Fact Check: महिला कॉन्स्टेबल के पैर छूते पुलिसकर्मी का वीडियो चार साल पुराना, भ्रामक दावे से वायरल
महिला कॉन्स्टेबल के साथ डीएसपी के छेड़छाड़ करने के दावे से वायरल वीडियो दो अलग-अलग घटनाओं का है। पहला वीडियो करीब चार साल पहले हुई घटना का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jul 24, 2025 at 02:05 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि झारखंड में डीएसपी ने एक महिला कॉन्स्टेबल के साथ बदसलूकी करने की कोशिश की थी। जब अधिकारियों को इस बात का पता चला तो उन्होंने डीएसपी से महिला कॉन्स्टेबल के पैर पकड़कर माफी मंगवाई और फिर उसे सस्पेंड कर दिया। वीडियो को हाल ही में हुई घटना का बताते हुए शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो दो अलग-अलग घटनाओं का है। पहला वीडियो करीब चार साल पहले हुई घटना का है। जब रांची में एक जमादार ने छुट्टी देने के नाम पर कॉन्स्टेबल महिला के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी। जबकि दूसरा वीडियो यूपी के कासगंज जिले का है। जब पुलिस लाइन में तैनात दारोगा ने शराब के नशे में धुत्त होकर हंगामा किया था और अपनी पत्नी के साथ बदसलूकी की थी। दोनों ही पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर ने 14 जुलाई 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। वीडियो पर लिखा हुआ है, इस DSP ने महिला कांस्टेबल के साथ क्या किया देखो।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट आजतक की वेबसाइट पर 7 जनवरी 2021 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के अनुसार, “रांची में एक जमादार ने छुट्टी देने के बहाने एक महिला पुलिसकर्मी को कमरे में बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। महिला पुलिसकर्मी के शोर मचाने के बाद कई पुलिसकर्मी मौके पर इकट्ठा हो गए और आरोपी जमादार की पिटाई भी की। वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही रांची के सीनियर एसपी ने आरोपी जमादार को निलंबित कर दिया है।”
अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।

दूसरे वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्डस की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 20 फरवरी 2025 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के अनुसार, “वीडियो यूपी के कासगंज जिले की पुलिस लाइन में तैनात दारोगा का है, जिसने शराब के नशे में धुत्त होकर पहले हंगामा किया। फिर अपनी पत्नी के साथ जबरन अश्लील हरकते करने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसपी अंकिता शर्मा ने अनुशासनहीनता के चलते दारोगा को निलंबित कर दिया था।”

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने रांची दैनिक जागरण के रिपोर्टर दिलीप कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि पहला वीडियो करीब चार साल पहले हुए एक घटना का है। महिला कॉन्स्टेबल की छुट्टी से जुड़े मामले पर बातचीत करने के लिए जमादार शत्रुघ्न सिंह ने पुलिस लाइन स्थित एक कमरे में बुलाया था और अश्लील हरकत करने की कोशिश की थी। फिर जमादार को निलंबित कर दिया गया था।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर इसी तरह की फर्जी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को 143 लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला कॉन्स्टेबल के साथ डीएसपी के छेड़छाड़ करने के दावे से वायरल वीडियो दो अलग-अलग घटनाओं का है। पहला वीडियो करीब चार साल पहले हुई घटना का है। जब रांची में एक जमादार ने छुट्टी देने के नाम पर कॉन्स्टेबल महिला के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी, जबकि दूसरा वीडियो यूपी के कासगंज जिले का है। जब पुलिस लाइन में तैनात दारोगा ने शराब के नशे में धुत्त होकर हंगामा किया था और अपनी पत्नी के साथ बदसलूकी की थी। दोनों ही पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।
- Claim Review : डीएसपी ने महिला कॉन्स्टेबल के साथ की बदसलूकी। फिर पैर पकड़कर मांगी माफी।
- Claimed By : Inst user himashu_facts_390
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












