Fact Check: तमिलनाडु की पुरानी घटना को बिहार में महिलाओं की पिटाई का बता फैलाया जा रहा है झूठ
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में यह वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के पानागुड़ी का है, जहां पुलिस और किन्नरों के बीच एक थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान झड़प हुई थी।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jul 22, 2025 at 02:33 PM
- Updated: Jul 22, 2025 at 02:35 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की अभी घोषणा नहीं हुई है लेकिन राज्य में चुनावी सरगर्मी काफी तेज हो चुकी है। इसी बीच नीतीश सरकार पर तंज कसते हुए एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार में पुलिस महिलाओं पर क्रूरतापूर्वक लाठी चार्ज कर रही है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के पानागुड़ी का है, जहां पुलिस और ट्रांसजेंडर लोगों के बीच एक थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान झड़प हुई हो गई थी।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘Rjd Pappu Kumar Yadav’ ने वायरल वीडियो को 15 जुलाई 2025 को शेयर किया और साथ में लिखा “देखिए बिहार में बाहर है नीतीश से कुमार है पुलिस प्रशासन की कैसे राज है महिलाओं पर कैसे अत्याचार है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो कई सोशल मीडिया एकाउंट्स पर सितम्बर 2024 में तमिलनाडु का बताते हुए वायरल मिला। 25 सितम्बर 2024 की एक पोस्ट में लिखा था, “बताया जा रहा है कि नेल्लई जिले के कवलकिनारू इलाके से नागरकोइल जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर पानागुड़ी के पास कुछ किन्नरों ने एक राहगीर को रोका और पैसे मांगे उस रास्ते पर गश्त कर रही पानागुड़ी पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। इससे किन्नरों और पुलिस के बीच बहस हो गई। कुछ देर बाद, 40 से ज़्यादा किन्नर पानागुड़ी पुलिस स्टेशन पर इकट्ठा हो गए और वहाँ पत्थर फेंककर और गमले तोड़कर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें खदेड़ने की कोशिश की। तभी एक किन्नर महिला ने अपने कपड़े उतारकर विरोध जताया। इससे नाराज़ होकर पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया और उन्हें खदेड़ दिया। इससे पानागुड़ी पुलिस स्टेशन में हंगामा मच गया।।”

यहाँ से क्लू लेते हुए ढूंढ़ने पर हमें इस मामले में कई खबरें सितम्बर 2024 में पब्लिश मिलीं। न्यूज़तमिल 24X7 के यूट्यूब चैनल पर 25 सितम्बर 2024 को अपलोड एक खबर में इस वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को देखा जा सकता है। यहाँ बताया गया कि मामला तमिलनाडु के तिरुनेलवेली का था, जहाँ प्रदर्शन कर रहे किन्नरों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था।
इस मामले में पुष्टि के लिए हमने इस खबर को द फेडरल के लिए कवर करने वाले रिपोर्टर प्रभाकरन तमिलरासू से बात की। उन्होंने कन्फर्म किया कि यह वीडियो सितम्बर 2024 में तिरुनेलवेली में हुई घटना का है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर Rjd Pappu Kumar Yadav को 6000 से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में यह वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के पानागुड़ी का है, जहां पुलिस और किन्नरों के बीच एक थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान झड़प हुई थी।
- Claim Review : बिहार में पुलिस ने महिलाओं की लाठी से पिटाई की
- Claimed By : Facebook user ‘Rjd Pappu Kumar Yadav’
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












