Fact Check: अखिलेश यादव और सुखजिंदर सिंह रंधावा की मुलाकात का वीडियो पंजाब बाढ़ से संबंधित नहीं
अखिलेश यादव और सुखजिंदर सिंह रंधावा की मुलाकात का यह वीडियो करीब एक माह पुराना है। इस वीडियो का पंजाब में आई बाढ़ से कोई संबंध नहीं है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Sep 9, 2025 at 04:29 PM
- Updated: Sep 9, 2025 at 05:07 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पंजाब के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इससे जानमाल को काफी नुकसान हो चुका है। वहां राहत एवं बचाव का कार्य चल रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव और पंजाब के गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसके साथ में बाढ़ का एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि अखिलेश बाढ़ पीड़ितों का हाल लेने के लिए पंजाब पहुंचे हैं।
विश्वास न्यूज ने वीडियो की जांच की तो पता चला कि करीब एक माह पहले रंधावा ने अखिलेश यादव से उनके आवास पर मुलाकात की थी। इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर के बाद होने वाले भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर दोनों के बीच बात हुई थी। दरअसल, पंजाब से सांसद और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी रंधावा भारत-पाकिस्तान मैच का विरोध कर रहे हैं।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर rohit_yadav_2501 ने 6 सितंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “अखिलेश भैया जी पहुंच गए पंजाब मदद करने“

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। न्यूज 18 पंजाब के यूट्यूब चैनल पर 8 अगस्त को इस वीडियो को पोस्ट किया गया है। इसमें लिखा है, क्या सुखजिंदर रंधावा भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच देखने जाएंगे? वीडियो में अखिलेश रंधावा से पूछते हैं, यह क्रिकेट मैच देखने जाएंगे आप या नहीं जाएंगे? इस पर रंधावा ने कहा, “मेरे ऊपर तो पाकिस्तान से ड्रोन आते हैं, तो मैं उनका क्रिकेट मैच कैसे देख पाऊंगा।”
यूट्यूब चैनल livingindianewspunjab पर भी इस वीडियो को भारत-पाकिस्तान मैच से जोड़कर पोस्ट किया गया है।
8 अगस्त को जी दिल्ली एनसीआर हरियाणा के यूट्यूब चैनल पर वायरल क्लिप का बड़ा वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें जानकारी दी गई है कि रंधावा अखिलेश के आवास पर पहुंंचे।
रंधावा के एक्स हैंडल से 7 अगस्त को वीडियो पोस्ट किया गया है। इसके साथ में लिखा है, “जहां पंजाब के लोगों ने भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान ड्रोन और मिसाइलों की भयावहता झेली है, वहीं बीसीसीआई का पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने के लिए राजी होना बेहद शर्मनाक है। उनके साथ खेलकर हम अप्रत्यक्ष रूप से उन लोगों को फंड कर रहे हैं, जो हमारे देश के लिए खून बहा रहे हैं। कोई भी सच्चा देशभक्त यह मैच नहीं देखेगा। भारत अपने सशस्त्र बलों के साथ खड़ा है। हमें अपने सैनिकों के बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए।”
इससे साफ हो गया कि अखिलेश और रंधावा के वीडियो का पंजाब बाढ़ से कोई संबंध नहीं है।
इसके बाद हमने वायरल क्लिप के साथ शेयर किए गए वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। 26 अगस्त को हिन्दुस्तान टाइम्स की वेबसाइट पर छपी खबर में यह कीफ्रेम अपलोड है। कैप्शन के अनुसार, कपूरथला में ब्यास नदी के पानी में डूबने के बाद ग्रामीण अपने मवेशियों के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर जाते हुए।

हमने अखिलेश यादव के पंजाब बाढ़ का हाल लेने जाने के बारे में गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
इस बारे में दैनिक जागरण चंडीगढ़ के मुख्य संवाददाता राजेश ढल का कहना है कि अखिलेश हाल-फिलहाल में पंजाब नहीं आए हैं।
8 सितंबर को आजतक की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, पंजाब में आई भीषण बाढ़ को करीब 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी भी कुछ परिवार राहत शिविर तक नहीं पहुंच पाए हैं।

9 सितंबर को एबीपी न्यूज की वेबसाइट पर पीटीआई के हवाले से खबर छपी है कि राज्य में बाढ़ से अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 1.84 लाख हेक्टेयर फसल तबाह हो चुकी है।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं और उसके चार हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: अखिलेश यादव और सुखजिंदर सिंह रंधावा की मुलाकात का यह वीडियो करीब एक माह पुराना है। इस वीडियो का पंजाब में आई बाढ़ से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : अखिलेश बाढ़ पीड़ितों का हाल लेने के लिए पंजाब पहुंचे हैं।
- Claimed By : Insta User- rohit_yadav_2501
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












