Fact Check: पंजाब और हरियाणा में आई बाढ़ की नहीं है यह तस्वीर, भ्रामक दावे से की जा रही शेयर
बाढ़ की वायरल तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। तस्वीर हाल-फिलहाल का नहीं है, बल्कि साल 2017 में बिहार में आई बाढ़ की है। पुरानी तस्वीर को भ्रामक दावे के साथ हालिया पंजाब और हरियाणा के हालातों से जोड़ते हुए शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 4, 2025 at 05:55 PM
- Updated: Sep 4, 2025 at 05:58 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बाढ़ के पानी में फंसे एक शख्स की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में देखा जा सकता है कि एक आदमी के गर्दन तक पानी भरा हुआ है। एक हाथ से उसने नाव पर रखे अनाज को पकड़ा हुआ है और दूसरे हाथ में डंडे को पकड़ा हुआ है। इस तस्वीर को पंजाब और हरियाणा में आई बाढ़ का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। तस्वीर हाल-फिलहाल का नहीं है, बल्कि साल 2017 में बिहार में आई बाढ़ की है। पुरानी तस्वीर को भ्रामक दावे के साथ हालिया पंजाब और हरियाणा के हालातों से जोड़ते हुए शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Kisan Ekta Zindabad’ ने 30 अगस्त 2025 वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “सैटलाइट से सिर्फ धुंआ दिखता है..तबाह होती हरियाणा की फसल , और डूबता पंजाब नहीं दिखता..वाहेगुरु मेहर करी।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर ‘इंडिया टीवी’ की वेबसाइट की एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट को 17 अगस्त 2017 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, वायरल तस्वीर बिहार में आई बाढ़ की है। रिपोर्ट में बाढ़ से मिलती-जुलती अन्य तस्वीरें मौजूद हैं।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कई न्यूज रिपोर्ट्स लाइव मिंट, द हिंदू और एनडीटीवी की वेबसाइट्स पर मिली। इन रिपोर्ट्स को अगस्त 2017 में प्रकाशित किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल तस्वीर बिहार के अररिया जिले में आई बाढ़ की है। बिहार के 19 जिलों में आई बाढ़ के कारण करीब दो करोड़ लोग प्रभावित हुए थे। बाढ़ के कारण 500 से ज्यादा लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी।
हमें जांच के दौरान अन्य न्यूज रिपोर्ट में यह तस्वीर इसी जानकारी के साथ प्रकाशित मिली। इमेज स्टॉक वेबसाइट Alamy पर भी इस बाढ़ से प्रभावित हुए लोगों की तस्वीरें मौजूद हैं।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि तस्वीर काफी पुरानी है।
अंत में हमने फोटो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 40 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बाढ़ की वायरल तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। तस्वीर हाल-फिलहाल का नहीं है, बल्कि साल 2017 में बिहार में आई बाढ़ की है। पुरानी तस्वीर को भ्रामक दावे के साथ हालिया पंजाब और हरियाणा के हालातों से जोड़ते हुए शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : पंजाब और हरियाणा में आई बाढ़ की तस्वीर।
- Claimed By : FB User Kisan Ekta Zindabad
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












