Fact Check : महाराष्ट्र के लातूर में हुए हमले का वीडियो बिहार के नाम पर Fake दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jul 28, 2025 at 02:29 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। बिहार में कुछ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले राज्य में चुनावी सरगर्मियां बढ़ गईं हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर भी बिहार के नाम पर फर्जी और भ्रामक सूचनाओं की तादाद बढ़ी है। अब एक वीडियो को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि राज्य में एक दलित नेता सोफा पर बैठ गया तो भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। महाराष्ट्र के लातूर में घटी एक घटना के वीडियो को बिहार के नाम पर बताकर वायरल किया जा रहा है। ऑरिजिनल वीडियो लातूर में मराठा कार्यकर्ता विजयकुमार घाटगे पर हुए हमले का है।
क्या हो रहा है वायरल
नीलेश कुमार नाम के एक इंस्टाग्राम यूजर ने 24 जुलाई को एक वीडियो क्लिप को पोस्ट करते हुए दावा किया, “दलित नेता सोफा पर बैठा तो भाजपाइयों ने पीट-पीट कर अधमरा कर दिया बिहार में।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट में इस्तेमाल किए गए वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल लेंस टूल का इस्तेमाल किया। वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले गए। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें इससे जुड़ी खबरें कई मराठी और अंग्रेजी न्यूज वेबसाइट और यूट्यूब चैनलों पर मिली।
हमें 21 जुलाई 2025 को सकाल के यूट्यूब चैनल पर एक खबर मिली। इस रिपोर्ट में बताया गया पिछले दिनों राज्य के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे का विधानसभा में रमी खेलते हुए एक वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद लातूर में सुनील तटकरे की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान छावा संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और छावा संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई।
सर्च के दौरान हमें इंडिया टुडे की वेबसाइट पर भी एक रिपोर्ट मिली। इसमें भी वायरल वीडियो का इस्तेमाल किया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि 20 जुलाई को महाराष्ट्र के लातूर स्थित एक विश्रामगृह में उस समय हिंसक झड़प हो गई, जब अजीत पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कार्यकर्ताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विरोध प्रदर्शन के बाद अखिल भारतीय छावा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विजयकुमार घाडगे पर कथित तौर पर हमला कर दिया।
सर्च के दौरान हमें अमर उजाला डॉट कॉम पर एक खबर मिली। 23 जुलाई की इस खबर से पता चला कि लातूर में विजयकुमार घाटगे की पिटाई के मामले में पूर्व एनसीपी युवा अध्यक्ष सुरज चव्हाण ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें नोटिस देकर छोड़ दिया गया है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए महाराष्ट्र के वरिष्ठ पत्रकार सर्वेश पाठक से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट शेयर की। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों लातूर में एक घटना घटी थी। उसी से जुड़े हुए वीडियो को बिहार के नाम पर वायरल किया जा रहा है। दावा गलत है।
जांच के अंत में नीलेश कुमार नाम के उस यूजर की जांच की गई, जिसने फर्जी पोस्ट की। पता चला कि यह हैंडल वर्ष 2022 में बनाया गया। इसे तीन हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। दरअसल 20 जुलाई को महाराष्ट्र के लातूर में एक विश्रामगृह में अखिल भारतीय छावा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विजयकुमार घाटगे पर अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर हमला कर दिया था। जिसके बाद घाटगे को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अब उसी घटना के वीडियो को बिहार के नाम पर फर्जी जातिगत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : दलित नेता सोफा पर बैठा तो भाजपाइयों ने पीट-पीट कर अधमरा कर दिया बिहार में
- Claimed By : IG User Nilesh Kumar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












