Fact Check: राहुल गांधी की बिहार में निकाली गई यात्रा का नहीं है यह वीडियो, गलत दावा हो रहा वायरल
राहुल गांधी की यात्रा के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो ना ही बिहार का है और ना ही राहुल गांधी की यात्रा का है। वीडियो ओडिशा में निकाली गई जगन्नाथ रथ यात्रा का है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Aug 21, 2025 at 05:02 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ निकाल रहे हैं। इस यात्रा में उन्होंने चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर ‘वोट चोरी’ के गंभीर आरोप भी लगाये हैं। इसी से जोड़ते हुए यात्रा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भारी भरकम भीड़ को देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह बिहार में निकाली गई राहुल गांधी की ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो ना ही बिहार का है और ना ही राहुल गांधी की यात्रा का है। वीडियो ओडिशा में निकाली गई जगन्नाथ रथ यात्रा का है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘विद्या कांत पांडे’ ने 20 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “राहुल गांधी जी ने इतिहास लिख दिया है। क्या अंजना ओम कश्यप और रुबिका लियाकत कभी नहीं कहेंगी कि राहुल गांधी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि वीडियो में भीड़ से निकल रही गाड़ी पर एंबुलेंस लिखा हुआ है। ऐसे में हमें दावे के गलत होने का संदेह हुआ। हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो gyan_ki_duniya77 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 1 जुलाई 2025 को शेयर करते हुए इसे ओडिशा में निकाली गई जगन्नाथ रथ यात्रा का बताया गया है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन ‘SUDIPTO’ नाम के फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 27 जून 2025 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, ओडिशा में निकाली गई जगन्नाथ रथ यात्रा का है।

हमें अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी वायरल वीडियो और इससे जुड़ा वीडियो इसी जानकारी के साथ मिले।

अधिक जानकारी के लिए हमने राहुल गांधी की रैली को कवर करने वाले दैनिक जागरण, बिहार के रिपोर्टर विकास पांडे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो बिहार में निकाली गई यात्रा का नहीं है।
आजतक की वेबसाइट पर 18 अगस्त 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, “राहुल गांधी ने शनिवार (17 अगस्त 2025) को सासाराम से इस 16 दिन लंबी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत की थी। यह यात्रा 20 से ज्यादा जिलों को कवर करते हुए 1,300 किलोमीटर से ज्यादा का रास्ता तय करेगी और 1 सितंबर को पटना में एक विशाल रैली के साथ इसका समापन होगा। इस रैली में INDIA गठबंधन के कई बड़े नेता शामिल होंगे।”
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया, जहां हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को करीब एक लाख लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी की यात्रा के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो ना ही बिहार का है और ना ही राहुल गांधी की यात्रा का है। वीडियो ओडिशा में निकाली गई जगन्नाथ रथ यात्रा का है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : राहुल गांधी की बिहार यात्रा का वीडियो
- Claimed By : FB User Vidya kant pandey
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












