X
X

Fact Check : चलती ट्रेन से युवक को धक्‍का देने की घटना पुरानी, वीडियो अब वायरल

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। बहस के दौरान ट्रेन  से युवक को गिराने का यह मामला हालिया नहीं है। यह वीडियो पश्चिम बंगाल का अक्टूबर 2022 का है। उस वक्त इस मामले में गिरफ्तारी भी हुई थी। वहीं , गिरने वाले शख्स को गंभीर चोटें आई थीं।  

  • By: Umam Noor
  • Published: Sep 23, 2025 at 05:02 PM
  • Updated: Sep 23, 2025 at 05:04 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दो लोगों को ट्रेन के अंदर आपस में बहस करते हुए देखा जा सकता है। वहीं, कहासुनी के बाद ट्रेन में यात्रा कर रहा एक शख्स दूसरे यात्री को चलती ट्रेन से बाहर धक्का दे देता है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह मामला हालिया रोज सामने आया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। बहस के दौरान ट्रेन  से युवक को गिराने का यह मामला हालिया नहीं है। यह वीडियो पश्चिम बंगाल का अक्टूबर 2022 का है। उस वक्त इस मामले में गिरफ्तारी भी हुई थी। वहीं , गिरने वाले शख्स को गंभीर चोटें आई थीं।  

 क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर ‘पीके सिहाग’ ने 13 सितंबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “एक युवक को चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया, बाद में किया प्रणाम !!वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों लोगों के बीच कुछ कहासुनी हो रही है बाद में एक आदमी में दूसरे को चलती ट्रेन से बाहर धक्का दे देता है।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स निकले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च में हमें दैनिक जागरण डिजिटल की 18 अक्टूबर 2022 की खबर मिली। जानकारी के अनुसार, “पश्चिम बंगाल के बीरभूम में एक युवक को चलती ट्रेन से फेंकने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद ट्रेन में यात्रा कर रहे एक शख्स ने दूसरे यात्री को चलती ट्रेन से बाहर धक्का दे दिया। इस घटना में यात्री बुरी तरह जख्मी हो गया।  पुलिस ने धक्का देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।”

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें 18 अक्टूबर 2022 की एनडीटीवी की खबर मिली। जानकारी के अनुसार, ” पश्चिम बंगाल के बीरभूम में युवक को चलती ट्रेन से फेंकने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो में दिख रहा है कि दोनों पहले किसी बात पर बहस कर रहे हैं। इसके बाद दोनों उठकर ट्रेन के दरवाजे के पास चले जाते हैं। देखते-देखते मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है। इसी बीच दोनों में से एक व्यक्ति को गुस्सा आ जाता है और वह झगड़ा कर रहे दूसरे व्यक्ति को चलती ट्रेन से बाहर धक्का दे देता है। फिर अपनी सीट पर आकर बैठ जाता है।”

टाइम्स ऑफ़ इंडिया की 16 अक्टूबर की खबर के मुताबिक, यह घटना शनिवार को बीरभूम जिले के तारापीठ रोड और रामपुरहाट रेल स्टेशन के बीच हुई। पुलिस ने बताया कि घायल युवक की पहचान सजल शेख के तौर पर हुई है। रेलवे पुलिस को सजल लहूलुहान हालत में ट्रैक पर मिला था और उसे रामपुरहाट गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में उसे भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

वायरल पोस्ट से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे साथी दैनिक जागरण में कोलकाता के सीनियर रिपोर्टर विशाल श्रेष्ठ से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “यह मामला कई  साल पुराना है।”

अब बारी थी भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर पाइक सिहाग को 16 हजार लोग फॉलो करते हैं। वहीं, यूजर की प्रोफाइल बायो के अनुसार, वह हरियाणा के रहने वाले हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। बहस के दौरान ट्रेन  से युवक को गिराने का यह मामला हालिया नहीं है। यह वीडियो पश्चिम बंगाल का अक्टूबर 2022 का है। उस वक्त इस मामले में गिरफ्तारी भी हुई थी। वहीं , गिरने वाले शख्स को गंभीर चोटें आई थीं।  

  • Claim Review : चलती ट्रेन से युवक के गिराए जाने का यह मामला हालिया है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर 'पीके सिहाग'
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later