Fact Check: चंदन मिश्रा हत्याकांड में दो आरोपी एनकाउंटर में घायल, लेकिन वायरल वीडियो राजस्थान के हैं
चंदन मिश्रा हत्याकांड में बिहार पुलिस ने 22 जुलाई को मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को पकड़ा है। इससे पहले इस मामले में चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, आरोपियों से जोड़कर वायरल हो रहे दोनों वीडियो राजस्थान के हैं। इनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jul 22, 2025 at 03:32 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। 17 जुलाई को पटना के पारस अस्पताल में पांच शूटरों ने गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या कर दी थी। इसके आरोपियों से जोड़कर सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें एक वीडियो में पुलिस की गाड़ी से पैर पर प्लास्टर चढ़े कुछ लोगों को उतरते हुए देखा जा सकता है। जबकि दूसरे वीडियो में पुलिस चार घायल लोगों का जुलूस निकालते हुए दिख रही है। दोनों वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि ये वीडियो चंदन हत्याकांड के आरोपियों के हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला है कि ये दोनों वीडियो राजस्थान के हैं और किसी अन्य मामले के हैं। इनमें से एक वीडियो चित्तौड़गढ़ में युवक की हत्या से संबंधित है, जबकि दूसरा कोटपूतली-बहरोड़ में हुए शराब ठेकेदार की हत्या मामले से जुड़ा हुआ है। हालांकि, चंदन मिश्रा हत्याकांड में 22 जुलाई को बिहार पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने कोलकाता से इस मामले में चार आरोपियों को पकड़ा था।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर siwan_vidhansabha ने 19 जुलाई को वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इसमें पुलिस की गाड़ी से उतरते घायल लोगों को देखा जा सकता है। वीडियो पर लिखा है, “चंदन मिश्रा हत्याकांड, पटना पारस हॉस्पिटल में गोली मारने वाला का हाल देख लो”

इंस्टा यूजर sunilkushwaha554 ने भी एक अन्य वीडियो को चंदन केस के आरोपियों को बताते हुए शेयर (आर्काइव लिंक) किया।

पड़ताल
- पहला वीडियो
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने पहले वीडियो को चेक किया। इस पर चित्तौड़गढ़ पत्रिका का वाटरमार्क लगा हुआ है। इसके बारे में कीवर्ड से चेक करने पर इससे संबंधित वीडियो न्यूज राजस्थान पत्रिका टीवी के यूट्यूब चैनल पर मिली। इसे 6 जून को अपलोड किया गया है। इसमें वायरल वीडियो क्लिप भी देखी जा सकती है। न्यूज के अनुसार, चित्तौड़गढ़ के होटल में फायरिंग कर युवक अजय राज की हत्या करने के मामले में तीन मुख्य आरोपियों को पुलिस ने जैसलमेर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने रास्ते में भागने की कोशिश की, लेकिन वे ज्यादा दूर नहीं जा सके। इस दौरान तीनों के पैर में फ्रैक्चर हो गया।
6 जून को राजस्थान पत्रिका की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, आरोपियों के नाम हर्षवर्धन, बद्री और मनोज चौधरी हैं।

इससे साफ होता है कि इस वीडियो का पारस हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है।
दूसरा वीडियो
दूसरे वीडियो को 20 जुलाई को पोस्ट किया गया है। इसमें आरोपियों के पीछे दिख रही गाड़ी का नंबर राजस्थान का है। इससे यह दावा हमें संदिग्ध लगा।

वीडियो में एक जगह पर नगर पालिका बानसूर लिखा हुआ है।

इस आधार पर कीवर्ड से हमने सर्च किया तो दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 1 जुलाई को इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें वायरल वीडियो के एक हिस्से को भी देखा जा सकता है। खबर के मुताबिक, बानसूर पुलिस ने शराब ठेकेदार की हत्या के मामले में चार आरोपियों को पकड़ा है। इनमें तीन एनकाउंटर में पैर में गोली लगने से और एक भागते समय घायल हो गया।

ईटीवी भारत की वेबसाइट पर भी इस खबर को देखा जा सकता है।
इस बारे में हमने राजस्थान के पत्रकार संतोष पांडेय से संपर्क कर उनको दोनों वीडियो भेजे । उन्होंने बताया कि ये दोनों ही राजस्थान में हुई हत्याओं से संबंधित हैं। इनमें से एक चित्तौड़गढ़ और दूसरा कोटपूतली-बहरोड़ का है।
22 जुलाई को प्रभात खबर में छपी खबर में लिखा है कि पटना के पारस अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में एसटीएफ ने मुठभेड़ के बाद तीन को पकड़ा है। इनमें से दो आरोपी बलवंत कुमार और रवि रंजन सिंह घायल हो गए हैं। इससे पहले इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को कोलकाता से गिरफ्तार कर चुकी है।

निष्कर्ष: चंदन मिश्रा हत्याकांड में बिहार पुलिस ने 22 जुलाई को मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को पकड़ा है। इससे पहले इस मामले में चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, आरोपियों से जोड़कर वायरल हो रहे दोनों वीडियो राजस्थान के हैं। इनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : चंदन हत्याकांड के आरोपी पुलिस एनकाउंटर में घायल।
- Claimed By : Instagram User- siwan_vidhansabha
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












