Fact Check: नीतीश कुमार पर तंज कसते बिहार के उपमुख्यमंत्री का पुराना वीडियो भ्रामक दावे से हुआ वायरल
बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है। जब विजय कुमार सिन्हा नेता प्रतिपक्ष थे और उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए यह बयान दिया था।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jul 28, 2025 at 01:36 PM
- Updated: Jul 28, 2025 at 03:56 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में जल्द विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसी से जोड़ते हुए उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता विजय कुमार सिन्हा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए और उनके खिलाफ बयान देते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को हाल का बताते हुए दावा किया जा रहा है कि पारस अस्पताल में हुए चर्चित गैंगस्टर चंदन मिश्रा के हत्याकांड के बाद उन्होंने नीतीश सरकार की आलोचना की है। उन्होंने नीतीश की मुफ्त बिजली योजना पर भी तंज कसा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है। जब विजय कुमार सिन्हा नेता प्रतिपक्ष थे और उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए यह बयान दिया था। अभी नीतिश कुमार बीजेपी के साथ गठबंधन कर सरकार चला रहे हैं और विजय कुमार सिन्हा उपमुख्यमंत्री के पद पर है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ने ‘पप्पू यादव’ ने 20 जुलाई 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “कुख्यात चंदनमिश्रा की पारस हॉस्पिटल में हत्या से बौखलाए और मुफ्त बिजली योजना पर भड़के विजय सिंहा ने ऐलान किया कि जब तक गुंडाराज का खात्मा नहीं होगा तब तक कुशासन बाबू के विरुद्ध ऐलान ए जंग जारी रहेगा। दो हजार पच्चीस Nitish Kumar फिनिश।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने पोस्ट को गौर से देखा। हमने पाया कि पोस्ट पर लखीसराय लाइव का लोगो लगा हुआ है। हमने यूट्यूब पर जाकर इसके बारे में सर्च किया। हमें वायरल वीडियो का लंबा वजर्न लखीसराय लाइव के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। वीडियो को 11 सितंबर 2022 को शेयर किया गया था। वायरल वीडियो वाले बयान को 11.40 से सुना जा सकता है। मौजूद जानकारी के मुताबिक, उस दौरान विजय कुमार सिन्हा सरकार में नहीं थे। वो नेता प्रतिपक्ष थे और अपने क्षेत्र में हुए एक घटना के कारण उन्होंने सरकार पर तंज कसा था।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट बीजेपी बिहार के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। वीडियो को 12 सितंबर 2022 को शेयर किया गया था। कैप्शन में लिखा गया है, “मुख्यमंत्री जी आपका अंतिम समय आ गया है, बिहार में कुशासन और गुंडाराज का अंत होगा। इसके विरूद्ध मैं लखीसराय से शंखनाद करता हूँ, जब तक आपके राज को समाप्त नहीं करेंगे अंतिम दम तक लड़ाई लड़ेंगे। विधानसभा में माननीय नेता प्रतिपक्ष श्री विजय कुमार सिन्हा।”
द हिंदू की वेबसाइट पर 9 अगस्त 2022 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा से अलग हो गए और विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महागठबंधन से जुड़ गए। उन्होंने 2017 में नीतीश भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर राजद का साथ छोड़ दिया था।
इंडियन एक्सप्रेस की वेबसाइट पर 29 जनवरी 2024 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, नीतीश कुमार ने फिर से राजद का साथ छोड़ दिया और बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बना ली। इस दौरान विजय कुमार सिन्हा को उप-मुख्यमंत्री बनाया गया ।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण बिहार के ब्यूरो चीफ अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को पुराना और दावे को भ्रामक बताया है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब छह हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को बिहार का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है। जब विजय कुमार सिन्हा नेता प्रतिपक्ष थे और उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए यह बयान दिया था।
- Claim Review : बिहार के उपमुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार पर कसा तंज।
- Claimed By : FB User Pappu Yadav
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












