Fact Check: पानी में चलती ट्रेन का वीडियो पुराना, भ्रामक दावे से हुआ वायरल
पानी में चलती ट्रेन के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2018 का है और मुंबई का है। पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 8, 2025 at 03:22 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारी बारिश के कारण देश के कई हिस्सों में आई बाढ़ से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर पानी में चलती ट्रेन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को देश के कई हिस्सों में आई बाढ़ से जोड़ते हुए हाल का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2018 का है और मुंबई का है। पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘Sanjay Dubey’ ने 7 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “पानी में डूबी पटरियों पर ट्रेन का संचालन यात्रियों की जान से खिलवाड़ है। रेलवे प्रशासन को तुरंत संज्ञान लेकर ऐसी स्थिति में ट्रेन रोकनी चाहिए। सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना सरकार और रेलवे की पहली जिम्मेदारी है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Raj Kumar’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो 13 जुलाई 2018 को शेयर हुआ मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो मुंबई में नालासोपारा और वसई रोड के बीच रेलवे ट्रैक पर भरे पानी का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च किया। हमें वीडियो इसी जानकारी के साथ Vasai Devipujak Samaj नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 18 जुलाई 2018 को शेयर किया गया था।
जांच के दौरान हमें दावे से जुड़ी न्यूज रिपोर्ट्स टाइम्स ऑफ इंडिया और एनडीटीवी की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट्स को 12 जुलाई 2018 को प्रकाशित किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, मुंबई में लगातार होती बारिश के कारण स्थानीय ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई थी। इसका सबसे ज्यादा असर पश्चिमी लाइन पर देखने को मिला था। पश्चिमी लाइन पर चलने वाली लोकल ट्रेनों को नालासोपारा और विरार स्टेशनों के बीच रद्द कर दिया गया था।

अधिक जानकारी के लिए हमने मिड-डे के सीनियर रिपोर्टर समीउल्लाह खान से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को पुराना बताया है।
अमर उजाला की वेबसाइट पर 5 सितंबर 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “पंजाब में बाढ़ की वजह से अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। 23 जिलों के 1902 से अधिक गांव पानी की चपेट में हैं, जिससे 3.84 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लापता हैं। जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले में भूस्खलन में पांच लोग घायल हो गए। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में पांच जगहों पर भूस्खलन के कारण यातायात बुरी तरह बाधित हो गया। मौसम विभाग ने गुजरात के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।”
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब नौ हजार लोग फॉलो करते हैं। प्रोफाइल पर यूजर ने खुद को मध्य प्रदेश का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पानी में चलती ट्रेन के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2018 का है और मुंबई का है। पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : बारिश के बाद मुंबई में पानी में चलती ट्रेन का वीडियो।
- Claimed By : FB User Sanjay Dubey
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












