Fact Check: भारतीय क्रिकेट टीम की विमल पान मसाले वाली जर्सी की वायरल तस्वीर एआई निर्मित
भारतीय जर्सी पर छपी विमल पान मसाले की तस्वीर एआई निर्मित है। फिलहाल बीसीसीआई की ओर से स्पॉन्सरशिप को लेकर कोई ऐलान नहीं किया गया है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 1, 2025 at 03:19 PM
- Updated: Sep 1, 2025 at 04:54 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ऑनलाइन गेमिंग संशोधन 2025 आने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और ड्रीम 11 के बीच जो करार था, वो खत्म हो चुका है। ऐसे में बीसीसीआई अब नया स्पॉन्सर ढूंढने में लगा हुआ है। इसी से जोड़ते हुए विमल पान मसाला की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। फोटो में देखा जा सकता है कि अजय देवगन और BCCI के कार्यकारी अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी पकड़ी हुई है। जर्सी पर विमल पान मसाले का लोगो लगा हुआ है। फोटो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि विमल पान मसाला भारतीय क्रिकेट टीम का नया स्पॉन्सर है और जर्सी पर उसका लोगो लगाया गया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। स्टोरी लिखे जाने तक विमल पान मसाला या बीसीसीआई की ओर से स्पॉन्सरशिप को लेकर इस तरह की कोई जानकारी नहीं दी गई है। वायरल तस्वीर असली नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। अब एआई निर्मित तस्वीर को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Sameer Roy’ ने 27 अगस्त 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “यह तो इंडिया का अपमान हुआ..अब स्टेडियम लाले लाल हो जाएगा, जब विमल खाकर लोग वाह जुबा केसरी कहलाएगा बीसीसीआई ने भारतीय क्रिकेट टीम के जर्सी पर विमल गुटखा छाप का प्रचार प्रसार करवाया इतना घटिया सोच।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीर्वड्स की मदद से सर्च किया। हमें ऐसी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें इस बात का जिक्र हो कि विमल पान मसाला भारतीय क्रिकेट टीम की नई स्पॉन्सर होगी। हमें जो भी रिपोर्ट्स मिलीं उसमें सिर्फ इस बात का ही जिक्र है कि बीसीसीआई नये स्पॉन्सर की तलाश में है।
हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए बीसीसीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस बारे में सर्च किया। हमें वहां पर भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली, हालांकि, वेबसाइट पर अभी भी ड्रीम11 स्पॉन्सर के तौर पर दिखाया गया है, लेकिन विमल पान मसाला को लेकर कोई जिक्र नहीं किया गया है।

दावे से जुड़ी कोई जानकारी न मिलने पर हमें फोटो के एआई से बने होने का संदेह हुआ। हमने एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से फोटो के बारे में सर्च किया। हमने एआई डिटेक्टर कंटेंट टूल का इस्तेमाल किया। इस टूल ने फोटो के 82 फीसदी तक एआई से बने होने की संभावना जताई।

इसी तरह हमने एक अन्य टूल एआई इमेज डिटेक्टर का इस्तेमाल किया। इस टूल ने फोटो के 92 फीसदी तक एआई से बने होने की संभावना जताई।

मनी कंट्रोल की वेबसाइट पर 31 अगस्त 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) और फैंटेसी गेमिंग कंपनी Dream11 का करार टूट गया। यह करार तीन साल का था, लेकिन एक नए कानून की वजह से इसे बीच में ही खत्म करना पड़ा। जुलाई 2023 में Dream11 ने BCCI के साथ तीन साल के लिए ₹358 करोड़ का करार किया था। लेकिन, हाल ही में ‘प्रमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग बिल, 2025’ संसद से पास हो गया है, जिसे 23 अगस्त को राष्ट्रपति की मंजूरी भी मिल गई। इस बिल में साफ-साफ कहा गया है कि ऑनलाइन मनी गेमिंग, जिससे वित्तीय धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गैरकानूनी गतिविधियां हो सकती हैं, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। इस कानून के आते ही Dream11 ने अपने सभी पेड कॉन्टेस्ट बंद कर दिए है। यही वजह है कि कंपनी ने BCCI के साथ अपना करार भी खत्म कर दिया। Dream11 के जाने के बाद BCCI अब एक नए मुख्य स्पॉन्सर की तलाश में जुट गया है।”

अधिक जानकारी के लिए हमने स्पोर्ट्स एनालिस्ट, जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। बीसीसीआई ने भी ऐसा कोई ऐलान नहीं किया है। वो फिलहाल स्पॉन्सर की तलाश में हैं।
अंत में हमने एआई की मदद से बनी फोटो को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 63 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को पटना का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि भारतीय जर्सी पर छपी विमल पान मसाले की तस्वीर एआई निर्मित है। फिलहाल बीसीसीआई की ओर से स्पॉन्सरशिप को लेकर कोई ऐलान नहीं किया गया है।
- Claim Review : भारतीय क्रिकेट टीम की नई जर्सी की तस्वीर।
- Claimed By : FB User Sameer Roy
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












