Fact Check: BJP के चुनाव चिह्न के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के दावे से वायरल मुख्य चुनाव आयुक्त की तस्वीर FAKE है
बिहार में मतदाता सूची के एसआईआर और राहुल गांधी के 'वोट चोरी' के आरोपों को लेकर आयोजित चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार की फेक तस्वीर को दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज्ञानेश कुमार के साथ अन्य दोनों चुनाव आयुक्त औपचारिक वेशभूषा में थे, जिसे एडिट कर बदल दिया गया है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Aug 18, 2025 at 01:17 PM
- Updated: Aug 18, 2025 at 01:23 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध और राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों के बीच चुनाव आयोग (निर्वाचन आयोग) ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सवालों के जवाब दिए और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को गलत ठहराया। सोशल मीडिया यूजर्स इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस की एक तस्वीर को शेयर कर रहे हैं, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार कथित तौर पर बीजेपी के चुनाव चिह्न वाले शॉल को गले में लपेटे नजर आ रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस तस्वीर को फेक और ऑल्टर्ड पाया, जिसे एडिट कर सियासी दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है।
17 अगस्त को नई दिल्ली के राष्ट्रीय मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्य चुनाव आयुक्त ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों को खारिज करते हुए बिहार में मतदाता सूची के एसआईआर पर आयोग का पक्ष रखा था। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ अन्य चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी भी शामिल थे और सभी औपचारिक वेशभूषा में थे, जिसे एडिट कर बदल दिया गया है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Atul Gupta’ ने वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “ये है चीफ इलेक्शन कमीन sir ऑफ़ इंडिया वोट चोर ज्ञानेश कुमार गुप्ता का असली चेहरा।”
कई अन्य यूजर्स (आर्काइव लिंक) ने इस तस्वीर को समान संदर्भ में शेयर किया है।
पड़ताल
चुनाव आयोग (निर्वाचन आयोग) के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से दोपहर एक बजे जानकारी देते हुए बताया गया था कि 17 अगस्त को दोपहर बाद तीन बजे राष्ट्रीय मीडिया केंद्र, दिल्ली में चुनाव आयोग का प्रेस कॉन्फ्रेंस होगा।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को चुनाव आयोग के आधिकारिक यू-टयूब हैंडल पर लाइव स्ट्रीम किया गया था, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ अन्य दोनों चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी शामिल थे।
करीब डेढ़ घंटे चली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा था, “चुनाव आयोग के लिए न तो कोई पक्ष है, न तो विपक्ष है..सब समकक्ष हैं।” इसके बाद उन्होंने एसआईआर और ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर पूछे गए सवालों का जवाब दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को देखकर यह स्पष्ट हो जाता है कि ज्ञानेश कुमार की जिस तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, वह एडिटेड और फेक है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त औपचारिक वेशभूषा में थे। वायरल तस्वीर और ऑरिजिनल तस्वीर के अंतर को यहां देखा जा सकता है।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग का पक्ष रखा था और साथ ही ‘वोट चोरी’ के आरोपों को निराधार बताया था।
न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, “चुनाव आयोग (EC) ने रविवार को नई दिल्ली के नेशनल मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। राहुल गांधी का नाम लिए बिना चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार ने कहा- PPT प्रेजेंटेशन में दिखाया डेटा हमारा नहीं है। वोट चोरी के आरोपों पर हलफनामा दें या देश से माफी मांगे। 7 दिन में हलफनामा नहीं मिला तो आरोपों को निराधार समझा जाएगा।”
क्या है संदर्भ?
न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी ने सात अगस्त को चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था, “वोट चोरी हो रहे हैं। हमारे पास सबूत है कि चुनाव आयोग चोरी में शामिल है। वे भाजपा के लिए ऐसा कर रहे हैं।”
वायरल तस्वीर को लेकर हमने चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल पत्रकारों से संपर्क किया। सीनियर टीवी जर्नलिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने बताया, “यह तस्वीर फेक है।”
मुख्य चुनाव आयुक्त की फेक तस्वीर को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 25 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: बिहार में मतदाता सूची के एसआईआर और राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर आयोजित चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार की फेक तस्वीर को दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज्ञानेश कुमार के साथ अन्य दोनों चुनाव आयुक्त औपचारिक वेशभूषा में थे, जिसे एडिट कर बदल दिया गया है।
- Claim Review : बीजेपी के चुनावी चिह्न वाले शॉल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए CEC ज्ञानेश कुमार।
- Claimed By : FB User-Atul Gupta
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












