडियो 29 जनवरी 2025 को शेयर किया हुआ मिला। सर्च के दौरान हमें gaurav_kumar7055 नाम के एक इंस्टाग्राम हैंडल पर भी वीडियो मिला। यहां इस वीडियो को अलग-अलग समय पर शेयर किया गया है।
हमने वीडियो को लेकर आशीष तिवारी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वो एक पत्रकार हैं। यह वीडियो गौरव कुमार का है, जो बुलंदशहर के एक गाँव भैंसा खुर में रहते हैं। गौरव ऐसे डांस वीडियो बनाता रहता है। वीडियो रजनीश गंगवार का नहीं है।
हमने गौरव कुमार से इंस्टाग्राम पर मैसेज कर संपर्क किया। गौरव ने हमें बताया कि वीडियो उनका ही है।
जागरण की खबर के मुताबिक, “बरेली के बहेड़ी स्थित एक इंटर कॉलेज में रजनीश गंगवार नाम के एक शिक्षक ने प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को ‘कांवड़ लेकर मत जाना’ कविता सुनाई थी। जिसके बाद उनके खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई। हिंदू संगठनों एवं कांवड़ सेवा समितियों ने आरोप लगाया कि शिक्षक की कविता से उनकी भावनाएं आहत हुईं। उनकी कविता से शिव भक्तों का अपमान भी हुआ है। प्रकरण गर्माने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने भी शिक्षक को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांग लिया है।”
रिपोर्ट के मुताबिक, “रजनीश गंगवार ने वीडियो जारी कर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था।”
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 7 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को जयपुर का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि डांस करते शख्स के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो कांवड़ यात्रा पर कविता सुनाने वाले डॉ. रजनीश गंगवार का नहीं है। असल में वीडियो में नजर आ रहा शख्स बुलंदशहर के भैंसा खुर गांव के रहने वाले गौरव कुमार का है। उन्होंने यह डांस गणतंत्र दिवस के मौके पर किया था। वीडियो को अब गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : वीडियो में डांस करता दिख रहा शख्स बहेड़ी का टीचर रजनीश गंगवार है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Vijay Mishra
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












