Fact Check : बिहार के भागलपुर में श्रद्धालुओं के गहरे पानी में चले जाने का वीडियो वैष्णो देवी मंदिर का बताया जा रहा
माता वैष्णो देवी मंदिर के यात्रा मार्ग पर 26 अगस्त को भूस्खलन की वजह से 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। उसके बाद से वहां यात्रा स्थगित है। वैष्णो देवी मंदिर के नाम से पानी में फंसे लोगों का वायरल वीडियो बिहार के भागलपुर का है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Sep 2, 2025 at 03:12 PM
- Updated: Sep 3, 2025 at 11:38 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारी बारिश के कारण देश के कई हिस्सों में बाढ़ के हालात हैं। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड की वजह से 30 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। अब वैष्णो देवी मंदिर से जोड़कर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कई श्रद्धालुओं को परेशान हाल में पानी में फंसे हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि वैष्णो देवी मंदिर में हर जगह पानी आ गया है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो बिहार के भागलपुर का है। वहां एसएम कॉलेज घाट पर स्नान करने और जल भरने के दौरान कई श्रद्धालु गहरे पानी में चले गए, जिसके बाद स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) ने कुछ महिलाओं और बच्चों को डूबने से बचाया।
वायरल पोस्ट
इंस्टा यूजर bro_rana ने 30 अगस्त को वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “वैष्णो देवी में हर जगह पानी पानी”

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। इंस्टा यूजर _mantosh._yadav__001 ने 13 अगस्त को इस वीडियो का लंबा वर्जन अपलोड किया है। इसमें इसे भागलपुर का बताया गया है।

वीडियो में बचाव दल की एक सदस्य के टीशर्ट पर SDRF Bihar लिखा हुआ है। इससे साफ होता है कि यह स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स, बिहार की सदस्य हैं।

इंस्टा यूजर pradeep_shah_shivaay7398 ने 21 अगस्त को इस घटना का बड़ा वीडियो पोस्ट किया है। इसमें वायरल क्लिप को भी देखा जा सकता है। पोस्ट में इसे 3 अगस्त को भागलपुर के एसएम कॉलेज घाट पर मची अफरा-तफरी का बताया। पोस्ट के अनुसार, इस घटना में दो दर्जन से अधिक महिलाओं को बचाया गया है।

हिन्दुस्तान की वेबसाइट पर 4 अगस्त को छपी खबर के अनुसार, 3 अगस्त को एसएम कॉलेज घाट पर स्नान करने और जल भरने के दौरान महिलाएं और बच्चे गहरे पानी में चले गए। एसडीआरएफ की टीम ने उन्हें बचाया।

28 अगस्त को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर में लिखा है कि वैष्णो देवी मंदिर के यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन में 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। वहीं, हादसे में करीब 22 श्रद्धालु घायल हुए हैं। इस घटना के बाद से मां वैष्णो देवी की यात्रा स्थगित कर दी गई है।

दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 2 सितंबर को छपी खबर के अनुसार, 26 अगस्त को यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन के बाद करीब 500 श्रद्धालु कटरा में फंसे हुए हैं। जम्मू-कश्मीर में मौसम खराब होने के कारण 2 सितंबर को भी सातवें दिन वैष्णो देवी यात्रा स्थगित रही।

इस बारे में जम्मू के वरिष्ठ संवाददाता अंचल सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो वैष्णो देवी मंदिर का नहीं है। वहां अभी यात्रा स्थगित चल रही है।
बिहार के वीडियो को वैष्णो देवी का बताने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 349 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: माता वैष्णो देवी मंदिर के यात्रा मार्ग पर 26 अगस्त को भूस्खलन की वजह से 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। उसके बाद से वहां यात्रा स्थगित है। वैष्णो देवी मंदिर के नाम से पानी में फंसे लोगों का वायरल वीडियो बिहार के भागलपुर का है।
- Claim Review : वैष्णो देवी मंदिर में पानी में फंसे श्रद्धालु।
- Claimed By : Insa User- bro_rana
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












